यंग इंडिया

निदास ट्रॉफी: श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला आज

भारत के खिलाफ खेले गए निदास ट्रॉफी टूर्नामेंट के पहले मैच में बांग्लादेश को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में बांग्लादेश की टीम जीत के इरादे से श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच टी-20 मुकाबला आज

निदास टी-20 ट्राई सीरीज टूर्नामेंट का तीसरा मैच शनिवार यानी 10 मार्च को मेजबान टीम श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। पिछले मैच में भारत पर जीत से श्रीलंकाई टीम के हौसले बुलंद हैं। वह इस मैच में आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।

भारत के खिलाफ खेले गए निदास ट्रॉफी टूर्नामेंट के पहले मैच में बांग्लादेश को हार का सामना करना पड़ा था। बांग्लादेश की टीम जीत हासिल करने के मकसद से श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। त्रिकोणीय टी-20 सीरीज में श्रीलंका और भारत दोनों ही टीमों को उनकी जीत मिल चुकी है लेकिन बांग्लादेश के हाथ अब भी खाली हैं।

आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए अपने पहले मैच में बांग्लादेश की टीम को भारत के हाथों 6 विकेट से हार मिली थी। इसमें उसकी सबसे कमजोर कड़ी बल्लेबाजी रही। बांग्लादेश के कप्तान महमुदुल्लाह ने इस बात को स्वीकार किया था कि उनकी टीम की बल्लेबाजी सबसे खराब रही। अगर उन्हें जीत हासिल करनी है तो अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करना होगा।

बांग्लादेश को अगर अपने पहले मैच में भारत को मात देने वाली श्रीलंका को हराना है, तो उसके बल्लेबाजों को अच्छी पारी खेल मजबूत स्कोर खड़ा करना होगा। जहां तक गेंदबाजों का सवाल है, तो रुबेल हुसैन और तस्किन अहमद ने पिछले मैच में भारत के दो अहम बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। मुस्ताफिजुर रहमान भी विकेट लेने में सफल रहे। ऐसे में बांग्लादेश के बल्लेबाजों को अधिक मेहनत करनी होगी।

श्रीलंका की ओर नजर डाली जाए, तो उसके जीतने के आसार अधिक हैं। इसमें सबसे अहम है उसका अपना घरेलू स्टेडियम। मेजबान टीम इससे भलीभांति परिचित है और इसके ही कारण उसने भारत जैसी टीम को अपने पहले मैच में हार का स्वाद चखाया।

श्रीलंका के गेंदबाजों पर नजर डालें तो दुश्मंथा चमीरा, नुवान प्रदीप, जीवन मेंडिस और दानुश्का गुनाथीलका अपना नियमित प्रदर्शन जारी रखेंगे, जो बांग्लादेश के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करने की राह में परेशानियां खड़ी कर सकते हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका का हाल के दिनों में शानदार रिकॉर्ड रहा है। श्रीलंका ने बांग्लादेश को उनके घर में टेस्ट और टी-20 सीरीज में मात दी थी।

संभावित टीम:

श्रीलंका : दिनेश चांडीमल (कप्तान), कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), उपुल थारंगा, कुसल परेरा (विकेटकीपर), अकीला धनंजय, धनंजय डी सिल्वा, दानुश्का गुनाथीलका, जीवन मेंडिस, थिसारा परेरा, दासुन शनाका, इसुरु उदाना, सुरंगा लकमल, अमीला अपोंसो, दुश्मंथा चमीरा, नुवान प्रदीप।

बांग्लादेश : महमुदुल्लाह (कप्तान), तमीम इकबाल, सौम्य सरकार, इमरुल कायेस, मुश्तफिकुर रहीम (विकेटकीपर),सब्बीर रहमान, मुस्ताफिजुर रहमान, रुबेल हुसैन, तस्किन अहमद, अबु हैदर, अबु जायेद, अरिफुल हक, नजमुल इस्लाम, नुरुल हसन, महदी हसन और लिटोन दास।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 10 Mar 2018, 11:35 AM IST