विष्णु नागर का व्यंग्यः मोदी बहस की चुनौती तो कभी स्वीकार नहीं करेंगे, मगर झटपट अपनी आत्मकथा लिखवा सकते हैं!

आत्मकथा छपवाने के बाद सबसे बड़ा संकट यह आएगा कि भक्तगण भी इस पर विश्वास नहीं करेंगे कि उनके नॉन बायोलॉजिकल प्रभु किताब लिख सकते हैं। विरोधी कहेंगे कि जो शख्स सरकारी फाइलों तक को पढ़ना नहीं जानता, वह लिख कैसे सकता है!

मोदी बहस की चुनौती तो कभी स्वीकार नहीं करेंगे, मगर झटपट अपनी आत्मकथा लिखवा सकते हैं!
i

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बहस के लिए जो चुनौती दी है, उसे तो वे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेंगे, मगर सोनिया गांधी की आत्मकथा को मिली व्यापक पब्लिसिटी से जल-भुनकर वे भी झटपट आत्मकथा लिखवा सकते हैं। वैसे आत्मकथा तो अमूमन लेखक खुद ही लिखता है मगर वे नरेन्द्र मोदी हैं, साहेब हैं, इसलिए उनकी और पुस्तकों की तरह आत्मकथा भी किसी और को ही लिखनी पड़ेगी।

आप जानते हैं कि मोदी जी को पब्लिसिटी की लाइलाज़ बीमारी है। साढ़े बारह साल से पब्लिसिटी लूट-लूटकर उन्होंने हिंदुस्तान के हर आदमी-औरत-बच्चे-बूढ़े सभी की जान‌ खा रखी है। गाय-भैंस-काक्रोच-चींटियां बची हों तो बची हों वरना धरती पर इस समय जो भी मनुष्य नामक प्राणी हैं, उनमें से कोई भी नहीं बचा है। देश में नहीं बचा है और सुनने में आया है कि विदेशों में भी नहीं बचा है। हमारी तरह वे भी भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि हे तीनों लोकों के स्वामी, इनसे नहीं तो इनकी पब्लिसिटी से तो बचा लो वरना ये हमारा पूरा जीवन खा जाएंगे। इनका प्लान इतना लंबा-चौड़ा है कि अगला जन्म भी अगर मनुष्य के रूप में मिला तो उसे भी ये चट कर जाएंगे।

पब्लिसिटी की उन्हें ऐसी भूख है कि इसके लिए जान देने के अलावा वे सबकुछ कर सकते हैं और फिर उनके प्रधानमंत्री रहते कोई और पब्लिसिटी लूट ले जाए, इसे तो वे बर्दाश्त ही नहीं कर सकते। फिर ऐसी जबर्दस्त पब्लिसिटी उनके किसी राजनीतिक जानी दुश्मन को मिल जाए, यह तो उनके लिए प्राणलेवा है। अगर यह पब्लिसिटी बरसों की मेहनत से लिखी गई आत्मकथा से मिल रही हो तो भी वे इसे सहन नहीं कर सकते।

अगर यह सामंती युग हुआ होता और उनका पद प्रधानमंत्री का नहीं, राजा का हुआ होता तो वे ऐसी पब्लिसिटी लूटने वाले का सर कलम करवा देते या हाथी से कुचलवा देते मगर उनके दुर्भाग्य से उन्हें यह सुविधा इस युग में प्राप्त नहीं है क्योंकि वे गलत समय पर पैदा हुए हैं। चक्रवर्ती सम्राट जैसा व्यवहार करते हुए भी वे‌ सम्राट नहीं हैं और भारत की जनता उनकी प्रजा नहीं है।

फिलहाल वे इस किताब की नकारात्मक पब्लिसिटी गाली-गलौज, शंका-कुशंका के स्तर पर ही करवा सकते हैं और वह पूरी लगन‌ से करवा रहे हैं मगर जब वक्त बुरा आता है तो इसका लाभ भी लेखक को मिलता है। हर ऐसा आदमी जो अपनों और परायों की नजर में पढ़ा-लिखा दिखना चाहता है, वह वक्त का फायदा उठाकर इस पुस्तक को खरीद रहा है। कुछ तो ऐसे हैं जिन्होंने पच्चीस साल से कोई किताब नहीं खरीदी है मगर इसे खरीद रहे हैं कि उन्हें पढ़ा-लिखा दिखना है और इसे पढ़े बिना ऐसा दिखना है! इस किताब को घर के ड्राइंग रूम में रखना भी एक तरह का स्टेटस सिंबल बन चुका है!

मेरा दृढ़ विश्वास है कि मोदी जी ने भी अब तक आत्मकथा लिखवाना शुरू कर दिया होगा और किसी दिन अचानक हमें पता चलेगा कि माननीय की आत्मकथा बाजार में आ गई है, जो न गुजराती में है और न हिंदी में बल्कि अंग्रेजी में है और उसकी भूमिका उन्होंने अमेरिकी पब्लिसिस्ट को डॉलर देकर डोनाल्ड ट्रंप से लिखवाई है। उसका अति भव्य विमोचन समारोह न्यूयॉर्क में होना तय हुआ है।

इसे भी पढ़ेंः विष्णु नागर का व्यंग्यः मोदी-शाह के बुरे दिन चल रहे हैं, इधर नेतन्याहू हार गया, उधर ट्रंप को भी झटका लगा


वे सोनिया गांधी को उनका कद दिखाने और अपना कद बढ़ाने के लिए इससे भी आगे जा सकते हैं। किसी दिन यह पता चल सकता है कि उनकी किताब का विमोचन न्यूयॉर्क में भी नहीं बल्कि अंतरिक्ष स्टेशन पर होने वाला है और वे तैरते हुए इस समारोह के मुख्य अतिथि और अध्यक्ष भी होंगे क्योंकि ट्रंप ने यह खतरा उठाने से इनकार कर दिया है। इस पर भारत सरकार का महज पांच खरब डॉलर का खर्च होगा, जो मोदी जी की नजर में 'विकसित भारत' की दिशा में लगाई गई लंबी छलांग है!

वह सोनिया गांधी और राहुल गांधी की नाक काटने के लिए और उनकी खून से लथपथ नाक का दुनिया भर में प्रदर्शन करने के लिए इससे बड़ा अगर कुछ संभव हो सकता है तो वह भी कर सकते हैं। वैसे भी 20 जुलाई के बाद से सोनिया गांधी के बेटे ने उनकी नाक में इतना दम कर रखा है कि आप इसका अनुमान भी लगा नहीं सकते कि इसका उनके पहले से ही बिगड़े हुए मानसिक स्वास्थ्य पर कितना बुरा असर पड़ा है।

अभी उससे उबरे भी नहीं थे और निकट भविष्य में इसकी कोई संभावना भी नहीं दिखाई दे रही थी कि इसी बीच राहुल जी की माता जी यह किताब लेकर मैदान में कूद पड़ी हैं। उन्हें रोकने की भरपूर कोशिश की गई, फिर भी उनका रास्ता रुका नहीं। पहले लगता था कि वे अब पृष्ठभूमि में जा चुकी हैं मगर आत्मकथा छपवाकर वे फिर से मुख्य भूमिका में आ गई हैं।

इसे भी पढ़ेंः विष्णु नागर का व्यंग्यः साहेब की हालत बहुत टाइट चल रही है, राहुल गांधी के फोबिया में रात भर सो नहीं पाते!

मैं चूंकि मोदी जी का दुश्मन नहीं हूं इसलिए मेरा उन्हें विनम्र-सा सुझाव है कि माननीय जी सोनिया गांधी से मुकाबला करने के लिए आप आत्मकथा मत लिखवाना और लिखने का ठेका किसी को दे दिया हो तो पैसों की चिंता किए बगैर उसे रद्द कर देना। जरूरत पड़े तो इसका घाटा पूरा करने के लिए पीएम केयर्स फंड से पैसा निकाल लेना। सबै भूमि गोपाल की तरह, सबै धन मोदी का है! किसी तरह का संकोच मत करना।

आत्मकथा छपवाने के बाद सबसे बड़ा संकट यह आएगा कि भक्तगण भी इस पर विश्वास नहीं करेंगे कि उनके नॉन बायोलॉजिकल प्रभु किताब लिख सकते हैं। विरोधी कहेंगे कि जो शख्स सरकारी फाइलों तक को पढ़ना नहीं जानता, वह लिख कैसे सकता है और उसने सोनिया गांधी की किताब से भी बड़ी किताब कैसे लिख दी है! यह संभव नहीं है।

जो पर्याप्त डरपोक होंगे, वे कहेंगे कि 18-18 घंटे काम करने वाले प्रधानमंत्री के पास इतना समय कहां है कि बेचारा इतनी बड़ी किताब लिखे, जरूर उसने किसी से इसे लिखवाया होगा। फिर बंदे को अंग्रेजी भी नहीं आती, भले ही उसकी एक दर्जन किताबें अंग्रेजी में आ चुकी हैं, मगर इसकी जानकारी कल तक सिर्फ प्रकाशकों और लाइब्रेरी के लिए खरीद करने वालों तक सीमित थी लेकिन वह आत्मकथा लिखवाएंगे तो तुरंत सबका ध्यान जाएगा कि बंदे ने एक और झूठ, एक और फर्जीवाड़ा कर दिखाया है। जो सातवीं पास अपनी निरक्षर मां के नाम जाली चिट्ठियों की किताब पैदा कर सकता है, वह कुछ भी कर सकता है।

इसे भी पढ़ेंः विष्णु नागर का व्यंग्यः फाइल में 'साहेब' की जान है, बस जादूगर के इशारे की देरी है, फाइल तो खुलेगी!


और तो और कुछ पढ़े-लिखे बदमाश उनकी आत्मकथा के लेखक की अंग्रेजी में खामियां ढूंढना शुरू कर देंगे क्योंकि उसका शैक्षणिक और मानसिक स्तर मोदी जी से बेहतर नहीं हो सकता। तमाम गोदी चैनलों द्वारा तारीफ के बावजूद उसकी इतनी चिंदियां उड़ेंगी कि अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जापान तक जाकर गिरेंगी। आज जो सोनिया गांधी की किताब में तथ्यात्मक भूलों की चर्चा कर रहे हैं, वे मोदी जी की आत्मकथा की तुलना सोनिया गांधी की आत्मकथा से करेंगे और सबकुछ गुड़गोबर हो जाएगा।

बस मैं कुछ नहीं करनेवाला। इस पर अपना समय बर्बाद नहीं करूंगा। समय की जितनी बर्बादी करने में मैं सक्षम हूं, उतनी मैंने अभी यह लिखकर कर दी है। फैज की तरह कहा जा सकता है कि दुनिया में और भी गम हैं मोदी जी की चिंदियां उड़ाने के सिवा। मैं यह सलाह मोदी जी को इसलिए भी दे रहा हूं कि मैंने भी कभी मुक्तिबोध जैसा कवि, प्रेमचंद जैसा कथाकार और मार्केज जैसा उपन्यासकार बनने की कोशिश की थी और नतीजा यह है कि मैं विष्णु नागर भी नहीं रह सका!

बाकी आप अपनी मर्जी के मालिक हो। असफलता का एक और कलंक लगाना चाहते हो तो खु़ुशी-खु़ुशी  लगाओ। मैं भी ताली बजाऊंगा और कहूंगा कि मैंने पहले ही कहा था मगर किसी को कुएं में गिरने का शौक हो तो उसे कोई कब तक रोक सकता है!

इसे भी पढ़ेंः विष्णु नागर का व्यंग्यः खुशफहमी में जीनेवालों को उनके हाल पर छोड़ देना चाहिए, खुद एक दिन जमीन पर आ जाएंगे!

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए