खेल

खेल: महिला टीम ने 'मैन इन ब्लू' को दी शुभकामनाएं और T20 WC में पाकिस्तान के बायकॉट पर सूर्यकुमार यादव की दो टूक

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे पहले अपनी शुभकामनाएं दीं। सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘हमारी सोच काफी स्पष्ट है। हमने (पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से) मना नहीं किया है। उन्होंने किया है।"

टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम ने 'मैन इन ब्लू' को शुभकामनाएं दी
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम ने 'मैन इन ब्लू' को शुभकामनाएं दी  

'हम जानते हैं आप ही चैंपियन बनेंगे,' टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम ने 'मैन इन ब्लू' को दी शुभकामनाएं

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम जैसे ही टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों में जुटी है, वैसे ही महिला क्रिकेट टीम की ओर से उन्हें लगातार समर्थन और शुभकामनाएं मिल रही हैं। भारतीय महिला टीम की खिलाड़ियों ने 2025 में आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। महिला टीम अब मेगा इवेंट के लिए पुरुष टीम को दिल से शुभकामनाएं भेज रही हैं। उन्होंने आने वाले टूर्नामेंट में खिताब बचाने के लिए टीम इंडिया को सफलता की कामना की है।

भारतीय पुरुष टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में इस टूर्नामेंट में उतर रही है। टीम ने 2024 का टी20 विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर जीता था। ऐसे में महिला खिलाड़ियों का यह हौसला बढ़ाने वाला संदेश भारतीय क्रिकेट में एकता और आपसी सहयोग को दिखाता है।

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे पहले अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने टीम की काबिलियत पर भरोसा जताते हुए कहा, "टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप के लिए शुभकामनाएं। पूरे दिल से खेलो, मजे करो और हम सब जानते हैं कि आप यह जीतने वाले हो। शुभकामनाएं।"

Published: undefined

टी20 वर्ल्ड कप से पहले सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे कोच गौतम गंभीर, बप्पा से मांगी मन्नत

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है, जिससे पहले गुरुवार को टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। कोच ने बप्पा के दर्शन के साथ भारत के सफल होने की प्रार्थना की।

गौतम गंभीर इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे सीरीज से पहले मध्य प्रदेश के मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे थे। वह इसी सीरीज के बीच में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पर दर्शन के लिए गए। इसके बाद टी20 सीरीज के दौरान उन्होंने कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की थी।

टीम इंडिया इस समय शानदार फॉर्म में है। हाल ही में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम की है। बुधवार को खेले गए वार्म-अप मैच में भी टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में खेला जाना है। टीम इंडिया 7 फरवरी को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। उसका पहला मैच यूएसए से होगा, जिसके बाद टीम इंडिया 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगी।

Published: undefined

उम्मीद नहीं थी इतनी जल्दी मैदान पर वापसी करूंगा : तिलक वर्मा

भारत के ऑलराउंडर तिलक वर्मा हाल ही में चोट से उबरकर राष्ट्रीय टीम में लौटे हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का धन्यवाद किया। तिलक ने कहा कि इन दोनों की मदद से वह उम्मीद से पहले मैदान पर वापसी कर सके।

अपने आस-पास हो रही आक्रामक बल्लेबाजी से प्रेरित होकर उन्होंने कहा कि टीम का माहौल बहुत शानदार था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह और पूरी भारतीय टीम वर्ल्ड कप के लिए खुद को पूरी तरह तैयार महसूस कर रही है।

तिलक ने कहा कि डीवाई पाटिल स्टेडियम में खचाखच भीड़ और उनके नाम के नारे उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने वाले थे, भले ही यह एक वार्म-अप मैच था। भारत ने बुधवार को नवी मुंबई में खेले गए हाई-स्कोरिंग वार्म-अप मैच में दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से हराया और टी 20 वर्ल्ड कप की तैयारी शानदार तरीके से पूरी की।

तिलक ने कहा, “सच कहूं तो मुझे उम्मीद नहीं थी कि मैं इतनी जल्दी मैदान पर लौट पाऊंगा। इसके लिए मैं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और बीसीसीआई का दिल से धन्यवाद करता हूं। वर्ल्ड कप खेलना हमेशा से मेरा सबसे बड़ा सपना रहा है। जब मैं मैदान पर उतरा और लोग ‘तिलक-तिलक’ के नारे लगा रहे थे, तो मुझे इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। इससे मुझे बहुत अच्छा लगा और अंदर जाते समय मेरा जोश और बढ़ गया।

Published: undefined

हम वहां जा रहे हैं: पाकिस्तान के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप मैच पर सूर्यकुमार ने कहा

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप मैच के लिए कोलंबो जाएगी, फिर भले ही पड़ोसी देश ने मैच का बहिष्कार करने की घोषणा क्यों ना की हो।

भारत को 15 फरवरी को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी का सामना करना है लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम को उसकी सरकार ने मैच में हिस्सा नहीं लेने के लिए कहा है क्योंकि ‘सुरक्षा चिंताओं’ के कारण भारत में खेलने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।

सूर्यकुमार ने यहां टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस मीट के दौरान कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उनका फैसला मेरे नियंत्रण में नहीं है। काश मैं उनके फैसले ले पाता लेकिन यह उनका फैसला है। हम एशिया कप में भी खेले थे और हम उनके साथ तीन बार खेले थे।’’

सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘हमारी सोच काफी स्पष्ट है। हमने (पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से) मना नहीं किया है। उन्होंने किया है। आईसीसी ने कार्यक्रम तय किया। हमारी फ्लाइट की टिकट बुक हो गई है और हम वहां (कोलंबो) जा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘टीम में चर्चा हुई है कि हम पहले सात फरवरी को खेल रहे हैं और फिर हम वहां जाएंगे।’’

Published: undefined

अगर भारत दूसरे देश में खेलने से मना करता है तो क्या आईसीसी उसे बाहर कर देगा: हुसैन

 इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने विश्व क्रिकेट में निरंतरता की मांग करते हुए बांग्लादेश के टी20 विश्व कप से बाहर करने के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के फैसले पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर भारत इतने कम समय के नोटिस में किसी देश में खेलने से इनकार कर देता तो क्या संचालन संस्था इतनी ही सख्ती बरतती।

आईसीसी ने बांग्लादेश के सुरक्षा मुद्दों के कारण भारत में खेलने से इनकार करने के बाद टी20 विश्व कप में उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर दिया।

हुसैन ने ‘स्काई स्पोर्ट्स क्रिकेट पॉडकास्ट’ पर पूछा, ‘‘अगर भारत टूर्नामेंट से एक महीने पहले कहता कि हमारी सरकार हमें विश्व कप के लिए एक देश में नहीं खेलने देना चाहती तो क्या आईसीसी इतना ही सख्त रहता और कहता, ‘आप नियम जानते हैं, हम तुम्हें टूर्नामेंट से बाहर कर रहे हैं? ’’

सत्तावन वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने नियमों के समान रूप से लागू करने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘सभी टीम सिर्फ एक ही सवाल पूछती हैं और वो है निरंतरता। बांग्लादेश, पाकिस्तान और भारत से एक समान व्यवहार किया जाना चाहिए। भारत में प्रशंसक कह सकते हैं, ‘और रोओ, हमारे पास पैसा है’। लेकिन ताकत के साथ जिम्मेदारी भी साथ आती है। ’’

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined