
सलमान खान, ऋतिक रोशन, आलिया भट्ट और प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड के उन कलाकारों में से हैं, जिन्होंने रोमांटिक नंबर या डांस ट्रैक को अपनी आवाज देने के लिए माइक्रोफोन थामा था। वहीं बड़े पर्दे के कलाकार चाहे वह नवोदित हो या अनुभवी हो वे अब अपने कौशल क्षेत्र को व्यापक कर रहे हैं और आगामी फिल्मों के लिए रैपिंग की तैयारी कर रहे हैं।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी आगामी फिल्म 'बोले चूड़ियां' में रैपिंग करने के लिए तैयार हैं। यह फिल्म, अभिनेता के भाई शमास नवाब सिद्दीकी के निर्देशन में बनने वाली पहली फिल्म है।
इस बारे में नवाजुद्दीन ने कहा, "मैं एक गायक नहीं हूं, लेकिन मैंने एक रैप गीत गाने की कोशिश की है।" उन्होंने कहा कि इस फिल्म के निर्माताओं ने उन्हें ऐसा करने के लिए बहुत मनाया।
नवाज ने आगे कहा, "मुझे नहीं लगता कि मेरे पास गाना गाने की क्षमता है और मैं गायक भी नहीं बनना चाहता। मुझे लगता है कि उस गीत में कुछ तत्व थे और उन (तत्वों) के कारण, मेरी आवाज गाने के अनुकूल बनी।"
यह भी चर्चा है कि 'हाउसफुल 4' में एक रैप गीत होगा जिसे फिल्म के प्रमुख अभिनेता अक्षय कुमार अपनी आवाज देंगे।
इस बीच, नवोदित अभिनेता करण देओल ने बॉलीवुड में एक दोहरी शुरुआत की है, पहली अभिनेता के तौर पर और दूसरी एक रैपर के तौर पर। उनके पिता व अभिनेता और फिल्म निर्माता सनी देओल ने उनकी आगामी फिल्म 'पल पल दिल के पास' से उन्हें लॉन्च किया है, जो इस महीने के आखिरी में आएगी।
करण ने आईएएनएस को बताया, "मैंने एक रैप गाया है, जिसे फिल्म की शुरुआत में एक गीत के एक हिस्से के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा और मैं वास्तव में इसके बारे में उत्साहित हूं क्योंकि मुझे रैप करना पसंद है।"
वहीं अगर बीते फरवरी की ओर रुख करें तो आपको याद ही होगा रणवीर सिंह का वह किरदार, जो उन्होंने 'गली बॉय' में निभाया था। इस फिल्म में एशिया के सबसे स्लम में से एक धारावी के सामाजिक मुद्दों को आधार बनाया गया था।
इस पर नावेद शेख, जिन्हें नेजी के नाम से भी जाना जाता है, और जिनके जीवन पर ही 'गली बॉय' बनाई गई थी, उन्होंने कहा, "मेरे ख्याल से यह काफी शानदार है कि भारत में हिप-हॉप और रैप की संस्कृति विकसित हो रही है।"
नेजी ने आईएएनएस को बताया, "दोस्तों, परिवार, प्रशंसकों और क्रिएटिव जगत से मेरी एकमात्र भावनात्मक अपील यह है कि हिप-हॉप हमेशा हमारी संस्कृति का हिस्सा रहा है। यह युवाओं की आवाज है। तो आइए इसे एक ही समय में प्रामाणिक, मजेदार और प्रेरणादायक बनाने का प्रयास करते हैं।"
इनके अलावा भी कई लोग हैं। उदाहरण के लिए आमिर खान ने महिला सशक्तिकरण पर बना गाना 'धाकड़' गीत में अपने रैप कौशल का प्रदर्शन किया था। 2016 की फिल्म 'दंगल' में भले ही इसे प्रदर्शित नहीं किया गया था, लेकिन कई लोगों ने इसे काफी पसंद किया था। फिल्म में इसके ऑरिजनल वर्जन के लिए रैपर रफ्तार को सराहना के साथ काफी लोकप्रियता मिली।
बॉलीवुड अभिनेताओं के साथ रैप करने की बात पर रफ्तार ने आईएएनएस को बताया, "यह अच्छी बात है कि बॉलीवुड अब एक ही श्रेणी में बंधकर नहीं रहा है। किसी दिन रैपर और गायक भी अभिनय करना शुरू कर सकते हैं।"
वहीं इस बारे में रैपर इक्का ने आईएएनएस को बताया, "हमारे देश में हिप-हॉप एक लंबा सफर तय कर चुका है। इसे भारत में सबसे कम वर्ग की शैलियों में से एक माना जाता था। भारत में जनता हिप-हॉप की शक्ति को नहीं जानती थी। इसलिए इसे कभी प्यार नहीं मिला।"
उन्होंने आगे कहा, "रैप एक ऐसी चीज है जिससे लोग जुड़ सकते हैं, क्योंकि यह उनकी भावनाओं को शब्दों के जरिए व्यक्त करने में मदद करता है।"
अजय देवगन पीछे मुड़कर देखने और भविष्य को लेकर बहुत कुछ सोचने पर भरोसा नहीं करते हैं। उन्हें वर्तमान में रहना पसंद है। अभिनेता का कहना है कि वह स्टारडम के बारे में भी परवाह नहीं करते हैं न ही सोचते हैं और इसी सोच से उन्हें वास्तविकता में रहने में मदद मिलती है।
दिवंगत वरिष्ठ एक्शन निर्देशक वीरू देवगन के बेटे, अजय ने 1991 में 'फूल और कांटे' से बॉलीवुड में प्रवेश किया। फिल्म हिट रही और अजय की आगे बढ़ने की शुरुआत इसी से हुई।
अजय ने आईएएनएस को बताया, "सौभाग्य से, मुझे अपने जीवन में कभी भी संघर्ष से नहीं गुजरना पड़ा। सारी चीजें सही से होती चली गईं। मैंने अपने अब तक के सफर से जो चीज सीखी, वह है कड़ी मेहनत।" इसके साथ ही अभिनेता ने बताया कि वह खुद को दूसरे से तुलना करने में भरोसा नहीं करते हैं और न ही उन्हें पीछे मुड़कर अतीत में देखना पसंद है, बल्कि वे आज की तरफ देखते हैं।
उनसे पूछे जाने पर कि वह अपने स्टारडम से खुद को कैसे अलग कर लेते हैं? इस पर अभिनेता ने कहा, "मैं इसके बारे में नहीं सोचता हूं। मुझे इसकी परवाह नहीं है। मैं बाहर बहुत ज्यादा नहीं जाता हूं। मैं अपनी शक्ति का प्रदर्शन नहीं करता हूं। मुझे लगता है कि हम दोनों (काजोल और उन्हें) को इसकी परवाह नहीं है। हम अपनी जगह पर खुश हैं।"
हॉलीवुड स्टार बेन एफ्लेक का मानना है कि वह नहीं चाहते कि उनके बच्चे उनकी प्रसिद्धि की कीमत अदा करें। इस बात पर अजय भी उनसे सहमत हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि यह वास्तव में संभव नहीं हो पाता है।
दो बच्चों के पिता अजय ने कहा, "मैं उनसे सहमत हूं। लेकिन, क्या यह संभव है? मुझे नहीं पता कि ऐसा हो सकता है या नहीं।"
न्यासा और युग पर लगातार स्पॉटलाइट आपको परेशान करती है?
इस पर अभिनेता ने कहा, "यह मुझे काफी परेशान करता है। लेकिन मुझे लगता है कि बच्चे भी समझदार हैं कि अगर वे अपने माता-पिता से बहुत सारी सकारात्मक चीजें प्राप्त करते हैं, तो कुछ नकारात्मक भी होंगे।"
फिल्म जगत में 28 वर्षों तक काम करने के बाद और 100 से अधिक फिल्मों में काम करने के बाद अजय को कई प्रतिभाओं से पूर्ण एक स्टार के रूप में जाना जाता है। वह एक अभिनेता, निर्देशक, निर्माता हैं और वह गाना भी गा चुके हैं। ये सभी चीजें उनके स्टार स्टेटस को और भी दमदार बनाती है।
कुछ प्रशंसकों के लिए अजय बॉलीवुड के गंभीर अभिनेता हैं, जिन्होंने दो राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं। दूसरों के लिए वह शानदार एक्शन स्टार हैं। वहीं कुछ उन्हें कॉमेडी हीरो भी मानते हैं।
उनके फिल्मों के चयन ने उन्हें बाकियों से अलग बनाया है, जो हैं 'विजयपथ', 'दिलजले', 'गंगाजल', 'ओमकारा', 'दृश्यम', 'टोटल धमाल', 'दिलवाले', 'हम दिल दे चुके सनम', 'कंपनी', 'युवा', 'गोलमाल' व 'सिंघम' फ्रेंचाइजी, वहीं उन्हें आखिरी बार 'दे दे प्यार दे' में देखा गया था।
अब उन्हें आगामी पीरियड ड्रामा फिल्म 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' में देखा जाएगा, जिसमें काजोल भी हैं। वहीं वह 'फुटबाल' में महान फुटबॉलर सैयद अब्दुल रहीम की कहानी को भी पर्दे पर जीवंत करेंगे।
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए