साफ हवा के लिए तरस रही दिल्ली, संसदीय समिति ने प्रदूषण पर सुनवाई टाली, अजय माकन ने उठाए सवाल
संसदीय समिति ने पहले इस मुद्दे पर गृह मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों से चर्चा करने का फैसला किया था। समिति ने 5 नवंबर को सदस्यों के बीच एजेंडा प्रसारित किया था, जिसमें वायु प्रदूषण का मुद्दा शामिल था। हालांकि, संशोधित एजेंडे से इस विषय को हटा दिया गया।

संसदीय समिति ने 17 नवंबर को प्रस्तावित बैठक के एजेंडे से वायु प्रदूषण का मुद्दा हटाया
समिति के 5 नवंबर के एजेंडा में वायु प्रदूषण का मुद्दा शामिल, संशोधित एजेंडे से गायब
कांग्रेस नेता अजय माकन ने समिति के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति जताई
दिल्ली में लोग जहां वायु प्रदूषण से जूझ रहे हैं, वहीं एक संसदीय समिति ने 17 नवंबर को होने वाली अपनी बैठक के एजेंडे से एनसीआर में वायु प्रदूषण का अहम मुद्दा हटाने का फैसला किया है। इस पर कांग्रेस नेता अजय माकन ने समिति के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति जताई है।
समिति ने संशोधित एजेंडे से प्रदूषण का मुद्दा हटाया
जानकारी के अनुसार, गृह मामलों की संसदीय समिति ने पहले इस मुद्दे पर गृह मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों के विचार सुनने और चर्चा करने का फैसला किया था। समिति ने पांच नवंबर को अपने सदस्यों के बीच बैठक का एजेंडा प्रसारित किया था, जिसमें वायु प्रदूषण का मुद्दा शामिल था। हालांकि, संशोधित एजेंडे से इस विषय को हटा दिया गया।
इसे भी पढ़ेंः दिवाली पर दिल्ली में कितना था प्रदूषण, गायब डेटा सामने आने से और बढ़ी उलझन, आखिर क्यों है अलग-अलग AQI?
अजय माकन ने कड़ी आपत्ति जताई
समिति में कांग्रेस सदस्य अजय माकन ने इस मुद्दे को समिति के एजेंडा से हटाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है और समिति के अध्यक्ष राधा मोहन दास अग्रवाल को पत्र लिखा है। अजय माकन ने कहा कि दिल्ली में वायु प्रदूषण के संकट को जनस्वास्थ्य आपातकाल के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘500 का आंकड़ा अधिकतम सीमा है, वास्तविक रीडिंग नहीं, क्योंकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का सूचकांक 500 के आंकड़े तक सीमित है। सीपीसीबी के अपने कैलकुलेटर में गंभीर श्रेणी के ऐसे सूत्र हैं, जिनसे 500 से अधिक के आंकड़े भी निकलते हैं, लेकिन प्रदर्शित किए जाने वाले आंकड़े की सीमा के कारण 500 से ऊपर के सभी परिणामों को घटाकर 500 दिखाया जाता है।’’
इसे भी पढ़ेंः खड़गे ने दिल्ली की जहरीली हवा पर मोदी सरकार को घेरा- वायु प्रदूषण के मामले में हम ‘विश्वगुरु’ क्यों बन रहे हैं?
विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की जरूरत
माकन ने कहा, ‘‘जब 24 घंटे का पीएम2.5 स्तर 380 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर या 24 घंटे का पीएम10 स्तर 510 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक हो जाता है, तो उस केंद्र की रीडिंग 500 पर रोक दी जाती है। पीएम2.5 का स्तर 600 होने पर सीपीसीबी के सूत्र से सूचकांक करीब 669.2 आता है, लेकिन इसमें 500 ही दिखाया जाता है।’’ उन्होंने कहा कि संवेदनशील लोगों की सुरक्षा, प्रभावी नियम प्रवर्तन और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली की जहरीली हवा से सावधान! अस्थमा और दिल के मरीजों के लिए डॉक्टर ने जारी की खास सलाह
समिति के अध्यक्ष अग्रवाल का गोलमोल जवाब
वहीं, समिति के अध्यक्ष अग्रवाल ने संपर्क किए जाने पर कहा कि उन्हें अजय माकन के पत्र की जानकारी नहीं है। माकन के पत्र के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘मुझे पत्र की जानकारी नहीं है।’’ संशोधित एजेंडे में प्रदूषण के मुद्दे को हटाए जाने के कारणों के बारे में पूछे जाने पर अग्रवाल ने कहा कि वह समिति की बैठकों से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं करते।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
