अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: मध्य पूर्व में तनाव से भारतीय शेयर बाजार लाल निशान में बंद और सोने और चांदी में लौटी तेजी

जानकारों के मुताबिक, बाजार में गिरावट की वजह मध्य पूर्व में तनाव जारी रहना है। इसके चलते कच्चा तेल लगातार 85 डॉलर के पार बना हुआ है।

शेयर बाजार फिर धड़ाम
शेयर बाजार फिर धड़ाम  फोटोः सोशल मीडिया

मध्यपूर्व में तनाव के चलते भारतीय शेयर बाजार सोमवार के कारोबारी सत्र में लाल निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 442.93 अंक या 0.57 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,708.52 और निफ्टी 95.80 अंक या 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,238.50 पर था।

बाजार में गिरावट का नेतृत्व वित्तीय शेयरों ने किया। निफ्टी प्राइवेट बैंक 2.27 प्रतिशत और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ टॉप लूजर थे। इसके अलावा निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी ऑटो, निफ्टी आईटी और निफ्टी रियल्टी लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी तरफ निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी मीडिया, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी पीएसई, निफ्टी मेटल, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी इन्फ्रा हरे निशान में बंद हुए।

एसबीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक, निफ्टी के लिए तत्काल रुकावट का स्तर 24370-24400 जोन है। अगर निफ्टी इस जोन के ऊपर टिकता है, तो यह शॉर्ट टर्म में 24550 और उसके बाद 24700 तक बढ़ सकता है। दूसरी ओर, निफ्टी के लिए तुरंत सपोर्ट 24130-24100 जोन में है।

सेंसेक्स पैक में ट्रेंट, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, भारती एयरटेल, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, सनफार्मा, आईटीसी, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, टाइटन, टाटा स्टील, इटरनल, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व गेनर्स थे। एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी, कोटक महिंद्रा बैंक, इन्फोसिस, टीसीएस, एमएंडएम, इंडिगो, बीईएल और एचयूएल लूजर्स थे।

लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 373.70 अंक या 0.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ 62,801.75 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 30.15 अंक या 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,326.45 पर था।

जानकारों के मुताबिक, बाजार में गिरावट की वजह मध्य पूर्व में तनाव जारी रहना है। इसके चलते कच्चा तेल लगातार 85 डॉलर के पार बना हुआ है।

सोने और चांदी में लौटी तेजी, दाम 4,100 रुपए तक बढ़े

लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद सोमवार को सोने और चांदी में तेजी देखने को मिली है। इससे दोनों कीमती धातुओं का दाम 4,100 रुपए तक बढ़ गया है।

इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 1,095 रुपए बढ़कर 1,42,254 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,41,159 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

22 कैरेट सोने की कीमत 1,29,302 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,30,305 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोने का दाम 1,06,691 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जो कि पहले 1,05,869 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।

सोने की अपेक्षा चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी देखने को मिली है। चांदी का दाम 4,101 रुपए बढ़कर 2,19,575 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,15,474 रुपए प्रति किलो था।

घरेलू वायदा बाजार में भी सोने और चांदी में तेजी देखने को मिल रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शाम 6 बजे सोने का 5 अगस्त 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 0.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,41,690 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 4 सितंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 0.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,19,339 रुपए प्रति किलो पर था।

रुपया 14 पैसे टूटकर 96.44 प्रति डॉलर पर

वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की धारणा और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच रुपया सोमवार को 14 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.44 (अस्थायी) पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका और ईरान संघर्ष बढ़ने और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि से रुपये पर दबाव रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 96.53 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.35 से 96.53 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह 96.44 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 14 पैसे की गिरावट है। रुपया शुक्रवार को 12 पैसे की बढ़त के साथ 96.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ सप्ताहांत में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष बढ़ने तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपये में नकारात्मक रुख रहने के आसार हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हालांकि, दोनों देशों के बीच कूटनीतिक वार्ता रुपये में तेज गिरावट को रोक सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का संभावित हस्तक्षेप भी निचले स्तर पर रुपये को सहारा दे सकता है।’’

चौधरी ने बताया कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 96.10 से 96.70 के दायरे में रहने का अनुमान है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए