
बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसकी बानगी मंगलवार रात को उस समय देखने को मिली जब अज्ञात हमलावर एक मॉडल मोना रॉय को उसके घर के पास गोली मारकर फरार हो गए। पटना पुलिस का कहना है कि मॉडल का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पटना पुलिस ने बुधवार को बताया कि प्रसिद्ध कार्यक्रम 'मिस एंड मिसेज ग्लोबल बिहार सीजन 7' में प्रसिद्ध निर्देशक नीतीश चंद्र के साथ काम करने वाली मॉडल अनीता देवी उर्फ मोना रॉय (36) को दो बाइक सवार हमलावरों ने उस समय गोली मार दी, जब वह मंगलवार को रात करीब 10 बजे राजीव नगर थाना अंतर्गत बसंत कॉलोनी में अपने घर के अंदर अपना दोपहिया वाहन पार्क कर रही थी। उस पर उस समय हमला किया गया, जब वह अपनी 12 वर्षीय बेटी के साथ घर लौट रही थी।
पटना के राजीव नगर थाने के जांच अधिकारी ने बताया कि जैसे ही वह घर पहुंची, उनकी बेटी ने गेट खोला और अंदर चली गई। अनीता घर के अंदर जाने ही वाली थी कि दो बाइक सवार हमलावरों ने पीछे से गोलियां चला दी। उन्होंने आगे कहा कि गोलीबारी की आवाज सुनकर पड़ोसी इकट्ठे हो गए और उसे अस्पताल ले गए। वह खतरे से बाहर है। हम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए