क्रिकेट

जोहांसबर्ग वनडे में भारत ने साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से रौंदा, अर्शदीप-आवेश के कहर के बाद सुदर्शन-अय्यर का तूफान

जोहांसबर्ग में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को आठ विकेट से रौंद कर मैच अपने नाम कर लिया है। अफ्रीका के 117 रन के टारगेट को भारतीय बल्लेबाजों ने 17वें ओवर में ही हासिल कर लिया। भारत की ओर से साई सुदर्शन और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक जड़ा।

भारत ने साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से रौंदा, अर्शदीप-आवेश के कहर के बाद सुदर्शन-अय्यर का तूफान
भारत ने साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से रौंदा, अर्शदीप-आवेश के कहर के बाद सुदर्शन-अय्यर का तूफान फोटोः सोशल मीडिया

अर्शदीप सिंह और आवेश खान की घातक गेंदबाजी के बाद साई सुदर्शन और श्रेयस अय्यर की शानदारी बैटिंग प्रदर्शन के दम पर जोहांसबर्ग में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को आठ विकेट से रौंद कर मैच अपने नाम कर लिया है। अफ्रीका के 117 रन के टारगेट को भारतीय बल्लेबाजों ने 17वें ओवर में ही हासिल कर लिया। भारत की ओर से साई सुदर्शन और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक जड़ा। इससे पहले अर्शदीप ने 5 विकेट और आवेश ने 4 विकेट लेकर अफ्रीका की पारी को 116 रन पर समेट दिया था।

इससे पहले न्यू वांडरर्स स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उनका ये फैसला पूरी तरह गलत साबित कर दिया। अफ्रीकी टीम 27.3 ओवर ही बल्लेबाजी कर सकी और 116 रन के छोटे स्कोर पर ऑलआउट हो गई।

भारत के लिए अर्शदीप सिंह और आवेश खान की स्विंग और उछालभरी गेंदबाजी ने अफ्रीकी बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। अर्शदीप ने 5 और आवेश ने 4 विकेट लिए। वहीं, कुलदीप यादव के नाम एक विकेट आया। जबकि मेजबान टीम के लिए सबसे ज्यादा 33 रन एंडिले फेलुक्वायो ने बनाए।

शुरुआत में अर्शदीप सिंह ने तहलका मचा दिया लेकिन इसके बाद आई आवेश खान की आंधी जिसके बाद इन दोनों गेंदबाजों ने मिलकर नौ विकेट लिए। अंतिम विकेट हालांकि कुलदीप यादव को मिला और आवेश अपने पांच विकेट पूरा करने से रह गए। इस बीच दाद देनी होगी केएल राहुल की कप्‍तानी की भी जिन्‍होंने लगातार अपने तेज गेंदबाजों को लगाए रखा और इसमें गेंदबाजों ने भी लंबे स्‍पैल के लिए खुद को तैयार रखा।

दक्षिण अफ्रीका का हाल कुछ ऐसा रहा कि दिग्गजों से सजी टीम के तीन बल्लेबाज जोहान्सबर्ग में खाता भी नहीं खोल सकी। एंडिले फेलुक्वायो ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। टोनी डी जॉर्जी ने 28, एडन मार्करम ने 12 और तबरेज शम्सी ने 11 रन बनाए। बाकी बैटर्स 10 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। हेनरिक क्लासन 6, डेविड मिलर 2, केशव महाराज 4 और नांद्रे बर्गर 7 रन ही बना सके।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए