अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 773 अंक चढ़कर बंद और सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट

बाजार में चौतरफा तेजी देखी गई, जिसका नेतृत्व बैंकिंग शेयरों ने किया। सत्र में निफ्टी बैंक 1.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। निफ्टी पीएसयू बैंक में 2.94 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.14 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

भारतीय शेयर बाजार बुधवार के कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 772.75 अंक या 0.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,879.40 और निफ्टी 210.40 अंक या 0.84 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,255.05 पर था।

बाजार में चौतरफा तेजी देखी गई, जिसका नेतृत्व बैंकिंग शेयरों ने किया। सत्र में निफ्टी बैंक 1.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। निफ्टी पीएसयू बैंक में 2.94 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.14 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

इसके अलावा, निफ्टी ऑटो 2.14 प्रतिशत, निफ्टी कंजप्शन 1.23 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी 1.13 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग 1.06 प्रतिशत, निफ्टी एनर्जी 1.03 प्रतिशत, निफ्टी एनर्जी 1.03 प्रतिशत और निफ्टी मेटल 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

दूसरी तरफ निफ्टी आईटी -0.53 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी -0.42 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा -0.41 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर -0.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।

लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 496.55 अंक या 0.81 प्रतिशत की तेजी के साथ 61,519.10 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 304.30 अंक या 1.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ 19,489.35 पर था।

सेंसेक्स पैक में एमएंडएम, इंडिगो, ट्रेंट, टाटा स्टील, बीएसई, पावर ग्रिड, आईटीसी, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, एसबीआई, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट गेनर्स थे। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, एनटीपीसी, इटरनल, सम फार्मा, इन्फोसिस और टीसीएस लूजर्स थे।

जानकारों ने कहा कि सकारात्मक वैश्विक संकेतों और अमेरिकी टेक शेयरों में आई तेजी के चलते भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। हालांकि, वैश्विक स्तर पर ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की संभावनाओं ने आईटी शेयरों पर दबाव डाला, जिससे लार्ज-कैप शेयरों ने अपनी शुरुआती बढ़त धीरे-धीरे गंवा दी। दूसरी ओर, स्मॉल-कैप शेयरों ने व्यापक बाजार को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की।

सोना 800 रुपये टूटा, चांदी 5,000 रुपये लुढ़की

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई। दिवाली की छुट्टियों के कारण कारोबार सुस्त रहने से सोना 800 रुपये टूटकर 1,45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार के कारोबारी सत्र में 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बुधवार को इसकी कीमत 800 रुपये घटकर 1,45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई।

चांदी की कीमतें भी दो सत्र तक स्थिर रहने के बाद नीचे आईं। यह 5,000 रुपये लुढ़ककर 1,87,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जबकि मंगलवार को इसका भाव 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘दिवाली की छुट्टियों के दौरान घरेलू कारोबार सुस्त रहने और कई स्थानीय बाजार बंद होने के कारण बुधवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई।’’

उन्होंने कहा कि लगातार बनी महंगाई और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त मौद्रिक रुख के संकेतों से कीमती धातुओं का परिदृश्य अनिश्चित बना हुआ है। इससे डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल ऊंचा रह सकता है, जिससे सोने की कीमतों में तेजी की संभावनाएं सीमित होंगी।

वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना मामूली बढ़त के साथ 4,047.71 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी करीब तीन प्रतिशत बढ़कर 52.86 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

रुपया सात पैसे मजबूत होकर 93.70 प्रति डॉलर पर

रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 93.70 (अस्थायी) पर रहा। विदेशी पूंजी के निरंतर प्रवाह, वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में नरमी की संभावना से रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजार के आठ महीने के उच्च स्तर पर पहुंचने, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की लिवाली से रुपये को मजबूती मिली। हालांकि, डॉलर में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में तेजी ने रुपये की बढ़त को सीमित रखा।

अमेरिका में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित मुद्रास्फीति उम्मीद से अधिक रहने के कारण डॉलर मजबूत हुआ। इससे दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में वृद्धि की संभावना बढ़ गई है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.71 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.63 के उच्च स्तर तक गया और 93.88 के निचले स्तर तक आया। अंत में रुपया 93.70 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की बढ़त है।

‘दिवाली बलिप्रतिपदा’ के अवसर पर मंगलवार को घरेलू शेयर और मुद्रा बाजार बंद रहे थे। रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 21 पैसे चढ़कर 93.77 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि घरेलू बाजारों में मजबूती और विदेशी पूंजी के प्रवाह से रुपये में सकारात्मक रुख बना रहेगा। वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भी रुपये को समर्थन दे सकती है। हालांकि, बेहतर मुद्रास्फीति और रोजगार आंकड़ों के बीच डॉलर में मजबूती तथा अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि रुपये की तेज बढ़त को सीमित कर सकती है।’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: असम के बाद अब यूपी में रेल हादसा, कानपुर सेंट्रल के पास चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार डिब्बे पटरी से उतरे

  • ,
  • Sports: अफगान क्रिकेटर रहमत शाह ने रचा इतिहास और पंजाब किंग्स ने हार्दिक पंड्या का ऐसे किया स्वागत

  • ,
  • जन्मदिन विशेष: रेडियो पर गाने के शौक से लेकर हिंदी सिनेमा की सबसे महंगी अभिनेत्री बनने तक, ऐसा रहा माला सिन्हा का सफर

  • ,
  • बुकस्टोर्स की कतार से क्विक कामर्स की डिलीवरी तक- ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर पाठकों में जबरदस्त क्रेज़

  • ,
  • सिनेजीवन: नई रामायण देखकर सुनील लहरी ने गिनाईं कमियां और दीपावली पर पटाखों से लगी आग पर भड़कीं पूनम पांडे