अर्थतंत्र

Gold-Silver Price Today: अचानक बढ़े सोने-चांदी के दाम, खरीदारी से पहले जानिए आज के नए भाव

MCX पर सोना 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया, जबकि चांदी 2.24 लाख रुपये प्रति किलो के करीब कारोबार कर रही है। डॉलर इंडेक्स में कमजोरी से सोने और चांदी दोनों में कीमतों में तेजी आई है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुओं के दाम करीब एक फीसदी तक चढ़ गए। सुबह 9:45 बजे सोना 907 रुपये की बढ़त के साथ 1,44,013 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 2,066 रुपये मजबूत होकर 2,24,204 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, डॉलर इंडेक्स में आई कमजोरी ने सोने और चांदी की कीमतों को सहारा दिया है।

MCX पर सोना-चांदी में मजबूत शुरुआत

एमसीएक्स पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना पिछली क्लोजिंग 1,43,106 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,43,575 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान सोने ने 1,43,575 रुपये प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम और 1,44,111 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ। सुबह 9:45 बजे तक यह 907 रुपये यानी 0.63 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,44,013 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

वहीं, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी पिछली क्लोजिंग 2,22,138 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 2,23,500 रुपये प्रति किलो पर खुली। शुरुआती कारोबार में चांदी ने 2,23,500 रुपये प्रति किलो का निचला और 2,24,632 रुपये प्रति किलो का ऊपरी स्तर छुआ। सुबह 9:45 बजे तक यह 2,066 रुपये यानी 0.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,24,204 रुपये प्रति किलो पर थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दिखी तेजी

वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती दर्ज की गई। सोना 0.47 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,090 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 0.95 प्रतिशत मजबूत होकर 59 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। इससे घरेलू बाजार की धारणा भी मजबूत बनी रही।

डॉलर इंडेक्स में कमजोरी बनी बड़ी वजह

जानकारों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के बाद डॉलर इंडेक्स में गिरावट आई है, जिससे सोने और चांदी को समर्थन मिला। फिलहाल डॉलर इंडेक्स 0.25 प्रतिशत कमजोर होकर 101.03 पर आ गया है। डॉलर इंडेक्स अमेरिकी डॉलर की दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं, यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक के मुकाबले स्थिति को दर्शाता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए