
अमेरिका-ईरान शांति समझौते की घोषणा के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी और निवेशक धारणा में सुधार से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 347 अंक और निफ्टी में 96 अंक की तेजी दर्ज की गई।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 347.14 अंक यानी 0.45 प्रतिशत चढ़कर 77,155.62 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 410.51 अंक यानी 0.53 प्रतिशत बढ़कर 77,218.99 अंक तक पहुंच गया था।
इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 96.55 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,085.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 119.05 अंक बढ़कर 24,108.20 अंक तक चला गया था।
सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट के शेयर में सर्वाधिक 7.06 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील, इन्फोसिस, टाइटन और भारती एयरटेल में भी तेजी रही।
दूसरी तरफ बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
यह घरेलू बाजारों में तेजी का लगातार चौथा कारोबारी सत्र रहा। इस दौरान सेंसेक्स में कुल 3,323.07 अंक यानी 4.50 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है जबकि निफ्टी 924.10 अंक यानी 3.98 प्रतिशत चढ़ा है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘अनुकूल वैश्विक संकेतों और तमाम क्षेत्रों में लिवाली जारी रहने से शेयर बाजार लगातार चौथे दिन तेजी के साथ बंद हुए। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी रहने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के मौद्रिक रुख स्थिर रखने के अनुमान से भी निवेशक धारणा को समर्थन मिला।’’
Published: undefined
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को कई अहम मुद्दों पर बातचीत करेंगे। उम्मीद है कि इस बातचीत में प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने और रक्षा, ऊर्जा व महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।
दोनों देशों के बीच जारी तनाव के माहौल में होने वाली बैठक से एक दिन पहले ‘जी-7’ नेताओं की एक बैठक में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का हालचाल पूछा और थोड़ी देर बातचीत की, जो 16 महीनों में उनकी आमने-सामने की पहली मुलाकात थी। मोदी और ट्रंप दोनों ही ‘जी-7’ शिखर सम्मेलन के लिए फ्रांस के एवियॉन शहर में हैं।
हालांकि उनके बीच हुई संक्षिप्त बातचीत का विवरण पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस मुलाकात ने उनकी अहम वार्ता के लिए माहौल तैयार कर दिया है। दोनों नेताओं के बीच पिछली बार आमने-सामने की मुलाकात ट्रंप के दूसरे शपथग्रहण समारोह के कुछ हफ्ते बाद फरवरी 2025 में व्हाइट हाउस में हुई थी।
Published: undefined
रुपया बुधवार को 10 पैसे की बढ़त के साथ 94.50 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी डॉलर में गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, अमेरिका-ईरान शांति समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने की संभावना के बीच ब्रेंट कच्चा तेल 79 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है। इसके अलावा, घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख ने भी निवेश धारणा को बल दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.46 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.29 से 94.60 के दायरे में रहा। अंत में यह 94.50 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की बढ़त है।
रुपया मंगलवार को दो पैसे कमजोर होकर 94.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। रुपया पिछले चार कारोबारी सत्रों में कुल 140 पैसे मजबूत हुआ है।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ वैश्विक बाजारों में सकारात्मक धारणा और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये के सकारात्मक दायरे में बने रहने की उम्मीद है। अमेरिकी डॉलर में गिरावट और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में नरमी भी इसे समर्थन दे सकती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले से पहले सतर्क रुख अपना सकते हैं। फेड के ब्याज दरों को यथावत रखने के आसार हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.10 से 94.85 के दायरे में रहने का अनुमान है।’’
Published: undefined
भू-राजनीतिक तनाव में कमी आने से सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की मांग कमजोर हुई, जिसके चलते बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। निवेशक और कारोबारी इस सप्ताह के अंत में अमेरिका और ईरान के बीच होने वाले समझौते की अंतिम पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अगस्त डिलीवरी वाले सोने के वायदा भाव में 0.51 प्रतिशत यानी 790 रुपए की गिरावट आई और दिन के कारोबार में यह 1,52,301 रुपए के दिन के निचले स्तर तक पहुंच गया।
हालांकि खबर लिखे जाने तक पीली धातु 590 रुपए या 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,52,501 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रही थी। इससे पहले यह 1,53,179 रुपए के दिन के उच्चतम स्तर तक पहुंची थी, जो पिछले बंद भाव 1,53,091 रुपए की तुलना में 88 रुपए या 0.05 प्रतिशत अधिक था।
वहीं, जुलाई डिलीवरी वाली चांदी का 195 रुपए या 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,49,910 रुपए पर कारोबार करती नजर आई।
सफेद धातु ने दिन के कारोबार के दौरान 1,328 रुपए या 0.53 प्रतिशत की गिरावट दर्ज करते हुए 2,48,777 रुपए का निम्नतम स्तर छुआ। वहीं इसका दिन का उच्च स्तर 2,51,498 रुपए रहा, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 1,393 रुपए या 0.55 प्रतिशत अधिक था।
दिन की शुरुआत में कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 1,52,800 रुपए और चांदी 2,50,557 रुपए पर खुली थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स चांदी 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 70.40 डॉलर पर कारोबार कर रही थी, जबकि कॉमेक्स सोना 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,348.70 डॉलर प्रति औंस पर था।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined