
वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बावजूद घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को जोरदार तेजी रही। बैंक शेयरों में खरीदारी, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से सेंसेक्स 898 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी 25,800 अंक के पार बंद हुआ।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ 897.96 अंक यानी 1.08 प्रतिशत चढ़कर 83,919.71 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,016.21 अंक यानी 1.22 प्रतिशत उछलकर 84,037.96 अंक पर पहुंच गया था।
एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 286.30 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,800.60 अंक पर बंद हुआ।
इस महीने घरेलू शेयर बाजारों में लगातार मजबूती का रुझान देखा गया है। नवंबर में अब तक सेंसेक्स 9,460.18 अंक यानी 12.70 प्रतिशत और निफ्टी 2,747.5 अंक यानी 11.91 प्रतिशत चढ़ चुका है।
साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स ने 2,327.26 अंक यानी 2.85 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी ने 656.3 अंक यानी 2.61 प्रतिशत की तेजी दर्ज की।
सेंसेक्स की कंपनियों में से कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में शुक्रवार को सर्वाधिक 3.08 प्रतिशत की तेजी रही। एचडीएफसी बैंक 3.02 प्रतिशत, मारुति 2.88 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 2.75 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.47 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 2.22 प्रतिशत चढ़ गया।
दूसरी ओर, टाइटन, टाटा स्टील, एनटीपीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "एशियाई बाजारों में प्रौद्योगिकी शेयरों में जारी भारी बिकवाली के बावजूद घरेलू बाजारों में तेजी रही। विदेशी निवेशकों के वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े निवेश से पैसा निकालकर अधिक तरलता वाले भारतीय निजी बैंकों में निवेश जारी रखने से इस क्षेत्र के शेयरों में तेजी का सिलसिला बना रहा।"
नायर ने कहा कि एआई का आकर्षण घटने से भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों को भी समर्थन मिला। इससे पारंपरिक आईटी सेवाओं पर एआई के संभावित प्रतिकूल प्रभाव को लेकर चिंताएं कम हुईं।
व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.59 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.02 प्रतिशत की गिरावट रही।
सोना और चांदी में बिकवाली का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 5,200 रुपये टूटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वैश्विक बाजारों में लगातार बिकवाली से निवेशकों की कारोबारी धारणा कमजोर बनी हुई है।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना लगातार नौवें कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ 5,200 रुपये टूटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रहा। बृहस्पतिवार को इसका भाव 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
चांदी की कीमत में भी गिरावट जारी रही। इसकी कीमत 4,000 रुपये घटकर 1.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 1.62 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
घरेलू बाजार की तरह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी दोनों कीमती धातुओं पर लगातार दबाव बना हुआ है।
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 13 नवंबर को समाप्त सप्ताह में 14.20 अरब डॉलर घटकर 705.34 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।इससे पिछले सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.55 अरब डॉलर हो गया था।
देश का विदेशी मुद्रा भंडार चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में 785.71 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। प्रवासी भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती अदला-बदली योजना के तहत बैंकों को रिकॉर्ड 133 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा मिलने से भंडार में यह वृद्धि हुई थी। हालांकि, इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट आ रही है।
आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, 13 नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.9 अरब डॉलर घटकर 583.45 अरब डॉलर रह गईं।
डॉलर में व्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे यूरो,पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर भी शामिल होता है।
रुपये में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही और यह शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 65 पैसे मजबूत होकर 92.67 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। विदेशी पूंजी के लगातार प्रवाह और घरेलू शेयर बाजार में तेजी के बीच रुपया सात महीने से अधिक समय बाद पहली बार 93 प्रति डॉलर के स्तर से ऊपर रहा।
विदेशी मुद्रा विश्लेषकों ने कहा कि रुपये में मजबूती का कारण कमजोर अमेरिकी मुद्रा और अमेरिका, ताइवान तथा दक्षिण कोरिया जैसे बाजारों में कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े शेयर के कमजोर पड़ने के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के भारतीय बाजार में लगातार निवेश है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और डॉलर के कमजोर रहने से रुपये को समर्थन मिला।
आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने नवंबर में दो से 13 तारीख के बीच नौ कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयरों में 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया। यह लगातार दो महीने तक शुद्ध निकासी के बाद उनकी जोरदार वापसी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए