दिल्ली और यूपी में लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के साथ ही कल से इन राज्यों में भी शुरु हो जाएगा पूर्ण लॉकडाउन

कोरोना महामारी से जंग में कई राज्यों ने लॉकडाउन का ऐलान किया है। जहां यूपी और दिल्ली ने पहले से लागू लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई है वहीं कई अन्य राज्यों में भी कल से पूर्ण लॉकडाउन शुरु हो जाएगा। जानें क्या खुलेगा और क्या बंद रहेगा!

फोटो : Getty Images
फोटो : Getty Images
user

नवजीवन डेस्क

सबसे पहले बात देश की राजधानी दिल्ली की। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को ऐलान किया कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लगाया गया लॉकडाउन एक सप्ताह के लिए और बढ़ाया जा रहा है। इस बार पहले से अधिक पाबंदियां रहेगी और इस दौरान दिल्ली मेट्रो भी नहीं चलेगी।

फोटो : Getty Images
फोटो : Getty Images

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। कोरोना के कहर को देखते हुए राज्य में लगे कोरोना कर्फ्यू को बढ़ा दिया गया है। प्रदेश में आंशिक कोरोना कर्फ्यू 17 मई तक बढ़ा दिया गया है। यह जानकारी राज्य के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने में आंशिक कोरोना कर्फ्यू प्रभावी हो रहा है। आमजन खुद ही आवागमन कम कर रहे हैं। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के लिए पूरी छूट रहेगी। औद्योगिक गतिविधियां, ई - कॉमर्स से संबंधित काम यथावत चलते रहेंगे। राशन वितरण और टीकाकरण सुचारु रहेगा। कंटेनमेंट जोन में केवल डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था से आपूर्ति होगी।

फोटो : Getty Images
फोटो : Getty Images

इसके अलावा राजस्थान और कर्नाटक में भी कल से 24 मई तक लॉकडाउन लगाया गया है। राजस्थान सरकार ने ऐलान किया है कि इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद रहेगा। किराना, दूध, सब्जी, फल और अन्य आवश्यक सामान की दुकानें कुछ समय के लिए खोलने की छूट दी गई है।

फोटो : Getty Images
फोटो : Getty Images

वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को राज्य में 14 दिन के लिए पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में 10 मई से लेकर 24 मई तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर किसी को भी बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी।


दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में भी लॉकडाउन लगाया गया है। केरल में 8 मई से लॉकडाउन शुरु हो चुका है वहीं तमिलनाडु में कल यानी 10 मई से लॉकडाउन शुरु हो जाएगा। केरल में लगाया गया लॉकडाउन 16 मई तक लागू रहेगा। इस दौरान राज्य में सभी सिनेमा हाल, मल्टीप्लेक्स, थिएटर, जिम, मनोरंजन क्लब, बार, ऑडिटोरियम, धार्मिक स्थल, बाजार, निजी और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। सिर्फ जरूरी वस्तुओं के लिए आवाजाही पर रोक नहीं रहेगी। राशन दुकान, सब्जी दुकान, समेत जरूरी वस्तुओं की दुकानें शाम 7:30 बजे तक खुली रहेंगी।

जबकि तमिलनाडु में शुक्रवार को मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने जिलाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद राज्य में लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया। मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन लागू के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था। आदेश के तहत तमिलनाडु में सोमवार (10 मई) से 24 मई तक के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लागू रहेगा। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें और निजी  व सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।

इसके अलावा उत्तर पूर्व के राज्यों मिजोरम, मणिपुर और मेघालय में भी 17 मई तक लॉकडाउन लागू किया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia