
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में बेखौफ बदमाशों का आतंक देखने को मिला है। राजधानी लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता श्याम चेतन तिवारी को गोली मारने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल चेतन तिवारी को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
Published: undefined
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को सूचना मिली कि बाजारखाला थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज इलाके में एक युवक को गोली मार दी गई है और आरोपी मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच में घायल युवक की पहचान मेहंदीगंज निवासी 35 वर्षीय श्याम चेतन तिवारी पुत्र सुरेश चंद्र तिवारी के रूप में हुई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन और पुलिस लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फायरिंग की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।
Published: undefined
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान वैभव बाजपेई पुत्र संतोष कुमार बाजपेई निवासी मेहंदीगंज, थाना बाजारखाला के रूप में की। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपी ने चेतन तिवारी पर फायरिंग की। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Published: undefined
पुलिस का कहना है कि मामले में हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश मुख्य वजह मानी जा रही है, लेकिन अन्य संभावित कारणों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined