बेटी बचाओ और महिला आरक्षण के नारे में मोदी सरकार मस्त, जमीनी स्तर पर युवतियों की स्थिति चिंताजनक

पूंजीवाद के वर्चस्व के बाद से दुनिया में कट्टरपंथी दक्षिणपंथी ताकतें उफान मार रही है, प्रजातंत्र लगातार मरता जा रहा है। ऐसे में लैंगिक समानता के मामले में दुनिया आगे नहीं बल्कि पीछे सिमटती जाएगी और दुनिया महिला समानता के जश्न में डूबी होगी।

बेटी बचाओ और महिला आरक्षण के नारे में मोदी सरकार मस्त, जमीनी स्तर पर युवतियों की स्थिति चिंताजनक
i

हमारे देश में सामाजिक समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और मोदी सरकार नारों और पोस्टरों में व्यस्त है। ऐसा ही एक नारा है, बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओ। यह नारा हरेक जगह नजर आता है, पर देश में किशोरियों और महिलाओं की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब तो तमाम सरकारी दस्तावेज भी किशोरियों की गहराती समस्याओं को बता रहे हैं। विडंबना यह है कि अपने ही दस्तावेजों को मोदी सरकार रंगीन विज्ञापनों के माध्यम से झुठला रही है और दुनिया को विकसित भारत के सब्जबाग दिखा रही है।

हमारे देश में नेशनल फेमिली हेल्थ सर्वे 6 (2023-2024) के अनुसार 20.1 प्रतिशत बालिकाओं की शादी 18 वर्ष की उम्र से पहले और 15.9 युवाओं की शादी 21 वर्ष से पहले कर दी जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ये आंकड़े क्रमशः 23.3 प्रतिशत और 19 प्रतिशत हैं। इस सर्वे के अनुसार 15 से 19 वर्ष आयुवर्ग की शादीशुदा बालिकाओं में से 6.7 बालिकाएं 18 वर्ष से पहले माँ भी बन जाती हैं, ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह आंकड़ा 7.9 प्रतिशत है। इससे पहले के सर्वेक्षण 5 (2019-21) के अनुसार 18 वर्ष से कम उम्र में 23.3 प्रतिशत बालिकाओं की और 21 वर्ष से कम उम्र में 17.7 प्रतिशत युवकों की शादी हो जाती थी। देश में 15 से 19 वर्ष के बीच गर्भवती होने और माँ बनाने वाली बालिकाओं की संख्या 6.8 प्रतिशत थी।

हालांकि पांचवें सर्वेक्षण की तुलना में इस क्षेत्र में छठे सर्वेक्षण में कुछ तरक्की नजर आ रही है, पर यह विकास बहुत धीमा है। दोनों सर्वेक्षणों के आंकड़ों के संदर्भ में देखें तो इस गति से 18 वर्ष से कम उम्र में बालिकाओं का विवाह पूरी तरह रोकने में 20 वर्ष लगेंगे, जबकि 15 से 19 वर्ष की आयु में बालिकाओं को गर्भवती होने से रोकने में 210 वर्ष लगेंगे। लेकिन दिक्कत यह है कि इसे रोकने के लिए सरकार गंभीर नहीं है, इसके ठीक विपरीत सत्ता-संरक्षित अनेक राजनेता और धर्म-प्रचारक समय-समय पर बालिकाओं के शादी की उम्र को कानूनी तौर पर घटाने की वकालत खुलेआम करते हैं।

बालिकाओं की शादी ही एक समस्या नहीं है, सबसे बड़ी समस्या यह है कि शादी और गर्भ-धारण के लिए माँ और बच्चे की औसत से बेहतर स्वास्थ्य की आवश्यकता होती है। हाल में ही इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने देश के तमाम आबादी वर्ग में खून की कमी, यानी अनेमिया, और अल्प मात्रा में लेकिन विकास के लिए अतिआवश्यक माइक्रो-न्यूट्रीएंट्स की कमी से संबंधित फ़ैक्ट-शीट (2023-2025) प्रकाशित किया है। इसके अनुसार 10 से 19 वर्ष आयु की कुल बालिकाओं में से 46.5 प्रतिशत बालिकाएं अनेमिया की चपेट में हैं जबकि इसी आयु वर्ग के 22.8 प्रतिशत युवा इससे ग्रस्त हैं।

मोदी सरकार में सामाजिक आंकड़े बड़ी कठिनाई से जनता के सामने आते हैं, और जितने भी आंकड़े आते हैं उनका पिछले उसे प्रकार के आंकड़ों से तुलना करना असंभव होता है क्योंकि हरेक बार आंकड़ों का पैमाना बदल जाता है। इस फ़ैक्ट-शीट के अनुसार, 10 से 19 वर्ष का आयुवर्ग है, जबकि इससे पहले नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे अनेमिया के आंकड़े प्रकाशित करता था और यह 15 से 19 वर्ष के आयुवर्ग के आंकड़े बताता था। इस बार फ़ैक्ट-शीट के आंकड़ों के लिए अनेमिया के स्तर को मापने का तरीका भी पहले से अलग अपनाया गया था।

बेटी बचाओ और महिला आरक्षण के नारे में मोदी सरकार मस्त, जमीनी स्तर पर युवतियों की स्थिति चिंताजनक
बेटी बचाओ और महिला आरक्षण के नारे में मोदी सरकार मस्त, जमीनी स्तर पर युवतियों की स्थिति चिंताजनक
फोटोः महेंद्र पांडे

हरेक नए नेशनल फॅमिली हेल्थ सर्वे में अनेमिया से ग्रस्त आबादी की संख्या पहले के सर्वेक्षण से बढ़ जाती थी, और मोदी सरकार के पास हरेक समस्या का एक ही समाधान रहता है– वह है आंकड़ों की बाजीगरी। इसी बाजीगरी से देश में गरीबों की संख्या घट जाती है, अर्थव्यवस्था उछाल मारने लगती है और आबादी के स्वास्थ्य में सुधार आने लगता है। कभी आयु-वर्ग बदलता है, कभी आधार-वर्ष बदलता है तो कभी आंकड़े एकत्रित करने का तरीका ही बदल दिया जाता है।

अनेमिया के आंकड़े अंतिम बार नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे -5 (2019-2021) के साथ प्रकाशित किए गए थे। इसके अनुसार 15 से 19 वर्ष के आयुवर्ग की 59.1 प्रतिशत बालिकाओं और 31.1 प्रतिशत युवाओं में अनेमिया की समस्या थी। इसके अनुसार 15 से 49 वर्ष आयुवर्ग में गर्भवती महिलाओं में से 52.2 प्रतिशत इससे ग्रस्त थीं, जबकि हाल में प्रकाशित फैक्ट-शीट (2023-2025) के अनुसार, यह संख्या 43.6 प्रतिशत है, जबकि बच्चे को अपना दूध पिलाने वाली कुल महिलाओं में से 58.1 प्रतिशत अनेमिया से पीड़ित हैं।

इसे भी पढ़ेंः एआई पूंजीपतियों का नया हथियार, जलवायु परिवर्तन समेत कई समस्याओं को बढ़ावा देता है

पूरी दुनिया में दक्षिणपंथी सरकारों के वर्चस्व के बाद से लैंगिक समानता महज एक नारा और छलावा रह गया है, जबकि महिलायें हरेक क्षेत्र में पिछड़ती जा रही हैं और अब ऐसी समस्याएं नजर आने लगी हैं, जिनके समापन के बारे में हम आश्वस्त होते जा रहे थे। संयुक्त राष्ट्र डेवलपमेंट फंड द्वारा हाल में प्रकाशित, स्टेट ऑफ वर्ल्ड पॉपुलेशन 2026, में वैश्विक स्तर पर बालिकाओं के बारे में बहुत सी जानकारियां हैं, जिनसे स्पष्ट होता है कि लैंगिक समानता आज भी एक छलावा है। युद्ध, तापमान वृद्धि और गरीबी बढ़ाने के साथ ही बालिका-विवाह में वृद्धि हो रही है, यह 20 प्रतिशत तक पंहुच गई है। इसके साथ ही 15 से 19 वर्ष की आयु की बालिकाओं में मातृत्व दर 13 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इस आयुवर्ग की महिलाओं में मातृत्व-जटिलता मृत्यु के सबसे प्रमुख कारणों में एक है। 15 से 29 वर्ष के आयुवर्ग में मानसिक समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं और आत्महत्या इस आयुवर्ग में मृत्यु का तीसरा बड़ा कारण है।

इस रिपोर्ट के अनुसार, पूरी दुनिया में यौन संबंधों में महिलाओं की सहमति या असहमति की हमेशा उपेक्षा की जाती है। लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं के साथ उनके पति या पार्टनर यौन संबंधों के लिए सहमति लेना जरूरी नहीं समझते। बालिकाओं में यह समस्या अधिक है और घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का यह एक मुख्य कारण है। शादीशुदा महिलाओं के लिए भी यह स्थिति तकनीकी नजरिए में बलात्कार जैसी ही है, पर विडंबना यह है कि अधिकतर देश इसे बलात्कार नहीं मानते।

इसे भी पढ़ेंः हमारे यहां किसी युद्ध से भी अधिक लोग वायु प्रदूषण से मरते हैं, विरोध करने वाले देशद्रोही कहलाते हैं


हमारे देश में भी वर्ष 2023 से पहले चले आ रहे भारतीय दंड संहिता में तो इसे अपराध के तौर पर परिभाषित किया गया था, पर इसके बाद “भारतीय न्याय संहिता 2023” से इसे अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया गया। महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करने का दावा करने वाली सरकार ने ही सर्वोच्च न्यायालय में इसे अपराध की श्रेणी में रखने का प्रखर विरोध यह कहकर किया था कि इससे परिवार जैसी संस्था खतरे में आ जाएगी। दूसरी तरफ वर्ष 2024 में भारत सरकार के एक सर्वेक्षण के अनुसार, हरेक चौथी महिला बिना सहमति के यौन संबंध का शिकार है। दुनिया के 100 से अधिक देशों ने शादी के बाद भी बिना सहमति शारीरिक संबंध को अपराध के तौर पर न्याय-व्यवस्था में परिभाषित किया है।

महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ ही लैंगिक समानता और सामाजिक स्थिति में भी कोई विशेष प्रगति नहीं हो रही है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार सतत विकास लक्ष्य में पांचवां लक्ष्य वर्ष 2030 तक दुनिया में लैंगिक समानता लाना है, पर वर्तमान में जिस तरीके से इस दिशा में दुनिया आगे बढ़ रही है, उसमें इस लक्ष्य तक पहुंचने में कम से कम 300 वर्ष लगेंगे। लैंगिक समानता के सभी लक्ष्यों में से महज 15.4 प्रतिशत लक्ष्यों में दुनिया सही दिशा में आगे बढ़ रही है, 61.5 प्रतिशत लक्ष्यों से बहुत दूर है और 21.1 प्रतिशत लक्ष्यों में कोई प्रगति नहीं हुई है।

इसे भी पढ़ेंः गरीबों का मजाक उड़ाती मोदी सरकार, विश्व बैंक जैसी पूंजीवादी प्रचारक संस्थाएं भी भ्रम फैलाने में शामिल

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, दुनिया को बाल विवाह पूरी तरह रोकने में 300 वर्ष लगेंगे, हरेक महिला को पुरुषों के समान कानूनी अधिकार देने में 286 वर्ष, कार्यस्थलों पर उच्च पदों पर पुरुषों की बराबरी करने में 140 वर्ष और लगेंगे। दुनिया भर की सांसदों में लैंगिक समानता के लक्ष्य में बहुत प्रगति हुई है, अनुमान है कि अगले 47 वर्षों में सांसदों में लैंगिक समानता पूरी तरह से और जाएगी।

इन आंकड़ों से इतना तो स्पष्ट है कि महिलाओं की राजनीति में बढ़ती भागीदारी का महिलाओं की सामाजिक स्थिति से कोई संबंध नहीं है। राजनीति में महिलायें बढ़ती जा रही हैं और सामाजिक व्यवस्था में महिलायें तेजी से पिछड़ती जा रही हैं। महिला सशक्तीकरण और लैंगिक समानता के नारे और वादे सुनने को खूब मिलते हैं पर जमीनी स्तर पर कहीं भी कुछ नहीं बदला है। अब तो पूंजीवाद के वर्चस्व के बाद से दुनिया में कट्टरपंथी दक्षिणपंथी ताकतें उफान मार रही है, प्रजातंत्र लगातार मरता जा रहा है। ऐसे में लैंगिक समानता के मामले में दुनिया आगे नहीं बल्कि पीछे सिमटती जाएगी और दुनिया महिला समानता के जश्न में डूबी होगी।

इसे भी पढ़ेंः अनेक देशों में युवा लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, केवल भारत में आंदोलन सबसे बड़ा अपराध हो गया है

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए