क्रिकेट

आईपीएल-11: अकेले संघर्ष करते रहे कोहली, लेकिन दूसरे छोर से गिरते रहे उनके सारे योद्धा

आईपीएल-11 के मैच में आरसीबी कप्तान अकेले एक छोर से संघर्ष करते रहे, लेकिन उनके सारे खिलाड़ी एक-एक कर उनका साथ छोड़ गए और मुंबई इंडियंस ने इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया मुंबई इंडियंस के खिलाफ विराट कोहली का संघर्ष

आरसीबी के कप्तान अपनी पूरी लय में थे। उनके बल्ले से शानदार शॉट निकल रहे थे। स्कोर बोर्ड पर रन भी जुड़ रहे थे। लेकिन दूसरे छोर पर उनकी टीम के सारे खिलाड़ी एक-एक कर उनका साथ छोड़ते चले गए। लक्ष्य था विशाल 214 रन और निर्धारित 20 ओवर काफी कम पड़े। आखिरकार विराट कोहली की संतुलित और संयमित पारी निर्रथक साबित हुई और उसे 46 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के 11वें सीजन में पहली जीत दर्ज की।

इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा (94) और इविन लुइस (65) की दमदार पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के सामने 214 रनों की विशाल चुनौती रखी है। रोहित अपने शतक से चूक गए और आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुए। हार्दिक पांड्या ने अंत में पांच गेंदों में 17 रन बनाकर मुंबई को 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 213 रनों के स्कोर तक पहुंचाया।

बेंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। उनका यह फैसला सही लग रहा था क्योंकि उमेश यादव ने पहले ओवर की पहली दो गेंदों पर मुंबई के दो विकेट गिरा दिए थे। उमेश ने पहली गेंद पर सूर्यकुमार यादव को बोल्ड किया और फिर अगली गेंद पर युवा बल्लेबाज ईशान किशन को बोल्ड कर मुंबई का स्कोर बिना किसी रन के दो विकेट कर दिया।

कप्तान रोहित ने यहां जिम्मेदारी ली और दूसरे सलामी बल्लेबाज लुइस के साथ मिलकर पारी को न सिर्फ संभाला बल्कि तेजी से रन भी बटोरे। दोनों ने तीसरे विकेट लिए 108 रनों की साझेदारी को अंजाम दिया। 42 गेंद खेलकर छह चौके और पांच चौके मारने वाले लुइस को कोरी एंडरसन ने अपना शिकार बनाया।

कुणाल पांड्या ने 12 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाए। वह 148 के कुल स्कोर पर रन आउट हुए। केरन पोलाड सिर्फ पांच रन ही बना सके और क्रिस वोक्स का पहला शिकार बने। रोहित दूसरे छोर से ताबड़तोड़ रन बना रहे थे। बेंगलोर के गेंदबाजों के हर दांव विफल हो रहे थे। रोहित आसानी से अपने शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर जब वह शतक से छह रन दूर थे तभी एंडरसन की गेंद पर वोक्स ने उन्हें लॉन्ग ऑन पर लपक लिया।

रोहित ने अपनी पारी में सिर्फ 52 गेंदों का सामना किया और 10 चौके तथा पांच छक्के लगाए। हार्दिक नाबाद लौटे। बेंगलोर के लिए उमेश यादव और कोरी एंडरसन ने दो-दो विकेट लिए। क्रिस वोक्स को एक विकेट मिला।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए