अपराध

ढेर हुआ दाऊद इब्राहिम से जुड़ा कुख्यात बदमाश, नसीम दुर्रानी का बुलंदशहर में एनकाउंटर

दाऊद इब्राहिम से जुड़े बदमाश नसीम दुर्रानी को बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया। वह दिल्ली में समीर हत्याकांड में संदिग्ध था और उसके खिलाफ करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

दाऊद इब्राहिम से जुड़े बदमाश नसीम दुर्रानी को बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया।
दाऊद इब्राहिम से जुड़े बदमाश नसीम दुर्रानी को बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया।  

अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम से कथित संबंध रखने वाला कुख्यात बदमाश नसीम दुर्रानी यूपी के बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान उसे घेर लिया।

पुलिस के मुताबिक, दुर्रानी ने खुद को घिरा देखकर टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यूपी एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि नसीम दुर्रानी सिकंदराबाद इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने उसकी घेराबंदी की थी।

दुर्रानी का नाम दिल्ली के सोनिया विहार में 16 नवंबर को कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के बाहर समीर नाम के व्यक्ति की हत्या के मामले में सामने आया था। जांच में शक जताया गया कि हमलावरों ने समीर पर करीब 16 गोलियां चलाई थीं। इस वारदात में कथित भूमिका सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, नसीम दुर्रानी के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश समेत करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज थे। अधिकारियों ने उसके अंडरवर्ल्ड सरगना छोटा शकील से कथित संबंध होने की बात भी कही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए