दिल्ली में बाढ़: मेट्रो पर भी असर, यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन बंद, बढ़ते जलस्तर के कारण लिया गया फैसला

यमुना का लेवल और बढ़ने के बाद मेट्रो के आवागमन पर आंशिक रूप से असर पड़ा है। आज सुबह यमुना पुल पर दिल्ली मेट्रो की स्पीड कम कर दी गई। उधर, यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली इस समय बाढ़ की चपेट में है। आज सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर पहुंच गया। लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना में पानी बढ़ता ही जा रहा है। जिसकी वजह से दिल्ली के निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। रेलवे अंडर ब्रिज के पास नाले का पानी भर जाने के कारण भैरो रोड पर यातायात बंद है। निगम बोध घाट इलाके में बाढ़ जैसे हालात हैं, आसपास के निचले इलाकों में पानी घुस गया है। सिविल लाइंस में पानी घुस गया है। रिंग रोड आईटीओ में भी बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। पुराना किला के पास के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इस बीच दिल्ली मेट्रो द्वारा यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के गेट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

DMRC ने ट्वीट किया, "यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि इंटरचेंज सुविधा अभी भी उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।"


दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है और निचले इलाकों में आवाजाही न करने की चेतावनी दी है। लोगों से कहा गया है कि चूंकि यमुना नदी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, इसलिए बिजली लाइन से दूर रहें और किसी भी जरूरत की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करें।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia