अर्थतंत्र

Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट, चेक करें आज का ताजा भाव

अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर सर्राफा बाजार पर भी दिखा है। बुधवार को MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों धातुओं पर बिकवाली का दबाव बना रहा।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर बुधवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार पर भी देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत सोने और चांदी दोनों में गिरावट के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में करीब 0.7 प्रतिशत तक की कमजोरी दर्ज की गई। बाजार में यह दबाव अमेरिका की ओर से ईरान पर ताजा हमलों और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच देखने को मिला।

MCX पर सोना और चांदी कितने भाव पर खुले?

एमसीएक्स पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना पिछली क्लोजिंग 1,45,392 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 192 रुपये की गिरावट के साथ 1,45,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह 10 बजे तक यह 414 रुपये यानी 0.28 प्रतिशत टूटकर 1,44,978 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,44,800 रुपये का निचला स्तर और 1,45,356 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ।

वहीं, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी पिछली क्लोजिंग 2,30,857 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले 842 रुपये गिरकर 2,30,015 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली। सुबह 10 बजे तक चांदी 1,552 रुपये यानी 0.67 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,29,305 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बिकवाली का दबाव

घरेलू बाजार की तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,139 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 0.54 प्रतिशत टूटकर 61 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

तनाव बढ़ा तो कच्चे तेल में आई तेजी

सोने और चांदी में आई गिरावट के पीछे अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए ताजा हमलों और ईरान के तेल बेचने के लाइसेंस को रद्द करने को बड़ी वजह माना जा रहा है। अमेरिकी सेना के अनुसार, होर्मुज से गुजर रहे तीन तेल से लदे जहाजों पर हमलों के बाद ईरान पर नई सैन्य कार्रवाई की गई, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली। बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.5 प्रतिशत से अधिक चढ़कर 76 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 2.5 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 72 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार करता दिखा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए