नोएडा: चिप बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, बुझाने गए दमकलकर्मियों पर गिरी दीवार, 2 की मौत
मलबे की चपेट में आने से पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो दमकलकर्मियों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण फैक्ट्री में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने के दौरान कंपनी परिसर में बड़ा हादसा हो गया, जब एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो दमकलकर्मियों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 और 4 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित ILGIM कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कई दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया और काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
इसी दौरान कंपनी की एक साइड की दीवार और उसके साथ लगा लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया। इस हादसे में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, अमित कुमार और रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का उपचार जारी है। अधिकारियों के मुताबिक तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य को तेज करने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी लगाया गया। पूरे परिसर की तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया गया कि अंदर कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा और भवन सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि दीवार और लोहे का बीम गिरने के कारणों की भी विस्तार से जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
