
मोदी सरकार में लोगों पर महंगाई का मार जारी है। सब्जियों और खाने-पीने की दूसरी चीजों की कीमतों में तेजी का असर अब खुदरा महंगाई के आंकड़ों पर भी दिखने लगा है। अक्टूबर 2026 में देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 फीसदी पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 फीसदी थी। महंगाई को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा है।
कांग्रेस ने कहा कि पीएम मोदी ने ठान रखा है कि वे जनता को चैन से जीने नहीं देंगे और उन्हें महंगाई की चक्की में पीसते रहेंगे। महंगाई मैन' मोदी का रिपोर्ट कार्ड, अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 6.09% पर जा पहुंची है। शहरी महंगाई दर 5.41% है तो वहीं ग्रामीण महंगाई दर 6.63% तक पहुंच गई है।
मोदी ने तमाम सेक्टर्स पर महंगाई का चाबुक चलाया है 👇
🍲 खाद्य महंगाई दर: 8.94%
🥫 फूड-बेवरेज में महंगाई दर: 8.51%
🏥 हेल्थ में महंगाई दर: 2.05%
🚌 ट्रांसपोर्ट में महंगाई दर: 5.84%
📕 शिक्षा सेवाओं में महंगाई दर: 4.02%
🧥 कपड़े और जूते-चप्पल में महंगाई दर: 4.96%
🏡 आवास, पानी, बिजली, गैस में महंगाई दर: 2.90%
🪑 फर्नीचर और घरेलू उपकरण में महंगाई दर: 3.94%
💅 पर्सनल केयर, सोशल प्रोटेक्शन में महंगाई दर: 10.14%
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य महंगाई अक्टूबर, 2026 में बढ़कर 8.94 प्रतिशत हो गई जो पिछले महीने 7.74 प्रतिशत थी।प्याज (116.22 प्रतिशत), लहसुन (60.74 प्रतिशत), चांदी के आभूषण (52.39 प्रतिशत), अदरक (48.32 प्रतिशत) और नींबू (47.30 प्रतिशत) की कीमतों में सबसे अधिक इजाफा हुआ।
दो साल में यह पहली बार खुदरा महंगाई आरबीआई की छह प्रतिशत की संतोषजनक सीमा से अधिक रही है। केंद्रीय बैंक को महंगाई को दो से छह प्रतिशत के दायरे में रखने का दायित्व सौंपा गया है। अक्टूबर, 2024 में खुदरा महंगाई 6.25 प्रतिशत रही थी।
अक्टूबर की खुदरा महंगाई के आंकड़े आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की दो से चार दिसंबर को होने वाली बैठक से पहले महत्वपूर्ण हैं।
आरबीआई ने अक्टूबर में प्रमुख नीतिगत दर रेपो में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 5.50 प्रतिशत कर दिया था। करीब चार साल में पहली बार केंद्रीय बैंक ने दर में बढ़ोतरी की थी। इसके साथ ही उसने बढ़ती महंगाई, रुपये की कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच आगे भी दरें बढ़ाए जाने के संकेत दिए थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए