भारत जोड़ो यात्रा की रुपरेखा तैयार, 2 अक्टूबर को कन्याकुमारी से होगी शुरू, कांग्रेस के सभी बड़े नेता होंगे शामिल

भारत जोड़ो यात्रा लगभग 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए करीबन 3500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, यह सारी दूरी पदयात्रा के रुप में तय की जाएगी।

फोटो: ANI
फोटो: ANI
user

नवजीवन डेस्क

भारत जोड़ो यात्रा और आगामी संगठात्मक कार्यक्रमों पर कांग्रेस पार्टी की अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में बैठक खत्म हो गई है। जिसके बाद यह फैसला लिया गया है कि भारत जोड़ो यात्रा लगभग 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए करीबन 3500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, यह सारी दूरी पदयात्रा के रुप में तय की जाएगी। इस पदयात्रा में कांग्रेस पार्टी का पूरा नेतृत्व और कार्यकर्ता भाग लेंगे। देश के कोने-कोने से कई अन्य यात्राएं इस पदयात्रा में शामिल होंगी। यात्रा के मार्ग का विशिष्ट विवरण की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी।

बैठक में मौजूद रहे प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्षों के साथ सभी प्रभारी महासचिव और राज्य प्रभारियों के बीच इसपर चर्चा हुई, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 2 अक्टूबर से शुरू हो होगी। 148 दिनों तक और रोज 25 किलोमीटर तक की पद यात्रा होगी।


कांग्रेस ने कहा कि, "आज, जबकि नफरत की राजनीति का अनुपालन उन लोगों के द्वारा किया जा रहा है, जिन्होंने कभी भी देश के स्वतंत्रता आंदोलन में भाग नहीं लिया और जिनकी विचारधारा के परिणाम स्वरुप राष्ट्रपिता की हत्या हुई, इन परिस्थितियों में भारत जोड़ो यात्रा उन सभी भारतीयों को एकसूत्र में बांधने का एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन है।"

कांग्रेस ने इस यात्रा में दूसरे दलों और संगठनों से भी शामिल होने की अपील की है। पार्टी ने कहा कि, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों, नागरिक समाज समूहों, व्यापारिक और व्यावसायिक संघों और उपरोक्त उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्ध सभी भारतीयों से अपील करती है कि वे सब एकजुट होकर इस भारत जोड़ो यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल हों।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 14 Jul 2022, 8:08 PM