एयर इंडिया का निजीकरण से पहले मोदी सरकार का बड़ा फैसला, कंपनी में नियुक्तियों और पदोन्नति पर लगाई रोक

पिछले कार्यकाल में बोली लगाने वाले को ढूंडने में नाकाम रही मोदी सरकार इस कार्यकाल में एयर इंडिया को निजी हाथों में देने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। सरकार ने निजीकरण की प्रक्रिया में निर्णय लेने के लिए मंत्रियों के समूह (जीओएम) को दोबारा गठित किया है।

फोटो: आईएएनएस
i

एयर इंडिया के निजीकरण के अपने प्रस्ताव को देखते हुए मोदी सरकार ने कंपनी में व्यापक स्तर पर सभी नियुक्तियों और पदोन्नतियों को रोकने का निर्देश दिया है। सिर्फ कुछ नई उड़ानें शुरू की जा सकती हैं, वह भी बहुत जरूरी होने पर और व्यावसायिक स्तर पर लाभकारी दिख रही हो तो।

खबरों के मुताबिक, यह निर्देश लगभग एक हफ्ते पहले आया है। इसके अनुसार, आगामी निजीकरण को देखते हुए कोई बड़ा कदम नहीं उठाया जाना है। इसके तहत नियुक्तियां और पदोन्नति भी रोक दी जाएगीं। यह निर्देश निवेश तथा जन संपत्ति प्रबंधन विभाग (डीआईपीएएम) ने दिया है।


पिछले कार्यकाल में बोली लगाने वाले को ढूंडने में नाकाम रही मोदी सरकार इस कार्यकाल में एयर इंडिया को निजी हाथों में देने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। सरकार ने निजीकरण की प्रक्रिया में निर्णय लेने के लिए मंत्रियों के समूह (जीओएम) को दोबारा गठित किया है। कंसल्टिंग फर्म ईवाई पहले से ही निजी बोली लगाने वालों को आमंत्रित करने के लिए प्रारंभिक सूचना ज्ञापन को अंतिम रूप देने के लिए काम कर रही है।

इसे भी पढ़ें: मुनाफा कमा रहे तीन एयरपोर्ट अडानी को देकर आखिर मोदी सरकार ने कर दी अपनी नीयत साफ

एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “इस बार विनिवेश को लेकर कोई संदेह नहीं है। जिस गति से चीजें हो रही हैं, विमानन कंपनी का मालिकाना हक किसी निजी कंपनी के पास पहुंच जाएगा।”

इसे भी पढ़ें: सरकारी बिग बाजार में ‘सेल’: मुनाफा कमा रहे तीन स्टील प्लांट बेचने की तैयारी में मोदी सरकार


एयर इंडिया पर कुल करीब 58,000 करोड़ रुपये का कर्ज है। राष्ट्रीय विमानन कंपनी का संचयी नुकसान 70 हजार करोड़ रुपये है। इसी साल 31 मार्च को खत्म हुए वित्त वर्ष में विमानन कंपनी को 7,600 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

इसे भी पढ़ें: विष्णु नागर का व्यंग्यः आज देश पर बेचने वालों का राज, जो ईमान और न्याय क्या धर्म तक बेच देते हैं!

नागरिक विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसी हफ्ते कहा था कि एयर इंडिया को बचाने के लिए उसका निजीकरण करना होगा। उन्होंने कहा था कि सरकार ऐसी विमानन कंपनी को चलाने के लिए तैयार नहीं है, जहां संचालन संबंधी निर्णय प्रतिदिन लिए जाते हैं ना कि नौकरशाही प्रक्रिया या ठेका प्रक्रिया से। पुनर्गठित जीओएम के अध्यक्ष गृह मंत्री अमित शाह अगले कुछ सप्ताहों में एयर इंडिया के निजीकरण से संबंधित निर्णय ले सकते हैं।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

इसे भी पढ़ें: मोदी सरकार ने कर दी भारतीय रेल के निजीकरण की शुरुआत, देखना है हश्र क्या होता है?

इसे भी पढ़ें: रेलवे की कीमती जमीन बिकेगी कौड़ियों के भाव, मोदी सरकार कर रही तैयारी!

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 21 Jul 2019, 9:58 AM