मध्यप्रदेश: भिंड में दर्दनाक सड़क हादसा, लोडिंग वाहन और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 8 मजदूरों की मौत
लोडिंग वाहन और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में लोडिंग वाहन में सवार 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास लोडिंग वाहन और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में लोडिंग वाहन में सवार 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को पहले गोहद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति वाले लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया।
धान की रोपाई के बाद लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पछगवां और आसपास के गांवों के मजदूर ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के चिनोर गांव में धान की रोपाई का काम करने गए थे। काम पूरा होने के बाद सभी मजदूर एक लोडिंग वाहन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
रात करीब 12 बजे छीमका गांव के पास पहुंचने पर लोडिंग वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडिंग वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सड़क पर बैठी गायों को बचाने के दौरान हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर बैठी गायों को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते टक्कर बेहद गंभीर हो गई। हादसे में पांच मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी।
पांच एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं
डायल-108 एंबुलेंस प्रभारी प्रभांशु दुबे के निर्देश पर पांच एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर भेजी गईं। डायल-112 और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कई मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया। इनमें से तीन घायलों ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
कई घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल कुछ मजदूरों की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोडिंग वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
