
वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने से भारतीय शेयर बाजार सोमवार को बड़ी तेजी के साथ बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,073.61 अंक या 1.42 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,488.96 और निफ्टी 312.40 अंक या 1.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,031.70 पर बंद हुआ।
बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी गई। इसे बैंकिंग शेयरों ने लीड किया। निफ्टी बैंक 2.29 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। निफ्टी पीएसयू बैंक 2.90 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 2.09 प्रतिशत की मजबूती देखी गई।
इसके अलावा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 2.24 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 2.71 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी, 1.50 प्रतिशत, निफ्टी ऑयल एंड गैस 1.34 प्रतिशत और निफ्टी एनर्जी में 0.85 प्रतिशत की मजबूती देखी गई। सूचकांकों में केवल निफ्टी एफएमसीजी 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी मजबूती देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 577.30 अंक या 0.94 प्रतिशत की मजबूती के साथ 61,966.60 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 246.50 अंक या 1.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,202.70 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एमएंडएम, एक्सिस बैंक, टाइटन, मारुति सुजुकी, इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, बीईएल, टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, आईटीसी और एशियन पेंट्स गेनर्स थे। इन्फोसिस, टीसीएस, सन फार्मा और एचयूएल लूजर्स थे।
बाजार में तेजी की वजह वैश्विक स्तर पर स्थिरता लौटने के संकेत मिलना है। अमेरिका-ईरान के बीच शांति के लिए लगातार बातचीत चल रही है।
Published: undefined
सोने और चांदी में सोमवार को तेजी देखने को मिली है, जिससे दोनों कीमती धातुओं का दाम करीब 5,100 रुपए तक बढ़ गया है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 740 रुपए बढ़कर 1,58,857 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,58,117 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
22 कैरेट सोने की कीमत 1,44,835 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,45,513 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,19,143 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,18,588 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
सोने की अपेक्षा चांदी की कीमतों में अधिक तेजी देखी गई है। इसका दाम 5,100 रुपए बढ़कर 2,71,100 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,66,000 रुपए प्रति किलो था। आईबीजेए की ओर से दिन में दो बार- सुबह और शाम कीमतों को अपडेट किया जाता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। सोना 0.88 प्रतिशत बढ़कर 4,596 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 77.76 डॉलर प्रति औंस थी।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी ने कहा कि सोने में सकारात्मक कारोबार हुआ है। इसकी वजह डॉलर के मुकाबले रुपए में तेजी आना है।
उन्होंने आगे कहा कि सोने में तेजी आने की वजह अमेरिका-ईरान के बीच समझौता होने की उम्मीद है। इससे बुलियन बाजार में सेंटीमेंट को सपोर्ट मिला है। तकनीकी तौर पर सोने के लिए सपोर्ट 1,58,500 रुपए और रुकावट का स्तर 1,60,500 रुपए था।
Published: undefined
अमेरिका एवं ईरान के बीच शांति समझौते की बढ़ती उम्मीदों के बीच सोमवार को रुपया 35 पैसे मजबूत होकर 95.25 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा। यह रुपये में तेजी का लगातार तीसरा सत्र रहा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बढ़ी उम्मीदों से बाजार में सकारात्मक रुख रहा। लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी जैसे अहम मुद्दों पर मतभेद अभी बने हुए हैं।
कारोबारियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा के बयान से भी रुपये को समर्थन मिला। मल्होत्रा ने कहा है कि केंद्रीय बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में व्यवस्थित मूल्य निर्धारण सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.36 प्रति डॉलर के भाव पर खुला और इसने दिन में 95.12 के ऊपरी एवं 95.44 के निचले स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में रुपया 95.25 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले सत्र की तुलना में 35 पैसे की बढ़त है। शुक्रवार को रुपया 75 पैसे मजबूत होकर 95.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से भी बाजार को समर्थन मिला कि अमेरिका एवं ईरान ने शांति समझौते पर बातचीत लगभग पूरी कर ली है। हालांकि, ट्रंप ने वार्ताकारों को जल्दबाजी न करने की सलाह दी है।
इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि अमेरिका और भारत अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के करीब हैं।
दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत गिरकर 99.98 पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड होर्मुज का समुद्री मार्ग खुलने की उम्मीद से वायदा कारोबार में 5.10 प्रतिशत टूटकर 98.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined