विपक्ष के तेवर से डरी बिहार सरकार, छात्रों पर दर्ज सभी केस होंगे वापस, गिरफ्तार प्रदर्शनकारी होंगे रिहा
इससे पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने छात्रों के उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए बिहार सरकार को गिरफ्तार छात्रों को रिहा करने और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने का अल्टीमेटम देते हुए बड़ा आंदोलन खड़ा करने की चेतावनी दी थी।

बिहार में नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शनों में शामिल छात्रों पर कार्रवाई के खिलाफ तेजस्वी यादव समेत कई विपक्षी दलों की ओर से आंदोलन की चेतावनी के बाद बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 26 जुलाई शाम 6 बजे से पहले तक छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी केस वापस लेने का आदेश दिया है। इसके अलावा गिरफ्तार छात्रों और प्रदर्शकारियों को भी जल्द रिहा किया जाएगा और भविष्य में भी उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी।
26 जुलाई की शाम तक दर्ज सभी केस होंगे रद्द
राज्य के गृह विभाग के विशेष सचिव छत्रनील सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 जुलाई की शाम 6 बजे तक बिहार के किसी भी हिस्से में आंदोलन में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध सरकार कोई दंडात्मक, प्रतिशोधात्मक अथवा प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं करेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि तक आंदोलन में शामिल लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों में राहत प्रदान की जाएगी।
सभी परिवाद और बताओ नोटिस वापस होंगे
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 26 जुलाई की शाम 6 बजे से पहले विरोध प्रदर्शन के दौरान दर्ज सभी प्राथमिकी (एफआईआर), परिवाद और कारण बताओ नोटिस को वापस लेने की विधिक प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी। संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं ताकि प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा सके।
इसे भी पढ़ेंः 'अगर ऐसा नहीं हुआ तो...', छात्रों को हिरासत में लिए जाने की खबर के बीच CJP ने मोदी सरकार को दी चेतावनी, याद दिलाया अपना वादा
गिरफ्तार, हिरासत में रखे गए छात्र होंगे रिहा
सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि उक्त अवधि तक दर्ज मामलों में गिरफ्तार अथवा निरुद्ध किए गए सभी व्यक्तियों को जल्द रिहा किया जाएगा। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि 26 जुलाई की शाम 6 बजे से पहले दर्ज कांडों में नामित व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी किसी प्रकार की प्रत्यक्ष या परोक्ष कार्रवाई नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ेंः बिहार बंद के बाद पुलिस का एक्शन, 350 गिरफ्तार, CCTV से पहचान, 1500 से ज्यादा लोग पुलिस की रडार पर
विपक्ष ने बड़ा आंदोलन करने की दी थी चेतावनी
गौरतलब है कि इससे पहले आज दिन में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने छात्रों के उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए बिहार सरकार को गिरफ्तार छात्रों को रिहा करने और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने का अल्टीमेटम दिया था। तेजस्वी यादव ने सरकार को चेतावनी देते हुए बड़ा आंदोलन खड़ा करने की चेतावनी दी थी। इसके अलावा कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी ने भी सरकार को छात्रों को रिहा करने का अल्टीमेटम दिया था। दिन भर की हलचलों के बाद शाम में बिहार सरकार ने छात्रों के खिलाफ केस वापस लेने और उन्हें रिहा करने का आदेश जारी कर दिया।
इसे भी पढ़ेंः राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- दिल्ली में पैलेट गन, बिहार में AK-47, छात्रों से किया वादा कहां गया?
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
