अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: लगातार तीसरे दिन झूमा शेयर बाजार, सेंसेक्स 544 अंक उछला और डॉलर के मुकाबले रुपया भी हुआ मजबूत

यह घरेलू बाजारों में तेजी का लगातार तीसरा दिन रहा। इस दौरान सेंसेक्स में कुल 2,975.93 अंक यानी चार प्रतिशत की बढ़त हुई है जबकि निफ्टी 827.55 अंक यानी 3.57 प्रतिशत चढ़ गया है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

 वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। सेंसेक्स 544 अंक चढ़कर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 135 अंक की बढ़त दर्ज की गई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 544.15 अंक यानी 0.71 प्रतिशत चढ़कर 76,808.48 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 582.41 अंक यानी 0.76 प्रतिशत चढ़कर 76,846.74 अंक तक पहुंच गया था।

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 135.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,989.15 अंक पर बंद हुआ। दिन में यह 148.7 अंक या 0.62 प्रतिशत चढ़कर 24,002.60 अंक तक चला गया था।

यह घरेलू बाजारों में तेजी का लगातार तीसरा दिन रहा। इस दौरान सेंसेक्स में कुल 2,975.93 अंक यानी चार प्रतिशत की बढ़त हुई है जबकि निफ्टी 827.55 अंक यानी 3.57 प्रतिशत चढ़ गया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के शुद्ध खरीदार बनने से भी कारोबारी धारणा को समर्थन मिला।

सेंसेक्स की कंपनियों में से एचसीएल टेक में सर्वाधिक 3.59 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और बजाज फाइनेंस के शेयर भी लाभ के साथ बंद हुए।

दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।

अमेरिका-ईरान समझौते की घोषणा के बाद वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड लगभग दो प्रतिशत गिरकर 81.45 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

Published: undefined

रुपया पांच पैसे मजबूत होकर 94.53 प्रति डॉलर पर

रुपया मंगलवार को लगातार तीसरे सत्र में मजबूत होता हुआ पांच पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.53 (अस्थायी) पर रहा। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका-ईरान संघर्ष में तनाव कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर हुए कूटनीतिक समझौतों के बाद वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर तत्काल खतरा काफी हद तक घट गया है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर में नरमी और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट ने भी डॉलर-रुपये की जोड़ी को समर्थन दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.69 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.48 से 94.71 के दायरे में कारोबार करता रहा। अंततः यह 94.53 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त है।

रुपया सोमवार को 60 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.58 पर बंद हुआ था। पिछले तीन कारोबारी सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 132 पैसे चढ़ा है।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ मुद्रास्फीति संबंधी चिंताओं में नरमी और विदेशी पूंजी प्रवाह की उम्मीदें रुपये को समर्थन दे सकती हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.10 से 94.90 के दायरे में रह सकता है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.61 पर रहा।

Published: undefined

सोने और चांदी में मुनाफावसूली, भाव 1.47 प्रतिशत तक लुढ़का

लगातार दो सत्रों की तेजी के बाद सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को गिरावट देखने को मिली। इससे दोनों कीमती धातुओं का दाम करीब 1.47 प्रतिशत तक कम हो गया है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अगस्त 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,52,916 रुपए के मुकाबले 25 रुपए की मामूली गिरावट के साथ 1,52,891 रुपए पर खुला।

दोपहर 12 बजे यह 0.27 प्रतिशत या 420 रुपए की कमजोरी के साथ 1,52,496 रुपए पर था।

अब तक के कारोबार में सोने ने 1,52,358 रुपए का निचला स्तर और 1,53,161 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है।

इसी प्रकार चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,51,458 रुपए के मुकाबले 2,50,457 रुपए पर खुला।

फिलहाल यह 3,709 रुपए या 1.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,47,749 रुपए पर था।

अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,46,544 रुपए का निचला स्तर और 2,51,467 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है। वायदा के साथ हाजिर बाजार में भी कीमतों में बदलाव देखने को मिला है।

इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 552 रुपए कम होकर 1,50,094 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,50,646 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

22 कैरेट सोने का दाम 1,37,922 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,37,486 रुपए प्रति 10 ग्राम था। 18 कैरेट सोने की कीमत कम होकर 1,12,571 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,12,985 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।

वहीं, चांदी की कीमत 4,421 रुपए कम होकर 2,47,067 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,51,488 रुपए प्रति किलो हो गया है।

Published: undefined