मनोरंजन

सिनेजीवन: अक्षय कुमार ने 'वक्त' फिल्म से सीखा जीवन का सबसे बड़ा सबक और ‘नागबंधम’ की रिलीज डेट आई सामने

अक्षय कुमार ने बताया कि 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम' उनकी खास फिल्मों में से एक थी और इसकी एक लाइन ने उनकी जिंदगी बदल दी थी। निर्देशक अभिषेक नामा की बहुप्रतीक्षित पौराणिक एक्शन ड्रामा फिल्म ‘नागबंधम’ अब सिनेमाघरों में आने को तैयार है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

अक्षय कुमार ने 'वक्त' फिल्म से सीखा जीवन का सबसे बड़ा सबक 

अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों रियलिटी क्विज शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' की मेजबानी करते नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने अपने शो में सभी को समय की कीमत के बारे में अच्छे तरीके से समझाया। इस दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन की साथ में की फिल्म 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम' का जिक्र करते हुए कहा कि असल जिंदगी फिल्मों की तरह नहीं होती।

अक्षय ने बताया कि 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम' उनकी खास फिल्मों में से एक थी और इसकी एक लाइन ने उनकी जिंदगी बदल दी थी। अक्षय ने कहा, "मैं आपको एक फिल्म बताता हूं, जो मेरी जिंदगी के लिए बहुत खास फिल्मों में से थी। उसका नाम था 'वक्त'। इस फिल्म में एक लाइन होती है, 'कोई बात नहीं बेटा है, सुधर जाएगा', लेकिन असलियत में ऐसा नहीं होता। हम अक्सर सोचते हैं कि कल सुधर जाएगा, बाद में कर लेंगे, लेकिन समय किसी का इंतजार नहीं करता।"

अक्षय ने आगे 'सूरज चमकते समय घास बनाने' की कहावत का भी जिक्र किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मौका मिलते ही काम कर लेना चाहिए, वरना बाद में पछतावा ही रह जाता है।

एक प्रतियोगी रोहित को संबोधित करते हुए अक्षय ने सीधे कहा, "रोहित, मैं सच बता रहा हूं बेटा, वक्त किसी का इंतजार नहीं करता।"

अक्षय ने कहा, "मैं बचपन से ही पढ़ाई में अच्छा नहीं था। इसलिए 14 साल की उम्र से ही काम करना शुरू कर दिया था, क्योंकि धीरे धीरे मुझे महसूस हुआ कि अपनी जिंदगी खुद संभालनी होगी।"

अक्षय ने अपने संदेश को एक मजबूत निष्कर्ष के साथ खत्म किया। उन्होंने कहा, "मैं सबको यह कहना चाहता हूं कि कभी यह मत सोचिए कि सही वक्त आने पर कर लेंगे। अगर कुछ करना है तो आज ही शुरू कर दो। वरना वह काम कभी नहीं हो पाएगा। समय बहुत तेजी से गुजरता है और पीछे मुड़कर देखने पर सिर्फ अफसोस रह जाता है।"

Published: undefined

मोहित सूरी ने अपनी फिल्मों में महिला किरदारों की मजबूती का बताया राज

मोहित सूरी की फिल्मों में महिला किरदार अक्सर मजबूत, संवेदनशील और कहानी की 'हीलर' या 'सेवियर' के रूप में नजर आती हैं। वे अपनी कमियों के बावजूद पुरुष किरदारों को पूरा बनाती हैं और उन्हें सही रास्ता दिखाती हैं। मोहित ने बताया कि उनकी फिल्मों की ये मजबूत महिलाएं असल जिंदगी की महिलाओं से प्रेरित हैं।

दरअसल, हाल ही में मोहित सूरी पूजा भट्ट के पॉडकास्ट में गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी उदिता गोस्वामी को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया कि वे छोटी उम्र से परिवार संभाल रही हैं।

पूजा ने पॉडकास्ट का ऑडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। इसमें पूजा ने पॉडकास्ट में मोहित से पूछा, "आपके हीरो अक्सर परेशान और भावुक होते हैं लेकिन आपकी फिल्मों की महिलाएं सुपरहीरो जैसी क्यों होती हैं? इसका स्रोत कहां से आता है?"

 मोहित ने जवाब देते हुए कहा, "पूजा, मेरी जिंदगी की महिलाओं को देखो। शायद मां के न होने की वजह से मैं महिलाओं को अलग नजरिए से देखता हूं। मैंने हमेशा मजबूत महिलाएं देखी हैं, चाहे वो तुम हो पूजा या हमारी दादी-नानी, आंटी श्रीमती सैगल, बड़ी आंटी...ये सब बहुत ताकतवर रही हैं।"

Published: undefined

राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा के 'टोस्टर' की रिलीज डेट से उठा पर्दा, जानें कब होगी स्ट्रीम?

फिल्मी दुनिया में अब ऐसी कहानियों को ज्यादा पसंद किया जा रहा है, जो मामूली कहानी को भी अनोखे अंदाज में पेश करती हो। इसी कड़ी में अब एक नई फिल्म दर्शकों के सामने आने वाली है, जो अपने दिलचस्प कॉन्सेप्ट के कारण चर्चा में है। दरअसल, अभिनेता राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की फिल्म 'टोस्टर' की रिलीज डेट से पर्दा उठ गया है।

'टोस्टर' के मेकर्स ने घोषणा की है कि यह फिल्म 15 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। 'टोस्टर' एक डार्क कॉमेडी फिल्म है, जिसमें हंसी के साथ-साथ अजीब और चौंकाने वाली घटनाएं भी देखने को मिलेंगी। खास बात यह है कि यह राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा के प्रोडक्शन हाउस 'कम्पा फिल्म' की पहली फिल्म है।

प्रोड्यूसर के तौर पर अपनी नई शुरुआत को लेकर पत्रलेखा ने कहा, ''यह मेरे लिए एक बहुत ही खास अनुभव है। नेटफ्लिक्स के साथ इस सफर की शुरुआत करना गर्व की बात है, क्योंकि यह प्लेटफॉर्म हमेशा अलग और नई तरह की कहानियों को सामने लाता है। 'टोस्टर' की कहानी मुझे काफी अलग लगी, क्योंकि इसमें ऐसी परिस्थितियों में भी हंसी दिखाई गई है, जहां आमतौर पर लोग तनाव में दिखते हैं।''

Published: undefined

‘नागबंधम’ की रिलीज डेट आई सामने, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक

निर्देशक अभिषेक नामा की बहुप्रतीक्षित पौराणिक एक्शन ड्रामा फिल्म ‘नागबंधम’ अब सिनेमाघरों में आने को तैयार है। फिल्म के निर्माताओं ने गुरुवार को आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि यह पैन-इंडिया फिल्म 3 जुलाई में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म में अभिनेता विराट कर्ण मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। प्रोडक्शन हाउस निक स्टूडियोज ने इंस्टाग्राम पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, '' तारीख तय हो गई है, 2026 की सबसे बड़ी पैन-इंडिया फिल्मों में से एक रिलीज को तैयार है। नागबंधम 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का रहस्य आपको हैरान कर देगा, आपकी सोच बदल देगा और बड़े पर्दे पर एक जबरदस्त अनुभव देगा।''

निर्देशक अभिषेक नामा का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है, जो भारत के प्राचीन विष्णु मंदिरों के छिपे रहस्यों पर आधारित है। खासतौर पर ‘नागबंधम’ की पवित्र प्रथा को केंद्र में रखकर बनाई गई यह कहानी पद्मनाभस्वामी और पुरी जगन्नाथ मंदिर जैसे दिव्य स्थानों से जुड़ी पौराणिक कथाओं और रहस्यमयी अनुष्ठानों की गहराई में उतरती है। हाल के वर्षों में इन मंदिरों में मिले खजानों की खोज से प्रेरित यह फिल्म सदियों पुराने रहस्यों को आधुनिक अंदाज में पेश करती है।

Published: undefined

दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में आमिर की फिल्म 'सितारे जमीन पर' की स्पेशल स्क्रीनिंग, अभिनेता ने जताया आभार

दिल्ली के भारत मंडपम में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के कार्यक्रम का आगाज हो चुका है और गुरुवार को समारोह का दूसरा दिन रहा। 

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में आमिर खान की फिल्म 'सितारे जमीन पर' की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई, जहां उन्हें युवा दर्शकों से बातचीत करने का मौका मिला। फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन के लिए निर्देशक अनिल कुमार रविपुडी और अभिनेत्री ऐश्वर्या राजेश भी समारोह का हिस्सा बनीं।

मीडिया से बात करते हुए आमिर खान ने बताया कि दिल्ली में पहली बार इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया है और वो बहुत खुश हैं क्योंकि उनकी फिल्म 'सितारे जमीन पर' की स्पेशल स्कीनिंग फेस्टिवल में की गई है। उन्होंने कहा, "हमारे लिए यह गर्व की बात है और यहां ज्यादातर युवा फिल्म को देखने के लिए आए हैं।"

फिल्म के ओटीटी रिलीज पर आमिर ने कहा कि वो नहीं चाहते हैं कि थिएटर रिलीज के तुरंत बाद फिल्म को ओटीटी पर रिलीज किया जाए लेकिन अब लंबा समय हो चुका है और 3 अप्रैल को फिल्म को ओटीटी पर रिलीज किया जाएगा। "मुझे उम्मीद है कि विश्वभर के लोगों का फिल्म को प्यार मिलेगा और सभी इस फिल्म का आनंद जरूर लें।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined