अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: गाड़ी खरीदने वालों को झटका, 1 दिसंबर से महंगी होंगी टाटा-हुंडई की कारें, जानें कितनी बढ़ेगी कीमत

कंपनी ने कहा कि इनपुट लागत में लगातार बढ़ोतरी के प्रभाव को आंशिक रूप से कम करने के लिए वाहनों की कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।

फोटो: सोशल मीडिय
फोटो: सोशल मीडिय 

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) ने मंगलवार को अपने पूरे यात्री वाहन पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की। इसमें इंटरनल कंबशन इंजन (आईसीई) मॉडल और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) दोनों शामिल हैं। नई कीमतें 1 दिसंबर, 2026 से लागू होंगी।

कंपनी ने कहा कि इनपुट लागत में लगातार बढ़ोतरी के प्रभाव को आंशिक रूप से कम करने के लिए वाहनों की कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।

वाहन निर्माता कंपनी ने कहा, "भारत की अग्रणी कार और एसयूवी निर्माता टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) ने आज अपने पूरे पोर्टफोलियो की कीमतों में संशोधन की घोषणा की है। इसमें इंटरनल कंबशन इंजन (आईसीई) और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) दोनों शामिल हैं।"

कंपनी ने आगे कहा, "इस संशोधन के परिणामस्वरूप कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी और यह 1 दिसंबर, 2026 से लागू होगी।"

टीएमपीवी ने कहा कि वह बढ़ी हुई लागत का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही थी, लेकिन अब कीमतों में संशोधन के जरिए इस बोझ का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने का फैसला किया है।

कंपनी ने कहा, "यह संशोधन इनपुट लागत में लगातार बनी हुई बढ़ोतरी के प्रभाव को आंशिक रूप से कम करने के लिए किया जा रहा है।"

कंपनी के मुताबिक, कीमतों में बढ़ोतरी की मात्रा अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग होगी। यह संशोधन इलेक्ट्रिक वाहनों सहित कंपनी की सभी यात्री कारों और एसयूवी की रेंज पर लागू होगा।

वाहन निर्माता कंपनी ने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद उसके वाहन ग्राहकों को बेहतर मूल्य प्रदान करते रहेंगे।

कंपनी ने कहा, "टीएमपीवी लागत में हुई इन बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है, लेकिन इस मूल्य वृद्धि के जरिए इसका कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डाला जा रहा है। कीमतों में संशोधन की मात्रा अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के अनुसार होगी, ताकि हर वाहन ग्राहकों को बेहतर मूल्य प्रदान करता रहे।"

हुंडई मोटर इंडिया ने कार कीमतों में बढ़ोतरी का किया ऐलान, 1 दिसंबर से लागू होंगी नई कीमतें

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने मंगलवार को घोषणा की कि वह 1 दिसंबर 2026 से अपने वाहन पोर्टफोलियो के चुनिंदा मॉडल और वैरिएंट्स की कीमतों में बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने कहा कि बढ़ती इनपुट लागतों के कारण यह फैसला लिया गया है और कीमतों में अधिकतम 8,000 रुपए तक का इजाफा किया जाएगा।

कंपनी के अनुसार, मूल्य वृद्धि सभी मॉडलों पर समान नहीं होगी। अलग-अलग मॉडल और ट्रिम के आधार पर कीमतों में बढ़ोतरी तय की जाएगी, जबकि अधिकतम वृद्धि 8,000 रुपए तक सीमित रहेगी।

हुंडई ने एक बयान में कहा, "हाल के महीनों में कच्चे माल और अन्य उत्पादन लागतों में तेज बढ़ोतरी के कारण परिचालन खर्च पर दबाव बढ़ा है। इसी वजह से कंपनी को मूल्य संशोधन का निर्णय लेना पड़ा।"

स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा, "हुंडई अब तक विभिन्न आंतरिक दक्षता सुधार उपायों और लागत अनुकूलन रणनीतियों के जरिए बढ़ी हुई लागत का बड़ा हिस्सा स्वयं वहन कर रही थी। हालांकि अब लागत दबाव इतने बढ़ गए हैं कि उसका कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना आवश्यक हो गया है।"

कंपनी ने स्पष्ट किया कि 1 दिसंबर 2026 से लागू होने वाली नई कीमतें केवल चुनिंदा मॉडलों और वैरिएंट्स पर प्रभावी होंगी।

रेपो रेट में 0.50 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी से ग्रोथ को खतरा, 0.25 प्रतिशत का इजाफा पर्याप्त: एसबीआई रिसर्च

एसबीआई रिसर्च ने मंगलवार को कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा दिसंबर की मौद्रिक नीति में महंगाई को काबू करने के लिए ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी करना पर्याप्त होगा। साथ ही,रेपो रेट में 0.50 प्रतिशत की बढ़ोतरी से पूंजी की निकासी, रुपए में अस्थिरता और निश्चित रूप से आर्थिक विकास को लेकर चिंताएं पैदा हो सकती हैं।

रिपोर्ट में बताया गया कि नवंबर का महीना अमेरिकी बाजारों और उनसे जुड़े अन्य बाजारों के लिए काफी कठिन रहा है, जो कई मोर्चों पर दबाव का सामना कर रहे हैं। अमेरिकी हाउसिंग मार्केट, जो परिवारों की आर्थिक कमजोरी का सबसे अहम संकेतक है, उसमें कई कारणों से उभरते हुए दबाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं।

एसबीआई की रिपोर्ट में कहा गया कि इसमें पहला कारण बंधक ऋण 13.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि उपभोक्ता ऋण पर ब्याज दरें 11.9 प्रतिशत के ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं, जिससे परिवारों पर कर्ज चुकाने का बोझ बढ़ गया है।

वहीं दूसरा, कर्ज लेने की ऊंची लागत के कारण घरों का किफायती होना और उनकी मांग प्रभावित हो रही है। तीसरी बात, घर के मालिकों की इक्विटी जीडीपी के लगभग 110 प्रतिशत के ऊंचे स्तर पर बनी हुई है, जो यह दर्शाता है कि मौजूदा घर मालिकों के पास काफी संपत्ति जमा हो गई है।

हालांकि, इससे घरों की खरीद-बिक्री या आवाजाही में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसका एक कारण मॉर्गेज दरों का 'लॉक-इन' होना या 'गोल्डन हैंडकफ्स' (यानी कम ब्याज दर पर बंधे रहने के कारण दूसरी जगह न जा पाना) जैसा प्रभाव है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए