खेल

खेल: एशियाई खेलों से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका और लालबागचा राजा का दर्शन करने पहुंचे सूर्यकुमार यादव

अनुभवी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती बाजू में खिंचाव के कारण एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं। मुंबई के लालबागचा राजा का दर्शन करने के बाद सूर्यकुमार यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "यहां आकर अच्छा लग रहा है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

वरुण चक्रवर्ती चोटिल होने के कारण एशियाई खेलों से बाहर, विपराज लेंगे जगह

अनुभवी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती बाजू में खिंचाव के कारण एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह लेग स्पिन ऑलराउंडर विपराज निगम को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

एशियाई खेल 19 सितंबर को जापान के आइची-नागोया में शुरू होंगे।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘वरुण अनिश्चितकाल के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। विपराज निगम और कुलदीप यादव के रूप में हमारे पास दो विकल्प थे। कुलदीप इस महीने के आखिर में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला खेलेंगे।’’

चक्रवर्ती अफगानिस्तान के खिलाफ चल रही टी20 श्रृंखला के पहले मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। उन्हें पूर्ण फिटनेस हासिल करने में अभी कुछ समय लगने की संभावना है। एशियाई खेलों में पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी। भारत क्वार्टर फाइनल से शुरुआत करेगा।

लालबागचा राजा का दर्शन करने पहुंचे सूर्यकुमार यादव, कहा- यहां हर मनोकामना पूरी होती है

भारतीय क्रिकेट टीम को अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीताने वाले विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव गणपति की भक्ति में सराबोर हैं। बुधवार को सूर्यकुमार यादव मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा पहुंचे और भगवान गणेश की दिव्य प्रतिमा का दर्शन किया और पूजा अर्चना की। सूर्या अपनी पत्नी के साथ गणपति का दर्शन करने पहुंचे थे।

 मुंबई के लालबागचा राजा का दर्शन करने के बाद सूर्यकुमार यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "यहां आकर अच्छा लग रहा है। मैं पिछले 5-6 साल से यहां आ रहा हूं। पिछली बार मैंने देखा कि बहुत से लोग यहां अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए आते हैं। मैंने एक तस्वीर देखी जिसमें किसी ने यहां 2024 के लिए एक नोट लिखा था कि इंडिया 2024 में वर्ल्ड कप जीतेगा। फिर 2025 में भी मैं यहां आया था, और किसी ने लिखा था कि हमारी लीडरशिप में इंडिया 2026 में वर्ल्ड कप जीतेगा। तो, यहां दुआओं की ताकत बहुत ज्यादा है।"

 टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादवल लंबे समय से व्यक्तिगत तौर पर रनों के लिए जूझ रहे थे। इसी वजह से टी20 विश्व कप के बाद उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया। विश्व कप के ठीक बाद उन्होंने टी20 की कप्तानी और टीम में जगह गंवा दी।

मैं रोबोट नहीं हूं लेकिन चयन को लेकर कुढना पसंद नहीं : सैमसन

संजू सैमसन ने कहा कि अपने कैरियर को लेकर बाहरी आवाजों से निपटना उन्होंने सीख लिया है लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि भारतीय टीम में शीर्षक्रम के स्थानों को लेकर प्रतिस्पर्धा चुनौतीपूर्ण है और खिलाड़ियों को चयन से जुड़े फैसलों को लेकर सकारात्मक रहना पड़ता है ।

सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में मंगलवार को 22 गेंद में 57 रन बनाये। भारत ने यह मैच सात विकेट से जीतकर श्रृंखला अपने नाम की ।

सैमसन ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘मैं वाईफाई बंद रखने की कोशिश करता हूं। लेकिन कई बार जब खुल जाता है तो मैं सीनियर खिलाड़ियों के कमेंट देखता हूं। यह सामान्य है। मुझे लगता है कि यह उनकी पसंद है।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ कई बार यह उनकी सोच होती है। यह उन पर निर्भर करता है। वे सकारात्मक बोल सकते हैं या नकारात्मक। मैं इतना परिपक्व हूं और मुझे अनुभव है कि इससे कैसे निपटना है।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ पहले पहल यह बुरा लगता है। मैं कोई मशीन नहीं हूं। कोई रोबोट नहीं हूं। इससे फर्क पड़ता है। लेकिन जब आप खुद से बात करने की कोशिश करते हैं और समझते हैं कि आप क्या है और आपको क्या करना है।’’

अफगानिस्तान का 'सूपड़ा साफ' करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया, वैभव को मिल सकता है मौका

भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला गुरुवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज का अंत 3-0 से करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, अफगानिस्तान की कोशिश जीत के साथ सीरीज का अंत करने पर होगी। 

तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय टीम अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमा सकती है। इसके संकेत कप्तान श्रेयस अय्यर ने दूसरे टी20 में मिली जीत के बाद दिए थे। ऐसे में 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। वैभव संजू सैमसन के स्थान पर टीम में आ सकते हैं। इसके साथ ही तेज गेंदबाज यश ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर को भी टीम मैनेजमेंट मौका दे सकता है।

डब्ल्यूपीएल 2027 का आयोजन 14 जनवरी से सात फरवरी तक

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को बताया कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का पांचवां सत्र 14 जनवरी से सात फरवरी 2027 तक खेला जाएगा और इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगी।

बीसीसीआई ने हालांकि अभी डब्ल्यूपीएल के आयोजन के लिए मेजबान शहरों के नामों का खुलासा नहीं किया है।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘‘महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी टी20 लीग के रूप में टाटा डब्ल्यूपीएल ने इस खेल के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। यह लीग भारत और दुनिया भर की शीर्ष खिलाड़ियों को एक साथ लाने के साथ उभरती प्रतिभाओं को शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने के अवसर भी प्रदान करती है।’’

खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख 28 सितंबर तय की गई है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: ट्रंप के सामने मत झुकिए मोदी जी, खड़े हो जाइये और UPI टैक्स को वापस लीजिए- राहुल गांधी

  • ,
  • एमपी में बदहाल है शिक्षा व्यवस्था: कांग्रेस ने स्कूल छोड़ने की दर और शिक्षकों की खाली पोस्ट को लेकर उठाए सवाल

  • ,
  • सिनेजीवन: 26 सितंबर से लौट रहा 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का सीजन 5 और आलिया भट्ट ने पिता महेश भट्ट को बताया नाटकीय

  • ,
  • ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी रक्षा सचिव हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश, रिपब्लिकन सांसद ने लगाए गंभीर आरोप

  • ,
  • मक्का पर हमले की कोशिश से भड़का सऊदी अरब, हूती विद्रोहियों को दी चेतावनी, कहा- 'यह हमारी लक्ष्मण रेखा है'