
सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को गिरावट के साथ कारोबार शुरू हुआ। दोनों कीमती धातुओं में करीब 1.10 प्रतिशत तक की कमजोरी देखी गई। घरेलू बाजार में सोना 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के आसपास कारोबार करता नजर आया, जबकि चांदी भी 2.31 लाख रुपये प्रति किलो से नीचे आ गई। बाजार में इस गिरावट के बीच निवेशकों की नजर अब अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर है, जो देर शाम जारी होने हैं और आने वाले समय में सोने की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 अक्टूबर 2026 का सोना वायदा पिछले बंद भाव 1,52,341 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,571 रुपये यानी 1.03 प्रतिशत गिरकर 1,50,770 रुपये पर खुला। हालांकि, शुरुआती कारोबार में गिरावट कुछ कम हुई। सुबह 9:48 बजे सोना 867 रुपये यानी 0.57 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,51,474 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,50,695 रुपये का निचला स्तर और 1,51,483 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।
चांदी में भी शुक्रवार को दबाव बना रहा। एमसीएक्स पर 4 दिसंबर 2026 का चांदी वायदा पिछले बंद भाव 2,34,099 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 2,530 रुपये यानी 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,31,569 रुपये प्रति किलो पर खुला। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,30,270 रुपये प्रति किलो का निचला स्तर और 2,32,096 रुपये प्रति किलो का ऊपरी स्तर छुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। कॉमेक्स पर सोना 1.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,350 डॉलर प्रति औंस पर था। वहीं, चांदी 1.99 प्रतिशत गिरकर 63.63 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
जानकारों के मुताबिक, मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने के बीच डॉलर मजबूत हुआ है, जिसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ा है। दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स एक सप्ताह के उच्चतम स्तर 99.12 पर पहुंच गया है। मजबूत डॉलर आमतौर पर डॉलर में कीमत वाली कीमती धातुओं पर दबाव डालता है।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट के बीच अब निवेशकों की नजर अमेरिका से आने वाले महंगाई के आंकड़ों पर है। ये आंकड़े देर शाम जारी होंगे। बाजार के जानकारों के अनुसार, इन आंकड़ों से आने वाले समय में सोने की दिशा को लेकर संकेत मिल सकते हैं। यही वजह है कि आंकड़े जारी होने से पहले निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए