उत्तराखंड: चार धाम यात्रा की हुई शुरुआत, विधि विधान से खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, श्रद्धालुओं का लगा तांता

अक्षय तृतीया के खास मौके पर आज से चार धाम यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। आज गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए हैं, वहीं केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल को खोले जाएंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

आज से उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है। अक्षय तृतीया पर सबसे पहले गंगोत्री धाम के कपाट खुले। इसके बाद यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए। इसके साथ ही चारधाम यात्रा शुरू हो गई है।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित मां यमुना और मां गंगा को समर्पित धामों यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। इस बार प्रकृति ने दोनों धामों का श्रृंगार बर्फ से किया हुआ है। गंगोत्री धाम के कपाट आज अक्षय तृतीया के अवसर पर दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर खुले। शुक्रवार को मां गंगा की भोग मूर्ति डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा से गंगोत्री के लिए रवाना हुई थी।


आज अक्षय तृतीय पर दोपहर 12 बजर 35 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के बाद मां यमुना के धाम यमुनोत्री मंदिर के कपाट खोल दिए गए। यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 41 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। आपको बता दें, शुक्रवार को मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से यमुनोत्री को रवाना हुई।  वहीं केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल के दिन खोले जाएंगे।

खबरों के मुताबिक चारधाम यात्रा के लिए अब तक 16 लाख से ज्यादा यात्री पंजीयन करवा चुके हैं। अभी भी इसका पंजीयन शुरू है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया था कि ऋषिकेश से 2200 यात्रियों के पहले जत्थे को गंगोत्री व यमुनोत्री के लिए रवाना कर दिया गया है। ऐसे में आपको धामों में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए टोकन व्यवस्था लागू रहेगी। इस यात्रा के लिए यात्रियों को पंजीकरण करवाना जरुरी रहेगा।


इसके लिए आप ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड़ में पंजीकरण करवा सकते हैं। गौरतलब है कि पहले सरकार ने चार धाम यात्रा में प्रतिदिन दर्शन करने के लिए यात्रियों की संख्याओं को निर्धारित किया था। लेकिन इसको लेकर काफी ज्यादा विरोध किया गया। जिसके बाद बद्रीनाथ केदारनाथ गंगोत्री यमुनोत्री में प्रतिदिन दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को सीमित रखने का निर्णय वापस ले लिया गया है।

बर्फबारी की दुश्वारियों के बीच 25 को खोले जाएंगे केदारनाथ धाम के कपाट

ग्यारहवें ज्योतिलिर्ंग बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल, को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसके लिए की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा निरंतर जानकारी ली जा रही है। आज केदारनाथ धाम में मौसम साफ है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सभी विभाग अपनी- अपनी तैयारियो एवं व्यवस्थाओं को पूरा करने में लगे है। अवर अभियंता डीडीएमए सुरेंद्र सिंह रावत ने अवगत कराया है कि, केदारनाथ धाम परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

इसके साथ ही केदारनाथ धाम में बर्फ हटाने का कार्य भी त्वरित गति से किया जा रहा है। सुलभ इंटरनेशनल द्वारा बनाए गए शौचालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही पेयजल विभागों द्वारा क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को ठीक किया जा रहा है। विद्युत विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर को दुरुस्त किया जा रहा है। जीएमवीएन द्वारा बनाई जा रही टेंट कॉलोनी से बर्फ हटाने का कार्य करते हुए टेंट लगाने का कार्य त्वरित गति से किया जा रहा है। सभी विभाग अपनी अपनी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को दुरस्त करने लगे हुए है।


'चारधाम यात्रा इस बार तोड़ेगी रिकॉर्ड'

चार धाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस बार यात्रा पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी और नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने सभी तीर्थ यात्रियों की सफल व सुरक्षित यात्रा की कामना की। मुख्यमंत्री से चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के प्रतिनिधियों ने भेंट की। इस मौके पर प्रतिनिधियों ने यात्रा की व्यवस्थाओं और सभी श्रद्धालुओं को सुगमता से देव दर्शन की व्यवस्था के लिए सीएम धामी का आभार जताया।

आपको बता दें कि, देश ही नहीं विदेश से भी हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम की यात्रा पर आते हैं। विगत वर्षों की कई खामियों को सरकार ने इस बार दूर करने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को सरल, सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सीएम धामी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि, प्रभु बदरी-केदार की कृपा से इस साल चारधाम यात्रा पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी और नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia