खेल

खेल: युवराज ने खास अंदाज में दी अभिषेक शर्मा को जन्मदिन की बधाई और दलीप ट्रॉफी के फाइनल में खेलेंगे पडिक्कल और सिराज

युवराज सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए अभिषेक को जन्मदिन की बधाई दी। भारत के इंटरनेशनल खिलाड़ी देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले मे साउथ जोन की तरफ से खेलेंगे।

 युवराज ने खास अंदाज में दी अभिषेक शर्मा को जन्मदिन की बधाई
युवराज ने खास अंदाज में दी अभिषेक शर्मा को जन्मदिन की बधाई फोटोः IANS

'रनों और टनों से भरे साल की शुभकामनाएं', युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा को जन्मदिन की बधाई दी

पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने शुक्रवार को अपने अभिषेक शर्मा को उनके 26वें जन्मदिन पर खास शुभकामनाएं दीं। अभिषेक शर्मा को एक विस्फोटक बल्लेबाज बनाने में युवराज सिंह का मार्गदर्शक के रूप में अहम योगदान रहा है।

 युवराज ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए अभिषेक को जन्मदिन की बधाई दी। युवराज ने लिखा, "सर अभिषेक, यह आपका जन्मदिन है। कितना शुभ दिन है। आप जैसे बन गए हैं, उससे प्यार करें – अपने आस-पास के लोगों के साथ शेयरिंग और केयरिंग, और एक लीडर। हमेशा अपनी नाकामियों से सीखते हैं और हर बार और ज्यादा मेहनत करने को तैयार रहते हैं। आपको रनों और टनों से भरे साल की शुभकामनाएं। हमेशा ढेर सारा प्यार।"

वीडियो में युवराज और अभिषेक से रैश शॉट न खेलने के लिए कहते और उसकी गलतियों के लिए उससे सिट-अप करवाते हुए देखे जा सकते हैं।

युवराज को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "बोल मैं पहली बॉल ते लप्पा नहीं मारूंगा। अभिषेक सिट-अप्स में कान पकड़ते हैं और कहते हैं कि मैं पहली बॉल ते लप्पा नहीं मारूंगा।"

वीडियो में दोनों के बीच करीबी रिश्ते को भी दिखाया गया है, जिसमें युवराज के कुछ हल्के-फुल्के मजाक भी हैं। इसमें युवराज, अभिषेक और संजू सैमसन को स्टैंड से विंबलडन इवेंट में शामिल होते हुए भी दिखाया गया है। साझा वीडियो में युवराज ने अभिषेक से पूछा, "आपको क्या चाहिए?" अभिषेक ने कहा, "आपका आशीर्वाद," इस पर युवराज ने कहा, "हमेशा।"

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से कुसाल मेंडिस और बिनुरा फर्नांडो बाहर, असलांका होंगे श्रीलंका के कप्तान

श्रीलंका के वनडे और टी20 कप्तान कुसल मेंडिस और तेज गेंदबाज बिनुरा फर्नांडो इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। मेंडिस की गैरमौजूदगी में टी20 सीरीज में श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलांका होंगे। श्रीलंका क्रिकेट ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।

श्रीलंका क्रिकेट ने अपने बयान में कहा, "कुसल मेंडिस और बिनुरा फर्नांडो इंग्लैंड के खिलाफ आने वाली टी20 सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे। दोनों खिलाड़ी लंका प्रीमियर लीग 2026 के दौरान लगी चोटों के बाद अभी भी रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।"

मेंडिस, जो इंग्लैंड सीरीज के लिए दोनों व्हाइट-बॉल टीमों के कप्तान थे, लंका प्रीमियर लीग के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। वे टी20 सीरीज नहीं खेल पाएंगे। फर्नांडो पीठ में लगी चोट की वजह से बाहर रहेंगे।

श्रीलंका क्रिकेट ने मेंडिस की जगह शीर्ष क्रम के बल्लेबाज पवन रथनायके को टीम में शामिल किया है, जबकि दिलशान मदुश्का को फर्नांडो की जगह टीम में मौका दिया गया है। 

 पूर्व कप्तान असलांका टी20 सीरीज में कप्तान होंगे। असलांका छह माह बाद टी20 फॉर्मेट में वापसी कर रहे हैं। टी20 विश्व कप 2026 के बाद से वह इस फॉर्मेट में नहीं खेले हैं। 

दलीप ट्रॉफी: फाइनल में साउथ जोन के लिए खेलेंगे पडिक्कल और सिराज

भारत के इंटरनेशनल खिलाड़ी देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले मे साउथ जोन की तरफ से खेलेंगे। खिताबी मुकाबले में साउथ जोन की भिड़ंत ईस्ट जोन से 6 सितंबर से होनी है।

ये दोनों खिलाड़ी हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में खेले थे, जिसे भारत ने 1-0 से अपने नाम किया था। इस सीरीज में पडिक्कल का प्रदर्शन दमदार रहा था और उन्होंने 2 टेस्ट मैचों में 328 रन बनाए थे। पडिक्कल के बल्ले से दोनों ही मुकाबलों में शतकीय पारी निकली थी और वह 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' रहे थे।

सिराज का प्रदर्शन भी श्रीलंका के खिलाफ बढ़िया रहा था और उन्होंने कुल 4 विकेट अपने नाम किए थे। हालांकि, इन दोनों को फाइनल के लिए टीम में शामिल किया गया है, लेकिन यह साफ नहीं है कि इन्होंने टीम में किसकी जगह ली है। 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा नियमित रूप से भारत की टी20 टीम का हिस्सा हैं। इसके बावजूद, उनके दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेलने की संभावना है। पडिक्कल और सिराज को फाइनल मुकाबले के लिए साउथ जोन के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। हालांकि, यह मैच 10 सितंबर को खत्म होगा, जबकि भारत की अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज सिर्फ तीन दिन बाद शुरू होनी है। फिर भी उम्मीद की जा रही है कि ये खिलाड़ी फाइनल में खेल सकते हैं।

हम पाकिस्तान से हमेशा एक कदम आगे रहते हैं: दीप्ति

अनुभवी हरफनमौला दीप्ति शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि हाल के मुकाबलों में भारत हमेशा पाकिस्तान से एक कदम आगे रहा है और शनिवार को यहां होने वाले महिला एशिया कप मैच में भी टीम इसी लय को बनाए रखने की कोशिश करेगी।

भारत पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका है लेकिन टीम लीग चरण का अंत पाकिस्तान पर जीत के साथ करना चाहेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम थाईलैंड और हांगकांग के खिलाफ शानदार जीत के साथ ग्रुप-ए में शीर्ष पर है।

दीप्ति ने मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘देखिए, ऐसा (सेमीफाइनल में पहुंचने का) कोई खास फायदा नहीं है। बस बात यह है कि हमने उनके (पाकिस्तान के) खिलाफ जो भी मैच जीते हैं, चाहे वह एशिया कप हो या कोई और मैच, हम हमेशा उनसे एक कदम आगे रहे हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘पूरी टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अगर आप गेंदबाजी या बल्लेबाजी इकाई को देखें तो मुझे लगता है कि दोनों ही संतुलित हैं। जिस खिलाड़ी का दिन अच्छा होता है, वह बेहतर करने और खेल को आगे ले जाने की कोशिश करती है। उसके आसपास के खिलाड़ी सकारात्मक रवैया बनाए रखने की कोशिश करते हैं, ताकि वे अपने खेल में और बेहतर कर सकें।’’

उम्र में हेरफेर पर बीसीसीआई ने बंगाल के गेंदबाज रोहित पर लगाया दो साल का प्रतिबंध

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने उम्र को लेकर कथित गलत जानकारी देने के मामले में बंगाल के लेग स्पिनर रोहित यादव पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है।

खास बात यह है कि कुछ सप्ताह पहले ही उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी शृंखला के लिए भारत की अंडर-19 टीम में चुना गया था।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले रोहित ने जुलाई में भारत की अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका का दौरा किया था। उन्होंने वहां छह विकेट लिए थे और टीम को अंतिम टेस्ट जीतने में अहम योगदान दिया था।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, “उन पर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है।”

रोहित को इस महीने के अंत में राजकोट और अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाले भारत के घरेलू वनडे और बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए भी टीम में शामिल किया गया था।

श्रीलंका दौरे के दौरान दस्तावेजों की जांच में उनकी उम्र को लेकर विसंगतियां सामने आईं। रोहित के पास जन्म के तीन अलग-अलग प्रमाणपत्र मिले, जिनमें जन्म वर्ष 2007, 2009 और 2010 दर्ज है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: दलित छात्रा निशु मामले में दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को किया गिरफ्तार, नेपाल भागने की कोशिश नाकाम

  • ,
  • दिल्ली पुलिस के FRS तकनीक की खुली पोल, जंतर-मंतर छात्र आंदोलन में जेल में बंद 25 अपराधी भी दिखे मौजूद!

  • ,
  • सिनेजीवन: अक्षय कुमार असरानी को याद कर बोले- आप जैसा कोई नहीं और ऋषि कपूर की बर्थ एनिवर्सरी पर इमोशनल हुआ परिवार

  • ,
  • राजधानी पटना सहित बिहार के कई जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ा, शहरों में घुसने लगा पानी, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

  • ,
  • मध्य प्रदेश में कंटेनर ट्रक से 70 लाख रुपये की व्हिस्की जब्त, तस्करी के जरिये गुजरात भेजे जाने का संदेह