राहुल गांधी ने एफआईआर को बताया मेडल की तरह, कहा- ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा
राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद जंतर-मंतर पर जाएंगे और वहां बैठकर देश को बताएंगे कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं और उन्होंने केंद्र सरकार के साथ मिलकर देश के लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है। उनको इस्तीफा देना ही होगा।

राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को बताया मेडल
राहुल गांधी बोले- 45 एफआईआर दर्ज हैं, मेरा लक्ष्य 100 का है
ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं
ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने के आरोप में अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर कहा कि उनके लिए हर एफआईआर एक मेडल की तरह है। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना विरोध जारी रखेंगे और ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा।
हर एफआईआर मेरे लिए एक मेडल की तरह
बुधवार को इंडिया गठबंधन के सांसदों की रणनीतिक बैठक के बाद प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मेरे खिलाफ 45 एफआईआर दर्ज हैं। मेरा लक्ष्य 100 एफआईआर का है। मैं चाहता हूं कि मेरे खिलाफ 100 एफआईआर दर्ज हों। हर एफआईआर मेरे लिए एक मेडल की तरह है।
ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा
इस दौरान उन्होंने कहा कि करीब 300 लोकसभा और राज्यसभा के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते थे लेकिन उन्हें मुलाकात की अनुमति नहीं दी गई। दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया और कहा कि वहां विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। अब इंडिया गठबंधन के सांसद तय विरोध स्थल जंतर-मंतर पर जाएंगे और वहां बैठकर देश को बताएंगे कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं और उन्होंने केंद्र सरकार के साथ मिलकर देश के लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ऐसा किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा।
हम डरने वाले नहीं हैं बल्कि लड़ते रहेंगे- खड़गे
वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम यह विरोध जारी रखेंगे। चुनाव आयोग की बार-बार की गलतियां और केंद्र सरकार के इशारे पर हो रही हरकतें यह दिखाती हैं कि वे देश में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। वे संविधान की भी परवाह नहीं करते। इसलिए, हमने तय किया है कि लोगों की आवाज पूरे देश तक पहुंचनी चाहिए। यही हमारा काम है और इसीलिए राहुल गांधी लड़ रहे हैं। लोगों के हक छीने जा रहे हैं, उसकी सुरक्षा के लिए हम कोशिश कर रहे हैं, हम डरने वाले नहीं हैं बल्कि लड़ते रहेंगे और आगे बढ़ते रहेंगे।
इसे भी पढ़ेंः राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं पर केस दर्ज को लेकर जयराम रमेश ने मोदी सरकार और दिल्ली पुलिस पर उठाए सवाल
जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे
खड़गे ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी साथी जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे। चुनाव आयोग जो भी कर रहा है, उसके पीछे केंद्र सरकार है। इसलिए हम सभी विपक्षी दलों के नेता देश के लोगों को बताना चाहते हैं कि उनका अधिकार छीना जा रहा है। जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमारे ऊपर कितने भी केस दर्ज किए जाएं, हम डरने और रुकने वाले नहीं हैं। कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि सरकार को लगता है कि हम एफआईआर से डर जाएंगे लेकिन, हम डरने वाले नहीं हैं।
ये भी पढ़ें : 'वोट चोरी' पर आरपार: मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया, आगे की रणनीति पर भी चर्चा संभव
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
