अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार हरे निशान में बंद और सोने और चांदी में बड़ी गिरावट, करीब 4,900 रुपए तक घटे दाम

आज के सत्र हाल की तेज तेजी के बाद आईटी, एफएमसीजी और ऑटोमोबाइल शेयरों में मुनाफावसूली देखी गई। वहीं, वित्तीय और रियल एस्टेट शेयरों में खरीदारी ने बाजार को संतुलित किया, जिससे भारतीय शेयर बाजार लगभग स्थिर बना रहा।

फाइल फोटोः सोशल मीडिया
फाइल फोटोः सोशल मीडिया 

भारतीय शेयर बाजार गुरुवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 31.61 अंक की मामूली तेजी के साथ 81,911.01 और निफ्टी 44.30 अंक की तेजी के साथ 25,299.35 पर बंद हुआ।

सत्र में तेजी का नेतृत्व रियल्टी शेयरों ने किया। सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी 4.51 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था। निफ्टी मीडिया 2.46 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक 1.51 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.42 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक 0.87 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.44 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.35 प्रतिशत और निफ्टी सर्विसेज 0.13 प्रतिशत की तेजी के साथ गेनर्स थे।

दूसरी तरफ निफ्टी ऑटो -1.02 प्रतिशत, निफ्टी पीएसई -0.82 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी -0.74 प्रतिशत, निफ्टी ऑयलएंडगैस -0.54 प्रतिशत और निफ्टी कमोडिटीज -0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप में बड़ी तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 519.90 अंक या 0.85 प्रतिशत की तेजी के साथ 62,039.00 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 217.40 अंक या 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,706.75 पर था।

सेंसेक्स पैक में बजाज फाइनेंस, एसबीआई, बीईएल, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, इटरनल, अदाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक हरे निशान में थे। एचयूएल, पावर ग्रिड, मारुति सुजुकी, टीसीएस, एमएंडएम, टाइटन, एनटीपीसी, एचसीएल टेक, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल लूजर्स थे।

जानकारों ने कहा कि आज के सत्र हाल की तेज तेजी के बाद आईटी, एफएमसीजी और ऑटोमोबाइल शेयरों में मुनाफावसूली देखी गई। वहीं, वित्तीय और रियल एस्टेट शेयरों में खरीदारी ने बाजार को संतुलित किया, जिससे भारतीय शेयर बाजार लगभग स्थिर बना रहा। दिन में मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जो बेंचमार्क में नरमी के बावजूद मजबूती का संकेत देता है।

सोने और चांदी में बड़ी गिरावट; करीब 4,900 रुपए तक घटे दाम

सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली है। इससे दोनों कीमती धातुओं का दाम करीब 4,900 रुपए घट गया है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 2,911 रुपए घटकर 1,37,692 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जो कि पहले 1,40,603 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।

22 कैरेट सोने की कीमत 1,28,792 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,26,126 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। इसके साथ ही, 18 कैरेट सोने का दाम कम होकर 1,03,269 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,05,452 रुपए प्रति 10 ग्राम था। सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखी गई है।

चांदी का दाम 4,860 रुपए कम होकर 1,81,040 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 1,85,900 रुपए प्रति किलो पर था।

हाजिर के साथ वायदा बाजार में भी सोने और चांदी में कमजोरी देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के 4 दिसंबर, 2026 के कॉन्ट्रैक्ट्स 1.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,37,846 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी के 4 दिसंबर, 2026 के कॉन्ट्रैक्ट्स 2.00 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,80,830 रुपए प्रति किलो पर थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोने का दाम 1.41 प्रतिशत घटकर 3,944.27 डॉलर प्रति औंस और चांदी का दाम 2.13 प्रतिशत घटकर 50.88 डॉलर प्रति औंस पर था।

भारत में रोजगार पर एआई का अभी तक नहीं दिखा कोई स्पष्ट असरः मूडीज

एआई से उत्पादकता बढ़ने की संभावना है, वहीं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवाओं और बीपीओ क्षेत्र पर अधिक निर्भरता वाले उभरते बाजारों में रोजगार के अवसर प्रभावित होने का जोखिम भी है। हालांकि, भारत में अभी तक इसका कोई स्पष्ट असर नहीं देखा गया है। मूडीज रेटिंग्स ने बृहस्पतिवार को अपनी एक रिपोर्ट में यह बात कही।

मूडीज ने अपनी रिपोर्ट ‘वैश्विक उभरते बाजार परिदृश्य 2027’ में कहा कि अधिकांश उभरते बाजारों के लिए कंप्यूटिंग क्षमता, डिजिटल बुनियादी ढांचे और कौशल तक अपर्याप्त पहुंच एआई से मिलने वाले लाभ हासिल करने की उनकी क्षमता को तेजी से प्रभावित कर सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2027 में सबसे बड़ी उभरती अर्थव्यवस्थाओं की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर मोटे तौर पर 2026 के समान रहने की उम्मीद है। पश्चिम एशिया में संघर्ष कम होने की स्थिति में वृद्धि दर कुछ बढ़ सकती है। मूडीज ने पहले ही भारत की वित्त वर्ष 2026-27 की वृद्धि दर का अनुमान 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर सात प्रतिशत कर दिया है।

रुपया 33 पैसे टूटकर 94.04 प्रति डॉलर पर

अमेरिकी मुद्रा में मजबूती के बीच रुपया बृहस्पतिवार को 33 पैसे टूटकर 94.04 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त मौद्रिक रुख वाले बयान और दिसंबर में ब्याज दर बढ़ने की संभावना से डॉलर मजबूत हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.73 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 93.62 के उच्चस्तर तक गया और 94.06 के निचले स्तर तक आया। अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 33 पैसे की गिरावट के साथ 94.04 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

रुपया बुधवार को छह पैसे मजबूत होकर 93.71 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ''डॉलर में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल ऊंचा रहने से रुपये पर दबाव बना रह सकता है। फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त रुख वाले बयानों के बीच ब्याज दरों में दो बार बढ़ोतरी की संभावना से भी रुपये पर दबाव है।''

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए