क्रिकेट

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने लिया संन्यास, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को कहा अलविदा

वहाब ने 2008 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से पाकिस्तान के लिए 154 मैचों में 237 विकेट लिए हैं। उन्होंने 27 टेस्ट, 91 वनडे और 36 टी20 मैच खेले और इस दौरान टेस्ट में 83 विकेट, वनडे में 120 और टी20 में 34 विकेट लिए।

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने लिया संन्यास
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने लिया संन्यास फोटोः सोशल मीडिया

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 से ठीक पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। जिससे उनका 15 साल का इंटरनेशनल करियर खत्म हो गया। अपनी तेज रफ्तार गेंदों के साथ रियाज मैदान पर अपने तीखे तेवर दिखाने के लिए भी मशहूर रहे हैं।

पाकिस्तान टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से अपने संन्यास की घोषणा की है। हालांकि वह दुनिया भर में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। 38 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2020 के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।

वहाब रियाज ने 2008 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से पाकिस्तान के लिए 150 से अधिक मैचों में 237 विकेट के साथ संन्यास लिया। उन्होंने अपने देश के लिए 27 टेस्ट, 91 वनडे और 36 टी20 मैच खेले। इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में 83 विकेट, वनडे में 120 विकेट और टी20 में उन्होंने अपने 34 विकेट किए हैं।

वहाब ने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा, “मैं पिछले दो वर्षों से अपनी सेवानिवृत्ति योजनाओं के बारे में बात कर रहा हूं। मैने जैसा कहा था कि 2023 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में संन्यास लेने का मेरा लक्ष्य है और अब मैं पहले से कहीं अधिक सहज महसूस करता हूं कि मैंने अपने देश और राष्ट्रीय टीम की सर्वोत्तम सेवा की है। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात है।"

वहाब ने कहा कि इस अध्याय को अलविदा कहने के साथ ही, मैं फ्रेंचाइजी क्रिकेट में एक नए सफर के आगाज के लिए उत्साहित हूं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वहाब रियाज आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के तीन सबसे हालिया संस्करणों में दिखाई दिए और 2011 के वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के सेमीफाइनल चरण में मोहाली में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ पाकिस्तान के लिए शानदार पांच विकेट लेने में सफल रहे थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • अर्थतंत्र की खबरें: दिवाली से पहले शेयर बाजार में जश्न, सेंसेक्स 2,009 अंक चढ़ा और धनतेरस से पहले सोना-चांदी में उछाल

  • ,
  • रोनाल्डोः 3 बड़ी ट्रॉफी, सर्वाधिक गोल और अनगिनत रिकॉर्ड्स, पुर्तगाल की जर्सी में हासिल किए कई ऐतिहासिक मुकाम

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किया अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का ऐलान, वीडियो शेयर कर दी जानकारी

  • ,
  • राजस्थान पंचायत चुनावः तीसरे चरण के मतदान के दौरान कई जगह हंगामा, कई बूथों पर मारपीट और झड़प

  • ,
  • खेल: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास और CSK और SRH ने की खिलाड़ियों की अदला-बदली