अजय राय को सहारनपुर जाने से रोका गया, विरोध में सड़क पर बैठे, पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत हिरासत में लिया

पुलिस लाइन में अजय राय ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार पीड़ितों की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को रोक रही है। उन्होंने कहा कि रास्ता रोक सकते हैं, आवाज नहीं दबा सकते। कांग्रेस पीड़ितों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी।

अजय राय को सहारनपुर जाने से रोका गया, विरोध में सड़क पर बैठे, पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत हिरासत में लिया
i

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद मस्जिद कमेटी के सदस्यों और पीड़ितों से मुलाकात के लिए जा रहे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने जबरन रोक दिया। इसके विरोध में वह सड़क पर ही बैठ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

सोमवार को लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से सहारनपुर के लिए रवाना हुए अजय राय को माल एवेन्यू चौराहे पर पुलिस ने आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। स्थिति तब और गरमा गई जब राय सड़क पर ही बैठ गए और सहारनपुर जाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने जबरन राय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गाड़ी में बैठाकर पुलिस लाइन पहुंचा दिया। बाद में प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी कांग्रेसजनों को पुलिस लाइन से छोड़ दिया गया।


पुलिस लाइन ले जाए जाने के बाद अजय राय ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार पीड़ितों की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को रोक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर जा रहा था और उन्हें भी वहां पहुंचना था, लेकिन सरकार ने रास्ते में ही रोक दिया। राय ने कहा, “रास्ता रोक सकते हैं, आवाज नहीं दबा सकते।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनआकांक्षाओं पर विफल होने के कारण डर गई है। कांग्रेस पीड़ितों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी।

पुलिस लाइन से निकलने के बाद अजय राय और अन्य कांग्रेस नेता ईको गार्डेन पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग की ओर से पिछले सात दिन से चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने में हिस्सा लिया। कांग्रेस के मुताबिक, यह धरना उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच का ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के खिलाफ शुरू किया गया है।

इसे भी पढ़ेंः UP: सहारनपुर कलेक्ट्रेट के अंदर बनी मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर मचा बवाल, सपा सांसद इकरा हसन ने सरकार से पूछे सवाल


पार्टी का आरोप है कि मंच के शुद्धिकरण के लिए जिम्मेदार बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को निरस्त करने और दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। अनिश्चितकालीन धरने का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन और सांसद तनुज पुनिया कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेश: सहारनपुर कलेक्ट्रेट में तोड़ी गई मस्जिद के बीच मिला 20 फीट गहरा कुआं, ASI करेगी जांच