अपराध

मैट्रिमोनियल साइट के जरिए शादी का झांसा देकर लड़कियों से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, IIM बेंगलोर से पासआउट है आरोपी

पुलिस ने बताया कि राहुल चतुर्वेदी नाम का आरोपी जीवन साथी डाट कॉम और वेटर हॉफ साइट पर अपनी प्रोफाइल में अपने आप को विप्रो कंपनी का रीजनल मैनेजर एचआर बताकर लड़कियों से सम्पर्क कर उनसे मोबाइल नंबर लेता था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर को गिरफ्तार किया है, जो आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए कर चुका है और कई बड़ी कंपनियों में बड़े पदों पर काम भी कर चुका है। वह लाखों रुपये की सैलरी पाता था और उसके बाद अब वह कपड़ों का बिजनेस कर रहा है। इसके साथ-साथ वह मैट्रिमोनियल साइट्स पर अपने आप को रजिस्टर्ड करवाकर लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उन्हें धोखा देता है और उनसे ठगी करता है। 

पुलिस ने बताया कि राहुल चतुर्वेदी नाम का आरोपी जीवन साथी डाट कॉम और वेटर हॉफ साइट पर अपनी प्रोफाइल में अपने आप को विप्रो कंपनी का रीजनल मैनेजर एचआर बताकर लड़कियों से सम्पर्क कर उनसे मोबाइल नंबर लेता था। उनसे बात कर उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसाकर और शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी कर उनसे कीमती मोबाइल और अन्य सामान और पैसों की ठगी करता था। इसके खिलाफ एक पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि 24 सितंबर को ग्रेटर नोएडा के टी-1602, राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में रहने वाले शातिर अभियुक्त राहुल चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया है कि वह जीवन साथी डॉट कॉम और वेटर हॉफ साइट पर अपने को रजिस्टर्ड करवा कर लड़कियों के साथ धोखाधड़ी किया करता था। अब तक वह करीब 16-17 लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसा चुका है। इसके लिए आरोपी विप्रो कंपनी की फर्जी सैलरी स्लिप भी बनाकर दिखाता था। वह लड़कियों से कीमती मोबाइल फोन और हजारों रुपये ले चुका है।

पुलिस ने बताया है कि राहुल चतुर्वेदी 35 साल की उम्र से ज्यादा की महिलाओं को निशाना बनाता था, क्योंकि वो आर्थिक रूप से स्वतंत्र होती थीं और आरोपी को उनसे आसानी से रुपये मिल जाते थे। वह खुद अपनी आवाज को बदलकर और मॉड्यूलेट करके लड़कियों से खुद का पिता बनकर बात करता था, ताकि उन्हें शक ना हो और अपनी प्रीमियम प्रोफाइल बनाता था।

लड़कियों को शादी का झांसा देने के बाद उनसे और उनके परिवार से मिलने का भी प्रयास करता रहता था, ताकि उन्हें शक ना हो। पुलिस ने राहुल चतुर्वेदी के बारे में बताते हुए कहा है कि वह लखनऊ का रहने वाला है। उसके पिता रिटायर्ड कर्नल थे। जिनका 2007 में देहांत हो चुका है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 2012 से 2017 तक एयरटेल कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर काम किया, जहां उसकी सैलरी 55 हजार रुपये प्रति माह थी। इसके बाद 2018-2021 तक विप्रो कंपनी बेंगलुरु में रीजनल मैनेजर के पद पर काम किया था, जहां उसकी सैलरी 1.37 लाख रुपये प्रति माह थी। इसके बाद वह 2022 में नोएडा आया और मुकेश सिंघल के साथ कपड़ों के होलसेल का काम करने लगा।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • INDIA ब्लॉक की रैली LIVE: रामलीला मैदान में विपक्ष की बड़ी रैली आज, SIR, 'वोट चोरी' के खिलाफ जारी विरोध को मिलेगी नई धार

  • ,
  • रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली आज, जुटेंगे विपक्षी दलों के दिग्गज नेता, CEC के इस्तीफे समेत 3 बड़ी मांगें

  • ,
  • विष्णु नागर का व्यंग्यः साहेब की हालत बहुत टाइट चल रही है, राहुल गांधी के फोबिया में रात भर सो नहीं पाते!

  • ,
  • अनेक देशों में युवा लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, केवल भारत में आंदोलन सबसे बड़ा अपराध हो गया है

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: विपक्ष का जन-महाभियोग प्रस्ताव पास, राहुल बोले- ज्ञानेश को मोदी-शाह का कोई कवच नहीं बचा पाएगा