
देश की राजधानी दिल्ली में बेखौफ अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बदमाश तमंचे के बल आए दिन बड़ी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बदमाशों के तांडव का ताजा मामला उत्तर पूर्वी जिले के करावल नगर इलाके में सामने आया है। 31 अक्टूबर को करावल नगर इलाके में तीन बदमाशों ने बंदूक की नोक पर एक आभूषण की दुकान में लूटपाट की। इस दौरान एक आरोपी पकड़ा गया है, उसके पास से एक पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
आभूषण की दुकान में लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कैसे एक बदमाश हाथ में तमंचा लिए आभूषण की दुकान में लोगों को खौफजदा कर रहा है।
इससे पहले सितंबर के महीने में दिल्ली के भोगल में एक ज्वेलरी शोरूम में करोड़ो की चोरी का मामला सामने आया था। यहां चोरों ने पूरे शो रूम के गहने साफ कर दिए गए थे। ज्वेलरी शोरूम में करीब 25 करोड़ की चोरी हुई थी। हालांकि बाद में इस मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए गहनों और रुपयों के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Nov 2023, 10:01 AM IST