श्रेयस अय्यर अगले महीने इंग्लैंड में पहली बार भारत के पूर्णकालिक टी20 कोच के रूप में कमान संभालेंगे और पंजाब किंग्स में उनके साथी खिलाड़ी वैशाख विजयकुमार का कहना है कि मुंबई के इस क्रिकेटर की लोगों के प्रबंधन की बेहतरीन क्षमता उनके काम आएगी।
इस महीने की शुरुआत में अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने सूर्यकुमार यादव की जगह अय्यर को टी20 टीम की कमान सौंपने का फैसला किया था।
वैशाख ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जिस तरह से वह सभी के साथ एक जैसा व्यवहार करते हैं वह सबसे बड़ी बात है क्योंकि जाहिर है कि युवा खिलाड़ी काफी दबाव में होंगे। इसलिए आप उन्हें कैसे संभालते हैं और उनसे कैसे बात करते हैं इससे बहुत फर्क पड़ता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आईपीएल एक मुश्किल प्रतियोगिता है और आप जानते हैं कि भारतीय खिलाड़ी ही आपके लिए टूर्नामेंट जीतेंगे। इसलिए जिस तरह से उन्होंने सभी भारतीय खिलाड़ियों और घरेलू खिलाड़ियों को संभाला वह सुकून देने वाला था और इससे मुझे और सभी को बहुत कुछ सीखने को मिला। यही उन्हें एक अच्छा नेतृत्वकर्ता बनाता है।’’
Published: undefined
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए तैयारी जारी है और इसे सार्वजनिक रूप से साझा नहीं किया जा सकता है।
सैकिया ने पीटीआई को दिए गए विशेष साक्षात्कार में व्यक्तिगत खिलाड़ियों और टीम में उनके भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर किसी भी तरह की चर्चा करने से इनकार कर दिया।
अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को लेकर जब भी कोई चर्चा होती है तो दो दिग्गज खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम पर सबसे अधिक चर्चा होती है। सैकिया ने हालांकि कहा कि ‘बोर्ड रूम में होने वाली रणनीतिक चर्चाएं’ अंदर तक ही सीमित रहनी चाहिए।
कोहली और रोहित वनडे विश्व कप में खेलने के लिए प्रतिबद्ध हैं लेकिन चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इस बात पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी है कि क्या टीम में इन दोनों दिग्गजों को जगह मिलेगी या नहीं।
सैकिया से जब पूछा गया कि क्या बीसीसीआई ने इस मामले पर आपस में किसी तरह की चर्चा की है तो उन्होंने कहा कि सभी हितधारक अपने विचारों पर सहमत हैं जो सतत चलने वाली प्रक्रिया के लिए जरूरी है।
Published: undefined
भारत के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि अगर युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सबसे लंबे प्रारूप में अपनी क्षमता के मुताबिक खेलते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में नई जान फूंक सकते हैं। उन्होंने साथ ही प्रशंसकों और विशेषज्ञों से इस युवा खिलाड़ी के प्रदर्शन का बहुत अधिक विश्लेषण नहीं करने की अपील की।
आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है। इस युवा खिलाड़ी को आयरलैंड और इंग्लैंड के सात मैच के दौरे के लिए चुना गया है। इस दौरे में आयरलैंड के खिलाफ दो और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच खेले जाएंगे जिनकी शुरुआत 26 जून को बेलफास्ट में होगी।
श्रीकांत ने कहा कि 15 साल के इस खिलाड़ी में दर्शकों को आकर्षित करने की अनोखी क्षमता है और उन्हें उम्मीदों का बोझ डाले बिना स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ने देना चाहिए।
श्रीकांत ने बृहस्पतिवार को यहां अपने घर पर पीटीआई से कहा, ‘‘वैभव सूर्यवंशी के बारे में मुझे जो बात पसंद है वह यह है कि उसमें रन बनाने और दबदबा बनाने की जबरदस्त इच्छाशक्ति है। साथ ही वह क्रीज पर टिककर भी खेल सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वह टी20 क्रिकेट से आगे बढ़कर एकदिवसीय और फिर टेस्ट क्रिकेट तक पहुंचता है और अगर वह टेस्ट क्रिकेट में सफल होता है- जो कि वह होगा ही- तो मुझे यकीन है कि आप टेस्ट क्रिकेट में नई जान आते हुए देखेंगे।’’
श्रीकांत ने कहा, ‘‘आज आपको ऐसे ही क्रिकेटर की जरूरत है। लोग सिर्फ सूर्यवंशी को देखने के लिए टीवी चालू करते हैं। मैं भी सूर्यवंशी को देखने के लिए टीवी चालू करता हूं। उसने अपने आस-पास ऐसा ही माहौल बनाया है। और वह वाकई कमाल का खिलाड़ी है।’’
Published: undefined
अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले से पहले हर्षित राणा को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। हर्षित ने अपना रिहैब पूरा कर लिया है और वह चेन्नई में टीम से जुड़ेंगे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हर्षित को तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम में शामिल किए जाने की जानकारी दी है। बीसीसीआई ने बताया कि हर्षित ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में अपना रिहैब पूरा कर लिया है और वह अब पूरी तरह से फिट हैं। हर्षित को आयरलैंड-इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टी20 टीम में भी शामिल किया गया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 170 रनों से रौंदा। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने स्कोरबोर्ड पर 402 रन लगाए। भारतीय टीम की ओर से शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 110 गेंदों में 154 रनों की लाजवाब पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 79 गेंदों में 125 रन बनाए।
Published: undefined
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले अमेरिका के लिए स्टार खिलाड़ी क्रिश्चियन पुलिसिक की फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है। अमेरिका के मुख्य कोच मौरिसियो पोचेटिनो ने माना है कि पुलिसिक की उपलब्धता अभी कन्फर्म नहीं है और उनकी स्थिति पर मेडिकल टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
कोच मौरिसियो ने कहा कि पुलिसिक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिलेक्शन के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं, इस पर आखिरी फैसला मेडिकल टीम से मिलने के बाद लिया जाएगा। पुलिसिक ने पैराग्वे के खिलाफ ग्रुप स्टेज के पहले मैच में हिस्सा लिया था, जिसमें अमेरिका ने 4-1 से शानदार जीत दर्ज की थी। हालांकि, वह हाफ टाइम के बाद मैदान से बाहर चले गए थे और उनकी जगह मिडफील्डर सेबेस्टियन बरहाल्टर को उतारा गया था।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोचेटिनो ने कहा कि वह अपने मेडिकल स्टाफ से मिलेंगे और शाम को बाद में कोई न कोई फैसला लेंगे। पोचेटिनो ने पत्रकारों से कहा, "शुक्रवार की रात हमारी मेडिकल स्टाफ के साथ मीटिंग है। हम पूरे ग्रुप को देखेंगे। क्रिश्चियन मजबूत है, उनकी सोच बहुत अच्छी है। वह बेहतर हो रहे हैं और उनकी स्थिति पहले से काफी अच्छी है। अगर वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं खेलते हैं, तो वह अगले मैच के लिए जरूर उपलब्ध हो जाएंगे।"
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined