भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है। वानखेड़े स्टेडियम से भारतीय टीम की कई खट्टी-मीठी यादें जुड़ी हैं। मैच से पहले पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया को आगाह किया है।
जियोहॉटस्टार पर बात करते हुए दिनेश कार्तिक ने कहा, "वानखेड़े में असली फैक्टर है कि दबाव को आप किस तरह से झेलते हैं। अगर आप 20 ओवर तक दबाव नहीं रख सकते, तो जो टोटल आपको काफी लगता था, उसे चेज किया जा सकता है।"
इस दौरान दिनेश कार्तिक ने भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2016 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल को याद किया। यह मुकाबला वानखेड़े में खेला गया था। वेस्टइंडीज ने भारत के दिए 193 के लक्ष्य को हासिल कर लिया था।
कार्तिक ने कहा, "मुंबई में हमेशा से हाई-स्कोरिंग मैच होते हैं। हम सभी को 2016 याद है, कैसे 192 का चेज किया गया था। वह रात इसलिए याद की जाती है क्योंकि यह वानखेड़े की प्रकृति को पूरी तरह से दिखाती है। बड़े टोटल का बचाव नहीं होता, वे न्योता होते हैं अगर चेज करने वाली टीम को बढ़त मिल जाए।"
उन्होंने कहा, "बराबरी के लिए मत खेलो, आराम के लिए मत खेलो, और यह मत सोचो कि स्कोरबोर्ड तुम्हारा बचाव कर देगा। मैं कहूंगा कि भारत को पावरप्ले बहुत सकारात्मक और आक्रामक तरीके से खेलना चाहिए।"
Published: undefined
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रहे सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी गुरुवार को मुंबई में होनी है। अर्जुन की शादी एंटरप्रेन्योर सानिया चंडोक के साथ हो रही है। अर्जुन और सानिया को अपना आशीर्वाद देने के लिए भारत के कई दिग्गज क्रिकेटर समारोह में पहुंच चुके हैं।
शादी समारोह में पहुंचने वाले प्रमुख नामों में पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी, पूर्व कप्तान और हेड कोच राहुल द्रविड़, महान लेग-स्पिनर अनिल कुंबले, दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह, पूर्व क्रिकेटर और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद शामिल हैं।
अर्जुन की शादी की रस्में इस हफ्ते की शुरुआत में कई पारंपरिक रस्मों और सेलिब्रेशन के साथ शुरू हुईं। मुंबई में मेहंदी और संगीत फंक्शन समेत शादी से पहले के इवेंट हुए, जिसमें कई पूर्व और मौजूदा क्रिकेटर शामिल हुए थे। महीनों की तैयारियों और सेलिब्रेशन के बाद गुरुवार को अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर सानिया चंडोक से शादी करने वाले हैं।
कपल ने अगस्त 2025 में एक प्राइवेट सेरेमनी में सगाई की, जिसमें करीबी परिवार के सदस्य और दोस्त शामिल हुए थे।
Published: undefined
दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच शुक्री कॉनराड ने टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली नौ विकेट से हार को ‘चोकर’ (दबाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना) नहीं बल्कि चारों खाने चित होने जैसा बताया।
दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किये जाने के बाद आठ विकेट पर 169 रन ही बना पाई। न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में नौ विकेट से आसानी से जीत हासिल कर ली। उसकी इस जीत में सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने 33 गेंद में नाबाद 100 रन बनाकर टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक बनाया जबकि टिम सीफर्ट ने 33 गेंद पर 58 रन का योगदान दिया।
कॉनराड ने पहले सेमीफाइनल के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि आज रात का मुकाबला चोकर जैसा था या नहीं। मुझे तो लगा कि यह चारों खाने चित होने जैसा था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपने थोड़ी बहुत तो चुनौती पेश की होती लेकिन आज के मैच में ऐसी कोई झलक नहीं दिखाई दी। दक्षिण अफ्रीका में हम इसके लिए एक शब्द ‘मोएर्ड’ (बुरी तरह से हारना) का उपयोग करते हैं।’’
कॉनराड यहीं पर नहीं रुके और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के एक मुहावरे का उपयोग करके अपनी टीम की करारी हार की व्याख्या की।
Published: undefined
खाड़ी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद भी भारत में फंसी जिम्बाब्वे की क्रिकेट टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार स्वदेश रवाना हो गई।
जिम्बाब्वे के लिए यह टी20 विश्व कप यादगार रहा। उसने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर सुपर आठ में जगह बनाई, लेकिन उससे आगे नहीं बढ़ पाया। जिम्बाब्वे की टीम को दो मार्च को स्वदेश रवाना होना था लेकिन एक मार्च को नयी दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका से पांच विकेट से हारने के बाद उसकी टीम यहीं फंस गई थी।
लेकिन आईसीसी ने हस्तक्षेप करते हुए टीम के लिए वैकल्पिक यात्रा योजनाओं की व्यवस्था की जिससे जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों का पहला जत्था आखिरकार बुधवार को स्वदेश रवाना हो गया।
जिम्बाब्वे की टीम को एमिरेट्स की उड़ान से दुबई होकर स्वदेश लौटना था, लेकिन मध्य पूर्व में संकट के कारण खाड़ी क्षेत्र में उड़ानों में व्यवधान के बाद इसे बदलना पड़ा। जिम्बाब्वे की टीम अब इथियोपिया के अदीस अबाबा से होते हुए हरारे पहुंचेगी।
जिम्बाब्वे के साथ-साथ वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम भी इसी कारण से भारत में फंसी हुई है, लेकिन अभी तक उनकी यात्रा योजना के बारे में कोई नयी सूचना नहीं मिली है।
Published: undefined
घर पर अपने बेटे के जन्म का जश्न मनाने से लेकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में निर्णायक अंतिम ओवर फेंकने तक न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने भावनाओं से भरे सप्ताह का समापन किया।
न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हेनरी 27 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड के मैच के बाद अपने बच्चे के जन्म के लिए घर लौट गए थे। वह बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल से कुछ घंटे पहले कोलकाता में टीम में फिर से शामिल हो गए थे।
थका देने वाली यात्रा के बावजूद इस तेज गेंदबाज ने सबसे अहम समय पर शानदार प्रदर्शन किया और 34 रन देकर दो विकेट लिए।
हेनरी ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘बच्चे के जन्म के समय घर पर होना वाकई बहुत खास था। हॉली और जैक दोनों अच्छे हैं। एनाबेल बड़ी बहन बनकर बहुत खुश है। सब ठीक है।’’
अपनी थका देने वाली यात्रा के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘सच कहूं तो जब मैं वापस लौट रहा था तो मैंने रास्ते में खूब नींद ली जो मेरे लिए बहुत जरूरी था। मैं बेटे के जन्म के लिए घर जाना चाहता था लेकिन सेमीफाइनल के लिए वापस लौटकर अच्छा लग रहा है।’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined