आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में अभिषेक शर्मा पहले स्थान पर बने हुए हैं, वहीं वरुण चक्रवर्ती ने गेंदबाजों की सूची में अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा टी20 फॉर्मेट में नंबर वन ऑलराउंडर बन गए हैं।
बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के अभिषेक शर्मा पहले, इंग्लैंड के फिल साल्ट दूसरे, पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान तीसरे, इंग्लैंड के जोस बटलर चौथे और भारत के तिलक वर्मा पांचवें स्थान पर हैं। श्रीलंका के पाथुम निसंका छठे स्थान पर हैं। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव सातवें, न्यूजीलैंड के टिम साइफर्ट आठवें, ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड नौवें और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिशेल मार्श दसवें स्थान पर हैं।
साहिबजादा फरहान को यूएसए के खिलाफ खेली गई 73 रन की पारी का जोरदार फायदा हुआ है। इसी पारी की बदौलत फरहान 4 स्थान की छलांग लगाते हुए तीसरे स्थान पर पहुंचे हैं।
गेंदबाजों की रैंकिंग में भारत के वरुण चक्रवर्ती पहले, पाकिस्तान के अबरार अहमद दूसरे, अफगानिस्तान के राशिद खान तीसरे, इंग्लैंड के आदिल रशीद चौथे, श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा पांचवें, न्यूजीलैंड के जैकब डफी छठे, पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज सातवें, बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान आठवें, ऑस्ट्रेलिया के एडम जांपा नौवें और अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान दसवें स्थान पर हैं।
Published: undefined
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 में अब तक का सबसे रोमांचक मुकाबला अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया। मैच में दोनों ही टीमें हार मानने को तैयार नहीं थीं। दो सुपर ओवर हुए और दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 4 रन से जीत हासिल की।
दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने पहले खेलते हुए मिलर के 4 गेंद पर 16 और स्टब्स के 2 गेंद पर 7 रन की मदद से 23 रन बनाए थे।
अफगानिस्तान ने शुरुआती 2 गेंदों में रन नहीं बनाए और मोहम्मद नबी का विकेट गंवा दिया। आखिरी 4 गेंदों में जीत के लिए 24 रन चाहिए थे। गुरबाज ने लगातार केशव महाराज को तीन छक्के मारे। एक वाइड गेंद भी आई। आखिरी गेंद पर 5 रन चाहिए थे। गुरबाज इस गेंद को बाउंड्री के बाहर नहीं भेज सके और आउट हो गए। दक्षिण अफ्रीका ने अंतत: 4 रन से मैच जीत लिया।
पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए थे। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने भी 17 रन बना दिए जिसके बाद दूसरा सुपर ओवर हुआ।
Published: undefined
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श को इस हफ्ते के शुरू में ट्रेनिंग के दौरान लगी ‘ग्रोइन’ की चोट के कारण आयरलैंड के खिलाफ आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के शुरूआती मैच से बाहर होना पड़ा।
मार्श की अनुपस्थिति में ट्रेविस हेड टीम की अगुआई कर रहे हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के एक बयान में कहा गया, ‘‘इस हफ्ते की शुरुआत में ट्रेनिंग के दौरान ‘ग्रोइन’ चोट लगने के कारण मिचेल मार्श टी20 विश्व कप के पहले मैच से बाहर रहेंगे। उन्हें लगातार दर्द और बेचैनी हो रही है। ’’
चोट की वजह से उन्हें ‘टेस्टिकुलर’ रक्तस्राव हुआ है।
बयान में कहा गया, ‘‘स्कैन से ‘टेस्टिकुलर ब्लीडिंग’ की पुष्टि हुई है। उन्हें आराम और रिहैबिलिटेशन की जरूरत होगी। खेलने के लिए उनकी वापसी चोट ठीक होने और मेडिकल सलाह से तय होगी। ’’
Published: undefined
बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने अब यू-टर्न लेते हुए कहा कि भारत में टी20 विश्व कप के मैच नहीं खेलने का फैसला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और खिलाड़ियों ने लिया था। इससे पहले उन्होंने कहा था कि यह फैसला सरकार की सुरक्षा चिंताओं से प्रेरित था।
बांग्लादेश ने भारत में होने वाले अपने मैचों को श्रीलंका में स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था जिसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने नामंजूर कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड ने ली। आईसीसी में हालांकि बांग्लादेश को दंडित न करने का निर्णय लिया है।
बांग्लादेश की टीम को बाहर करने से पहले आईसीसी के साथ असफल बातचीत के दौरान नजरुल ने मुख्य भूमिका निभाई थी और उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि सुरक्षा चिंताओं के कारण टीम को न भेजना बांग्लादेश सरकार का विशेषाधिकार है।
‘क्रिकबज’ से नजरुल के हवाले से कहा, ‘‘विश्व कप में नहीं खेलने पर अफसोस का कोई सवाल ही नहीं है। यह फैसला बीसीबी और खिलाड़ियों ने देश के क्रिकेट की सुरक्षा, जनता की सुरक्षा और राष्ट्रीय गरिमा की रक्षा के लिए लिया।’’
Published: undefined
पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने कहा कि भारत को टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ बल्लेबाजों की नाकामी का ज्यादा विश्लेषण करने की जरूरत नहीं है और उसे अपना बेखौफ रवैया जारी रखना चाहिए जिसके कारण उसने काफी सफलता हासिल की हैं।
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए अपने पहले मैच में भारत 13वें ओवर में 77 रन पर छह विकेट खो बैठा था, लेकिन फिर भी उसने अमेरिका पर 29 रन से जीत हासिल की।
बांगड़ ने जिओ हॉटस्टार के एक कार्यक्रम में कहा,‘‘ मुझे नहीं लगता कि भारतीय बल्लेबाजों को वानखेड़े में अमेरिका के खिलाफ जो हुआ उसका बहुत अधिक विश्लेषण करना चाहिए, क्योंकि टी20 क्रिकेट में आजकल जिस तरह से भारतीय बल्लेबाज खेल रहे हैं उसमें निश्चित तौर पर जोखिम भरा हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘किसी दिन जब दो-तीन विकेट गिर जाते हैं और आप फिर भी आक्रामक खेलना चाहते हैं, तो एक साथ कई विकेट गिर सकते हैं। अगर इससे कुछ सीख मिलती है तो वह यह है कि शायद थोड़ा धीमा खेलें, लेकिन अपने दृष्टिकोण को लेकर ज्यादा संशय न रखें, क्योंकि बेखौफ होकर खेलने के कारण ही आपको इतनी सफलता मिली है।’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined