खेल

खेल: 'द हंड्रेड' में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की नीलामी का मुद्दा और रिंकू सिंह को लेकर आया बड़ा अपडेट

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) द्वारा संचालित 'द हंड्रेड' से जुड़ी एक खबर ने पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल ला दिया था। टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रिंकू सिंह की उपलब्धता पर बड़ा बयान दिया है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

'द हंड्रेड' में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की नीलामी का मुद्दा, ईसीबी ने तोड़ी चुप्पी

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) द्वारा संचालित 'द हंड्रेड' से जुड़ी एक खबर ने पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल ला दिया था। खबर यह थी कि द हंड्रेड में भारतीय स्वामित्व वाली टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नीलामी में नहीं खरीदेंगी। ईसीबी ने इन खबरों पर चुप्पी तोड़ी है।

ईसीबी और द हंड्रेड की आठ फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को एक संयुक्त बयान जारी करते हुए उन अफवाहों को बेबुनियाद बताया जिसके मुताबिक चार भारतीय टीम अगले महीने होने वाली नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नजरअंदाज कर सकती हैं।

बोर्ड ने कहा कि भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं है। ऐसी किसी भी काम को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ईसीबी और सभी आठ फ्रेंचाइजी मालिकों द्वारा जारी संयुक्त बयान में कहा गया, "द हंड्रेड को नए दर्शकों तक पहुंचने, क्रिकेट के खेल को बढ़ाने और यह पक्का करने के लिए शुरू किया गया था कि हर कोई—चाहे वह किसी भी जाति, लिंग, धर्म, राष्ट्रीयता या किसी और चीज का हो—महसूस करे कि वह हमारे खेल का हिस्सा है। खिलाड़ियों को राष्ट्रीयता के आधार पर बाहर नहीं किया जाना चाहिए। टूर्नामेंट चलाने के लिए जिम्मेदार गवर्निंग बॉडी के तौर पर, ईसीबी यह पक्का करने के लिए प्रतिबद्ध है कि भेदभाव की कोई जगह न हो और ऐसे किसी भी बर्ताव के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई करने के लिए नियम हैं।"

बयान में आगे कहा गया, "सभी आठ टीमें सिर्फ क्रिकेटिंग प्रदर्शन, उपलब्धता और हर टीम की जरूरतों के आधार पर चयन के लिए प्रतिबद्ध है।"

Published: undefined

रणजी ट्रॉफी फाइनल: जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने कर्नाटक के खिलाड़ी को मारा धक्का, सामने आई वजह

कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मुकाबला हुबली के डी.आर. बेंद्रे क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन सुबह-सुबह जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने अपना आपा खो दिया और कर्नाटक के एक क्षेत्ररक्षक को सिर से टक्कर मार दी। इस घटना के बाद विवाद की स्थिति पैदा हो गई।

घटना जम्मू-कश्मीर की पारी के 101वें ओवर में हुई, जब डोगरा और कन्हैया वधावन बल्लेबाजी कर रहे थे। प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर डोगरा ने किनारा करके चौका मारा, जिसके बाद डोगरा और फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर खड़े फील्डर केवी अनीश के बीच कुछ कहासुनी हुई। डोगरा सीधे अनीश पर झपटे और उनको सिर से मारा। बाद में मयंक अग्रवाल ने बीच-बचाव किया।

इसकी वजह केवी अनीश द्वारा लगातार भड़काऊ शब्दों को बताया जा रहा है। लंबे समय तक भड़काऊ शब्द सुनने के बाद डोगरा अपना आपा खो बैठे और हमलावर हो गए।

बाद में अंपायरों ने बीच-बचाव किया। ओवर के बाद, डोगरा ने माफी मांगी। हालांकि, अनीश माफ करने के लिए तैयार नहीं थे। इससे पहले, पहले दिन, वैशाक विजयकुमार की एक उछलती हुई बाउंसर डोगरा के ग्लव पर लगी, जिससे उन्हें पहले दिन 48 गेंदों पर 9 रन बनाकर रिटायर हर्ट होना पड़ा था।

Published: undefined

टी20 वर्ल्ड कप: बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बताया रिंकू सिंह टीम इंडिया से कब जुड़ेंगे?

भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 का अपना दूसरा मुकाबला गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में खेलना है। यह मुकाबला बेहद अहम है और सुपर-8 में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को इस मैच में जीत बेहद जरूरी है। मैच से पहले टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रिंकू सिंह की उपलब्धता पर बड़ा बयान दिया है।

सितांशु कोटक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि रिंकू बुधवार शाम तक टीम से जुड़ जाएंगे।

रिंकू सिंह के पिता कैंसर से जूझ रहे हैं और नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को खबर आई थी कि रिंकू अपने पिता की देखभाल के लिए टीम छोड़कर अस्पताल पहुंचे थे।

बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को भारतीय टीम का बेहतरीन फिनिशर माना जाता है। हालांकि, टी20 विश्व कप 2026 में अब तक उनका बल्ला शांत रहा है। वह बड़ी और प्रभावी पारी खेलने में सफल नहीं रहे हैं। रिंकू के टीम में जगह पर भी सवाल उठे हैं। ऐसे में अगर रिंकू जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ उपलब्ध होते हैं, तो उन्हें अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी।

Published: undefined

टी20 वर्ल्ड कप: श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच कांटे की टक्कर, विश्व कप में दोनों टीमों का रिकॉर्ड है दमदार

टी20 विश्व कप 2026 में बुधवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 का बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

सुपर-8 में न्यूजीलैंड का पहला मुकाबला पाकिस्तान से था। यह मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था और कीवी टीम को 1 अंक से संतोष करना पड़ा था। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज कर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल की राह की संभावना को बनाए रखने की कोशिश करेगी।

वहीं, श्रीलंका को सुपर-8 के अपने मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए श्रीलंका के लिए भी इस मैच में जीत दर्ज करना ही एकमात्र विकल्प है।

श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच कड़ी टक्कर होने की संभावना है।

श्रीलंका में खेले जा रहे मैचों पर बारिश का असर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक श्रीलंका-न्यूजीलैंड मैच के दौरान भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। बारिश खलल डाल सकती है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है।

Published: undefined

बांग्लादेश अगस्त 2026 में ऑस्ट्रेलिया में 2 टेस्ट खेलेगी, वेन्यू की हुई घोषणा

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए अगस्त 2026 बेहद अहम रहने वाला है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश अगस्त में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। 2003 के बाद यह पहला मौका होगा जब बांग्लादेश ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेलेगी।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले दोनों टेस्ट मैचों के लिए वेन्यू की घोषणा कर दी है। दोनों टेस्ट नई जगहों पर खेले जाएंगे। मैच डार्विन के मारारा स्टेडियम और मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले जाएंगे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा, "हम उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट क्रिकेट लाकर बहुत खुश हैं। बांग्लादेश के खिलाफ एक शानदार टेस्ट सीरीज का हम इंतजार कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "हम खुशकिस्मत हैं कि अगस्त में वर्ल्ड क्लास सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जिससे यह पक्का होगा कि गर्मियों के अलावा हमारे पास टेस्ट क्रिकेट के लिए एक और मौका है।"

2004 के बाद डार्विन में पहला टेस्ट (13 से 17 अगस्त) खेला जाएगा। श्रीलंका ने वहां अपने दो टेस्ट मैचों में से पहला खेला था। बांग्लादेश भी डार्विन में 2003 में एक टेस्ट खेल चुकी है। ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में दूसरा टेस्ट (22 से 26 अगस्त) खेला जाएगा। इस वेन्यू का यह पहला टेस्ट करेगा। इस स्टेडियम में पुरुषों के सिर्फ वनडे मैच खेले गए हैं। वहीं महिला टीम के 3 वनडे और 2 टी20 आयोजित किए गए हैं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined

  • बड़ी खबर LIVE: ‘न्यायपालिका में भ्रष्टाचार’ चैप्टर वाली NCERT किताब की बिक्री पर रोक, नाराज CJI ने कहा था- बदनाम करने..

  • ,
  • टाटा संस के निदेशक मंडल ने चंद्रशेखरन को तीसरा कार्यकाल देने पर फैसला टाला, नोएल टाटा ने रखी कुछ शर्तें

  • ,
  • ‘न्यायपालिका में भ्रष्टाचार’ चैप्टर वाली NCERT की किताब की बिक्री पर रोक, चीफ जस्टिस के कड़े रुख के बाद फैसला

  • ,
  • सिनेजीवन: तांत्रिक बन अक्षय कुमार करेंगे भूतों के साथ मस्ती और पूजा भट्ट ने जिंदगी का सबसे खूबसूरत अहसास शेयर किया

  • ,
  • झारखंड के पूर्व CM चंपई सोरेन के पोते की हिमाचल प्रदेश में मौत, दोस्तों के संग गया था घूमने, जांच में खुले कई राज