
इंग्लैंड ने 30 साल पुराना बदला चुकाते हुए रविवार को पाकिस्तान को बेहद रोमांचक मुकाबले में 5 विकेट से हराकर दूसरी बार टी20 विश्व कप चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया। इंग्लैंड को 30 साल पहले 1992 में इमरान खान की पाकिस्तानी टीम से मेलबर्न में ही वनडे विश्व कप के फाइनल में 22 रन से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इंग्लैंड ने इस बार बाबर आजम की टीम को वो इतिहास दोहराने का मौका नहीं दिया।
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को आठ विकेट पर 137 रन पर रोकने के बाद 19 ओवर में पांच विकेट पर 138 रन बनाकर खिताबी जीत हासिल कर ली। बेन स्टोक्स ने 49 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 52 रन की विजयी पारी खेली। इसके बाद इंग्लैंड के सभी खिलाड़ी और दर्शक जीत की खुशी से झूमने लगे।
मैच के शुरूआती पलों से ही इंग्लैंड ने अपना दबदबा कायम रखा और 2010 के बाद एक बार फिर से टी20 विश्व कप को अपने नाम किया। पाकिस्तान को एक छोटे से स्कोर पर रोकने के बाद उनके बल्लेबाजों ने भी बढ़िया प्रदर्शन किया। बीच में एक बार के लिए लगा कि पाकिस्तान वापसी कर रहा है लेकिन इंग्लैंड ने ऐसा नहीं होने दिया।
आज के मैच में पाकिस्तान की हार कारण एक बार फिर उसकी बल्लेबाजी बनी। विश्व कप के फाइनल जैसे बड़े मैच में पाकिस्तानी टीम का न सिर्फ टॉप ऑर्डर फेल हो गया, बल्कि बाकी बल्लेबाज भी कोई खास भरोसा नहीं दिला पाए और सिर्फ 137 रन पर ही टीम सिमट गई। सिर्फ कप्तान बाबर आजम 32 रन और शान मसूद 38 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा पाए। हालांकि पाकिस्तान के गेंदबाजों ने जरूर इस लक्ष्य को बचाने के लिए मेहनत की। लेकिन रन इतना कम था कि उनकी मेहनत बेकार साबित हुई।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए