
वर्ल्ड कप 2019 का फाइनल 14 जुलाई को खेला जाएगा। वहीं आज मैनचेस्टर में सेमीफाइनल के लिए भारत-न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होगा। दूसरी ओर पांच बार का चैंपियन और गत विजेता आस्ट्रेलिया 11 जुलाई को बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ उतरेगा। हर तरफ बाजार गर्म है कि आखिर इस बार का वर्ल्ड कप चैंपियन कौन होगा।
लीग स्टेज में 9 में से सात मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाने वाला भारत सट्टेबाजों की नजर में आईसीसी क्रिकेट विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार बनकर उभरा है। भारत-न्यूजीलैंड के सेमीफाइनल के बीच मैच पर सट्टा लगा हुआ है। टीम इंडिया पर 4.35 और न्यूजीलैंड पर 38 रुपया का भाव लगा है।
दूसरी ओर लैडब्रोक्स और बेटवे जैसी प्रमुख आनलाइन वेबसाइट ने भविष्यवाणी की है कि भारत 14 जुलाई को होने वाले फाइनल में जगह बनाएगा और लार्ड्स में खिताब जीतेगा। लैडब्रोक्स ने भारत की जीत पर 13/8 का भाव दिया है जबकि इसके बाद इंग्लैंड (15/8), आस्ट्रेलिया (11/4) और न्यूजीलैंड (8/1) का नंबर आता है। बेटवे ने भी भारत को तीसरी बार चैंपियन बनने का प्रबल दावेदार बताया है। इसने भारत के लिए 2.8, इंग्लैंड के लिए तीन, आस्ट्रेलिया के लिए 3.8 और न्यूजीलैंड के लिए 9.5 का भाव दिया है।
इतना ही नहीं भारतीय खिलाड़ियों पर सट्टा लगा हुआ है। लैडब्रोक्स के अनुसार भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (8/13), उनके बाद आस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (11/8) और इंग्लैंड के जो रूट (20/1) का नंबर आता है। भारतीय कप्तान कोहली (33/1) भी शीर्ष पांच में शामिल हैं।
गौरतलब है कि अगर कोई 13/8 के भाव पर सट्टा लगाता है तो इसका मतलब है कि उसने जितनी भी राशि दांव पर लगाई है जीतने पर उसकी राशि को 13 से गुणा करके फिर उसमें आठ से भाग दिया जाएगा और फिर जो राशि आएगी वह विजेता को मिलेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 09 Jul 2019, 12:04 PM IST