लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान, 20 राज्यों के 91 सीटों पर डाले जा रहे वोट 

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए प्रथम चरण में 20 राज्यों के 91 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष अजित सिंह, केंद्रीय मंत्री वी. के. सिंह, महेश शर्मा, हरीश रावत और नितिन गडकरी जैसे बड़े नेता चुनावी मैदान में हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

लोकसभा चुनाव 2019 के प्रथम चरण के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। आज कई बड़े नेता और केंद्रीय मंत्रियों के भाग्य के फैसला हो जाएगा। इस चरण में राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष अजित सिंह, केंद्रीय मंत्री वी. के. सिंह, महेश शर्मा, हरीश रावत और नितिन गडकरी जैसे बड़े नेता चुनावी मैदान में हैं।

प्रथम चरण में 91 लोकसभा सीटों के लिए कुल 1279 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। जिसमें से 559 निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से 213 उम्मीदवारों पर आपराधिक मुकदमें चल रहे हैं। जबकि 146 उम्मीदवार ऐसे हैं जिन पर गंभीर आपराधिक मामले चल रह हैं। इस चरण में 37 लोकसभा क्षेत्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। यहां 3 से ज्यादा ऐसे उम्मीदवार हैं जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

प्रथम चरण के एक तिहाई उम्मीदवार करोड़पति हैं। इस चरण के 401 प्रत्याशियों के पास करोड़ों की संपत्ति रखते हैं। जबकि 23 उम्मीदवारों के पास कोई संपत्ति नहीं है। प्रथम चरण में महिला प्रत्याशियों की संख्या बहुत कम है। इस चरण में कुल 89 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान, 20 राज्यों के 91 सीटों पर डाले जा रहे वोट 

पहले चरण में 80 लोकसभा सीटों वाले यूपी के पश्चिमी हिस्से के 8 सीटों पर मतदान हो रहा है। बीजेपी के लिए यह चरण काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि 2014 लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि एक सीट पर उपचुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। यूपी के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, कैराना और बिजनौर लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।

इस बार मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजीत सिंह एसपी-बीएसपी-आरएलडी गठबंधन की ओर से उम्मीदवार बनाए गए हैं। उनका मुकाबला बीजेपी के संजीव बाल्यान से है। वहीं गाजियाबाद से बीजेपी के उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री वीके सिंह कांग्रेस की डॉली शर्मा और एसपी-बीएसपी-आरएलडी गठबंधन के उम्मीदवार सुरेश बंसल के खिलाफ मैदान में हैं। जबकि गौतमबुद्ध नगर से केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के अरविंद कुमार सिंह और गठबंधन के सतवीर से है। बागपत लोकसभा सीट पर भी दो बड़े नेताओं के बीच टक्कर है। यहां केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह को आरएलडी नेता अजित सिंह के बेटे जयंत चुनौती दे रहे हैं। सहारनपुर से बीजेपी ने अपने मौजूदा सांसद राघव लखनपाल को फिर से उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने इमरान मसूद को मैदान में उतारा है। बीएसपी ने इस सीट से फजलुर्रहमान को टिकट दिया है।

पहले दौर में बिहार के चार सीटों पर मतदान हो रहा है। एलजेपी अध्यक्ष रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान जमुई से एक बार फिर से एनडीए के उम्मीदवार बनाए गए हैं। तो गया लोकसभा क्षेत्र से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी महागठबंधन के प्रत्याशी हैं। औरंगाबाद में भी एनडीए बनाम यूपीए का मुकबला है। बीजेपी ने वर्तमान सांसद सुशील कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं महागठबंधन की तरफ से हम के उपेन्द्र प्रसाद चुनावी मैदान में हैं।

महाराष्ट्र की नागपुर सीट कई लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। यहां आरएसएस का मुख्यालय है और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी चुनावी मैदान में हैं। जबकि चंद्रपुर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री हसंराज अहिर बीजेपी के उम्मीदवार हैं।

पहले चरण में आंध्र प्रदेश की 25, अरुणाचल प्रदेश की दो, मेघालय की एक, उत्तराखंड की पांच, मिजोरम की एक, नागालैंड की एक, सिक्किम की एक, लक्षद्वीप की एक, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की एक और तेलंगाना की 17, असम की पांच, बिहार की चार, छत्तीसगढ़ की एक, जम्मू-कश्मीर की दो, महाराष्ट्र की सात, मणिपुर की एक, ओडिशा की चार, त्रिपुरा की एक, उत्तर प्रदेश की आठ और पश्चिम बंगाल की दो सीटों लोकसभा सीटों के लिए मतदान कराया जा रहा है। 23 मई को 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजे आएंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia