अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार में बहार, सेंसेक्स 828 अंक उछला, निफ्टी 1% ऊपर और रुपया भी चमका

प्रमुख कंपनियों रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक एवं एचडीएफसी बैंक में लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 828 अंक और निफ्टी 244 अंक के लाभ में रहा।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

बुधवार की बड़ी गिरावट के बाद सकारात्मकम वैश्विक संकेतों के चलते लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुआ। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 1 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली।

बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 827.57 अंकों यानी 1.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,569.39 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी50 244.10 अंकों यानी 1.02 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,206.90 पर पहुंच गया।

कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,741.82 से 653.81 अंकों यानी 0.85 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 77,395.63 पर खुला और दिन में यह 900.40 अंकों यानी 1.17 प्रतिशत की उछाल के साथ 77,642.23 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

वहीं, निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 23,962.80 से 161.9 अंकों यानी 0.67 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,124.70 पर खुला और दिन के कारोबार में यह 265.65 अंकों यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,228.45 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान निफ्टी के अधिकतर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में ट्रेड करते हुए नजर आए। इस बीच, लगभग 2,756 शेयरों में तेजी, 1,316 शेयरों में गिरावट और 171 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 1.40 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.55 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सेक्टरवार देखें तो निफ्टी रियल्टी और निफ्टी पीएसयू बैंक में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली, जिनमें क्रमशः 3.49 प्रतिशत और 3.03 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद निफ्टी आईटी, निफ्टी मेटल, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त निफ्टी ऑटो, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी मीडिया और निफ्टी फार्मा भी बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। इन सबके विपरीत, निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स में 0.08 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 50 में एचडीएफसी लाइफ, अदाणी एंटरप्राइजेज, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एक्सिस बैंक, बीईएल और टेक महिंद्रा के शेयर टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे, जबकि डॉ रेड्डीज लैब्स, इटरनल, भारती एयरटेल, नेस्ले इंडिया, सन फार्मा, आईटीसी और ट्रेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

एक मार्केट एक्सपर्ट ने बताया कि निफ्टी ने डेली चार्ट पर छोटे बॉडी वाली बुलिश कैंडल बनाई, जिसके ऊपरी हिस्से में हल्की विक देखने को मिली। यह दिन भर बाजार में खरीदारी और मुनाफावसूली के बीच असमंजस की स्थिति को दर्शाता है। हालांकि, इंडेक्स ने सफलतापूर्वक अपने 100-दिवसीय एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (ईएमए) को फिर से हासिल कर लिया है और बुधवार को आई 516 अंकों की तेज गिरावट का बड़ा हिस्सा रिकवर कर लिया है। वहीं, आरएसआई में भी सुधार देखने को मिला है, जो बाजार में धीरे-धीरे मजबूत होती तेजी का संकेत देता है।

एक्सपर्ट ने आगे कहा कि कुल मिलाकर प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स बुधवार की गिरावट का बड़ा हिस्सा वापस हासिल करने में सफल रहे हैं। साथ ही निफ्टी, बैंक निफ्टी और व्यापक बाजार के मोमेंटम इंडिकेटर्स में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है, जिससे निकट अवधि में बाजार का रुख सकारात्मक बना रहने के संकेत मिल रहे हैं।

सोने में 400 रुपये की तेजी, चांदी 5,000 रुपये मजबूत

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 400 रुपये बढ़कर 1,48,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वहीं चांदी की कीमत में 5,000 रुपये का उछाल आया। तेजी का कारण कारोबारियों के नीचे मूल्य पर लिवाली और अमेरिकी डॉलर में कमजोरी रुख के बाद कीमती धातुओं की मांग में आई तेजी थी।

इससे पहले के सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,48,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी ने भी लगातार तीन सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला तोड़ा और बृहस्पतिवार के 2,32,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से 5,000 रुपये बढ़कर 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गई।

कारोबारियों का कहना है कि यह सुधार डॉलर सूचकांक के लगातार तीसरे सत्र में कमजोर होने की वजह से आया, जिससे कीमती धातुओं की मांग बढ़ी। साथ ही, इस हफ्ते की शुरुआत में सोने की कीमत एक हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने कम कीमतों का फायदा उठाते हुए लिवाली की।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘शुक्रवार को सोने की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी हुई क्योंकि कमजोर अमेरिकी डॉलर और कम कीमत पर खरीदारी ने कारोबारी धारणा को सहारा दिया, जबकि इस हफ्ते की शुरुआत में सर्राफा की कीमत एक सप्ताह के निचले स्तर पर रह गई थी।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 17.57 डॉलर यानी 0.43 प्रतिशत टूटकर 4,106.25 डॉलर प्रति औंस रह गया और चांदी लगभग एक प्रतिशत टूटकर 59.54 डॉलर प्रति औंस रही।

मिराए एसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘हाजिर सोना की कीमत स्थिर बनी हुई है क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता करने के लिए कूटनीतिक कोशिशें फिर से पटरी पर आती दिख रही हैं।’’

रुपया 14 पैसे मजबूत होकर 95.33 प्रति डॉलर पर

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया 14 पैसे चढ़कर 95.33 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कमजोर होते डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की तरफ से पूंजी निकासी और पश्चिम एशिया में नए सिरे से तनाव को लेकर अनिश्चितता बढ़ने का स्थानीय मुद्रा पर दबाव रहा। हालांकि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से रुपये को कुछ सहारा मिला।

पश्चिम एशिया में फिर से तनाव की स्थिति बन गई है। अमेरिका ने बृहस्पतिवार को ईरान के खिलाफ नए हवाई हमले किए, जिसके जवाब में ईरान ने भी अमेरिका के सहयोगी देशों को निशाना बनाया। इस गोलाबारी से युद्ध खत्म करने के उद्देश्य से हुए अंतरिम समझौते पर खतरा मंडराने लगा है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.27 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.22 से लेकर 95.42 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में 95.33 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

इस तरह रुपये में 14 पैसे की मजबूती दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को रुपया एक पैसे की मजबूती के साथ 95.47 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, "रुपया शुरुआती कारोबार में डॉलर सूचकांक में गिरावट के कारण 95.22 तक मजबूत हुआ, लेकिन बाद में तेल कंपनियों और आयातकों की ओर से डॉलर की मांग आने से यह 95.42 तक गिर गया। हालांकि, जोखिम लेने की बेहतर धारणा और विदेशी पोर्टफोलियो निवेश जारी रहने की उम्मीद से रुपये को बल मिला।"

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 7.26 अरब डॉलर बढ़कर 674.19 अरब डॉलर पहुंचा, गोल्ड रिजर्व में भी उछाल

मुंबई, 10 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (फारेक्स रिजर्व) 3 जुलाई 2026 को समाप्त सप्ताह में 7.26 अरब डॉलर बढ़कर 674.193 अरब डॉलर पहुंच गया। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले सप्ताह आई गिरावट के बाद विदेशी मुद्रा भंडार में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

रिपोर्टिंग सप्ताह के दौरान भारत के सोने का भंडार (गोल्ड रिजर्व्स) का मूल्य भी 2.669 अरब डॉलर बढ़कर 105.205 अरब डॉलर हो गया।

इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (एसडीआर) में भी 6.5 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई और यह बढ़कर 18.623 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

इससे पहले, 26 जून को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 5.65 अरब डॉलर घटकर 666.93 अरब डॉलर रह गया था।

हालांकि हाल के सप्ताहों में विदेशी मुद्रा भंडार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, लेकिन भारत का फॉरेक्स रिजर्व अब भी दुनिया के सबसे बड़े विदेशी मुद्रा भंडारों में शामिल है। हालांकि, यह अभी भी 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में दर्ज 728.494 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर से नीचे है।

इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की संशोधित फॉरेन करेंसी नॉन-रेजिडेंट बैंक (एफसीएनआर-बी) जमा योजना लागू होने के बाद बैंकों में विदेशों से आने वाले फंड का प्रवाह धीरे-धीरे बढ़ रहा है। बैंकिंग क्षेत्र को उम्मीद है कि इस महीने जागरूकता बढ़ने के साथ इसमें और तेजी आएगी।

रिपोर्टों के मुताबिक, अब तक बैंक एफसीएनआर-बी जमा योजना के तहत करीब 3 से 4 अरब डॉलर जुटा चुके हैं। बैंकर्स का मानना है कि आने वाले हफ्तों में, खासकर खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीयों (एनआरआई) से निवेश में और तेजी देखने को मिलेगी।

बैंकिंग क्षेत्र के अनुमान के अनुसार, संशोधित एफसीएनआर-बी योजना के जरिए समय के साथ 40 से 50 अरब डॉलर तक की नई जमा राशि आकर्षित की जा सकती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: मिजोरम में भारी बारिश का हाहाकार, नदी उफान पर, डूबे दर्जनों घर, 29 से ज्यादा जगहों पर भीषण भूस्खलन!

  • ,
  • राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कांग्रेस ने BJP-RSS को घेरा, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की

  • ,
  • जनता पर आर्थिक बोझ': मोदी सरकार की E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ यूथ कांग्रेस का हल्लाबोल, गन्ने का रस लेकर प्रदर्शन

  • ,
  • खेल: एमबाप्पे और मेस्सी ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में सबसे आगे और मिस्र की फुटबॉल टीम का स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत

  • ,
  • ललिता हत्याकांड पर कांग्रेस का BJP पर हमला, 'हाथरस से लेकर उन्नाव तक वही पैटर्न, दोषियों को बचा रही है सरकार'