क्रिकेट

Champions Trophy 2025: टीम इंडिया की पाकिस्तान पर शानदार जीत, किंग कोहली का दमदार शतक

विराट कोहली ने विनिंग शॉट में चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया। वनडे में यह कोहली का 51वां शतक है। श्रेयस अय्यर ने 56 जबकि शुभमन गिल ने 46 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी ने दो विकेट लिये।

टीम इंडिया की पाकिस्तान पर शानदार जीत, किंग कोहली के  शतक के दम पर 6 विकेट से हराया
टीम इंडिया की पाकिस्तान पर शानदार जीत, किंग कोहली के शतक के दम पर 6 विकेट से हराया  फोटोः @BCCI

भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया। पाकिस्तान को 49.4 ओवर में 241 रन पर आउट करने के बाद भारत ने 42.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत के लिए दिग्गज विराट कोहली ने नाबाद 100 रन की पारी खेली। वनडे में यह कोहली का 51वां शतक है। श्रेयस अय्यर ने 56 जबकि शुभमन गिल ने 46 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी ने दो विकेट लिये।

पाकिस्तान के 241 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने सधी शुरुआत की। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। हालांकि, भारत को पहला झटका तब लगा जब 5वें ओवर में कप्तान रोहित शर्मा 20 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड आउट हो गए। उसके बाद आए विराट ने शुभमन गिल के साथ पारी संभाली। गिल अपना फिफ्टी पूरा ही करने वाले थे कि 18वें ओवर में अबरार अहमद ने उन्हें बोल्ड कर दिया।

गिल के आउट होने के बाद विराट ने श्रेयस अय्यर के साथ पारी संभाली। दोनों टीम को जीत के काफी करीब ले आए। इस बीच विराट और अय्यर दोनों ने अपना अर्द्धशतक पूरा किया। लेकिन जब जीत 30 रन दूर थी तभी अय्यर 39वेंं ओवर में रन आउट हो गए। इसके अगले ही ओवर में उनके बाद आए हार्दिक पांड्या भी चलते बने। हालांकि तब तक टीम इंडिया जीत के दहलीज पर पहुंच गई थी और विकेट गिरने से विराट के लय पर कोई असर नहीं पड़ा। विराट का अक्षर पटेल साथ देते रहे और विराट ने जब जीत के लिए 2 रन चाहिए था तो चौका जड़कर अपना शतक भी पूरा किया और टीम को जीत भी दिलाई।

इससे पहले टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम 49वें ओवर में 241 रन पर ढेर हो गई। भारतीय गेंदबाजी के आगे शुरू से पाकिस्तान टीम लड़खड़ाती रही और पूरी पारी के दौरान रन जुटाने के लिए जूझती रही और पूरी टीम 49वें ओवर में आउट हो गई। सउद शकील ने सबसे ज्यादा 62 रन और कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 46 रन बनाए, जिससे पाक टीम की लाज बच पाई। भारत के लिये कुलदीप यादव ने तीन और हार्दिक पंड्या ने दो विकेट लिये।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए