अर्थतंत्र

Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी फिर धड़ाम, चांदी एक झटके में 6 हजार रुपये टूटी, हाई से ढाई लाख सस्ती

MCX पर आज सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। चांदी 5,935 रुपये टूटकर 1.70 लाख रुपये पर पहुंची, जबकि सोना 1,105 रुपये सस्ता हुआ।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

  • चांदी का वायदा भाव करीब 6,000 रुपये टूटकर 1,70,374 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।

  • जनवरी में 4,20,048 रुपये का रिकॉर्ड हाई छूने वाली चांदी अब करीब 2.50 लाख रुपये सस्ती हो चुकी है।

  • सोने की कीमत भी सोमवार को 1,105 रुपये गिरकर 1,35,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सप्ताह के पहले कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर वायदा कारोबार शुरू होते ही दोनों कीमती धातुओं के भाव में तेज गिरावट आ गई। चांदी की कीमत एक झटके में करीब 6,000 रुपये प्रति किलोग्राम टूट गई, जबकि सोना भी 1,100 रुपये से ज्यादा सस्ता हो गया। लगातार गिरावट के चलते चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से करीब ढाई लाख रुपये नीचे आ चुकी है।

चांदी 6 हजार रुपये प्रति किलो टूटी

MCX पर सोमवार को कारोबार खुलते ही चांदी की कीमत में तेज गिरावट देखने को मिली। 4 दिसंबर एक्सपायरी वाला सिल्वर वायदा 5,935 रुपये यानी 3 फीसदी से ज्यादा टूटकर 1,70,374 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इससे पहले शुक्रवार को इसका भाव 1,76,309 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी की कीमतों में गिरावट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस साल जनवरी के आखिरी सप्ताह में इसका वायदा भाव पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंचा था। इस दौरान चांदी ने 4,20,048 रुपये का लाइफ टाइम हाई बनाया था। लेकिन इसके बाद शुरू हुई गिरावट ने कीमतों को काफी नीचे ला दिया। सोमवार के भाव के हिसाब से चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से 2,49,674 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो चुकी है।

नवंबर में भी जारी है गिरावट

अक्टूबर महीने में चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली थी और नवंबर में भी यह सिलसिला जारी है। MCX पर 30 अक्टूबर को चांदी का भाव 1,79,132 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार के मौजूदा भाव से तुलना करें तो इस महीने अब तक चांदी 8,758 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो चुकी है।

सोना भी 1,100 रुपये से ज्यादा फिसला

चांदी के मुकाबले सोने की कीमत में गिरावट की रफ्तार थोड़ी कम रही, लेकिन सोमवार को इसमें भी बड़ी कमी दर्ज की गई। MCX पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाला सोना पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन 1,36,705 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

सोमवार को कारोबार शुरू होते ही 24 कैरेट सोने का वायदा भाव गिरकर 1,35,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इस तरह पिछले बंद भाव के मुकाबले सोना 1,105 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। सोने और चांदी, दोनों की कीमतों में आई इस गिरावट ने कीमती धातुओं के बाजार में जारी कमजोरी को एक बार फिर सामने ला दिया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए