
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि संजू सैमसन भविष्य में चेन्नई सुपर किंग्स में एमएस धोनी की जगह लेने के लिए सबसे सही खिलाड़ी हो सकते हैं। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स अपने अभियान का आगाज राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 मार्च को करेगी।
पठान ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है कि धोनी का यह आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है। उन्होंने बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स ने सैमसन जैसे विकेटकीपर-बल्लेबाज को टीम में शामिल किया है, जो आने वाले कई सालों तक खेल सकते हैं और धोनी के बाद टीम का चेहरा बन सकते हैं। पठान के अनुसार, सैमसन एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें फैंस पसंद करते हैं और उनसे आसानी से जुड़ सकते हैं।
Published: undefined
पठान ने सैमसन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने हाल के समय में अपने खेल में काफी सुधार किया है। खासकर इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी फॉर्म बेहतर हुई है। हाल ही में उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने। ऐसे में वह धोनी के बाद टीम की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है जब धोनी टीम की कमान धीरे-धीरे किसी और खिलाड़ी को सौंप सकते हैं और सैमसन इसके लिए अच्छे विकल्प हैं। धोनी के रोल पर बात करते हुए पठान ने कहा कि पहले वह मैच के आखिरी ओवरों में आकर टीम को जीत दिलाते थे, लेकिन उम्र और फिटनेस की वजह से अब उनका असर बतौर फिनिशर थोड़ा कम हो गया है। खासकर घुटने की समस्या के कारण उनका खेल प्रभावित हुआ है।
Published: undefined
पठान ने एक आईपीएल मैच का उदाहरण दिया, जिसमें संदीप शर्मा के खिलाफ धोनी मुकाबले को अंत तक तो ले गए थे, लेकिन चेन्नई को जीत नहीं दिला सके थे। उन्होंने कहा कि पहले धोनी मुश्किल परिस्थितियों में मैच खत्म कर देते थे, लेकिन अब ऐसा कम देखने को मिल रहा है। इसलिए अगर वह टीम में खेल रहे हैं, तो उन्हें सिर्फ आखिरी दो ओवर नहीं, बल्कि कम से कम चार या पांच ओवर बल्लेबाजी करनी चाहिए, ताकि टीम को ज्यादा फायदा मिल सके। आखिर में पठान ने कहा कि धोनी की विरासत बहुत बड़ी है और उन्हें उसी स्तर पर खेलते हुए अपनी भूमिका निभानी चाहिए। वहीं, सैमसन जैसे खिलाड़ी के आने से टीम का भविष्य भी मजबूत नजर आता है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined